आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
बाबा सिद्दीकी ने कैसे कराई थी शाहरुख़ और सलमान ख़ान में सुलह
- Author, मधु पाल
- पदनाम, बीबीसी हिन्दी के लिए, मुंबई से
- प्रकाशित
- पढ़ने का समय: 6 मिनट
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और एनसीपी के दिग्गज नेता बाबा सिद्दीकी की मुंबई में गोली मारकर हत्या कर दी गई है.
मुंबई के बांद्रा इलाक़े में शनिवार शाम को उन पर हमला हुआ जिसके बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता को अस्पताल में भर्ती कराया गया.
लीलावती अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद से ही महाराष्ट्र की सियासत और मुंबई की फ़िल्मी नगरी बॉलीवुड में हड़कंप मच गया है.
बाबा सिद्दीकी का बॉलीवुड फ़िल्मी कलाकारों के साथ बहुत गहरा रिश्ता था. उनके निधन पर बॉलीवुड के कई कलाकारों ने अपना दुख जताया है.
अभिनेता सलमान ख़ान बिग बॉस सीज़न 18 की शूटिंग कर रहे थे जैसे ही उन्हें ये ख़बर मिली वो शूटिंग बीच में ही रोक कर लीलावती अस्पताल में सिद्दीकी परिवार से मुलाक़ात करने पहुंचे.
वहीं अभिनेता संजय दत्त और शिल्पा शेट्टी भी परिवार से मिलने अस्पताल में पहुंचे.
बॉलीवुड में थी गहरी पहचान
बाबा सिद्दीकी का नाम राजनीतिक गलियारों में तो था ही लेकिन बॉलीवुड में भी उनकी पहचान बहुत गहरी थी.
बाबा सिद्दीकी मुंबई के पहले ऐसे नेता थे जिन्होंने बहुत बड़े जश्न के तौर पर इफ़्तार पार्टी का आयोजन शुरू किया.
वैसे इफ़्तार पार्टियां तो बहुत हुआ करती थीं लेकिन बाबा सिद्दीकी की इफ़्तार पार्टी बहुत बड़ी हुआ करती थी.
हमेशा से जिस तरह से बॉलीवुड के लिए फ़िल्मफ़ेयर अवॉर्ड महत्वपूर्ण रहा करता है वैसे ही हमेशा से बाबा सिद्दीकी की इफ़्तार पार्टी हुआ करती थी.
इस इफ़्तार पार्टी का हिस्सा बनना कलाकारों के रसूख को दर्शाता था. इस पार्टी में हर बड़े से बड़े कलाकार शामिल हुआ करते थे. सिर्फ फ़िल्मी कलाकार ही नहीं, हर बड़ा व्यापारी, मंत्री सब इस इफ़्तार पार्टी का हिस्सा हुआ करते थे.
बॉलीवुड से बाबा सिद्दीकी का रिश्ता
बाबा सिद्दीकी के बारे में पूरे साल में कोई ख़बर सुनाई दे या न दे लेकिन जब रमज़ान का महीना आता था तो वो चर्चा में ज़रूर रहते था.
बाबा सिद्दीकी का रिश्ता बॉलीवुड से कैसे जुड़ा?
इस पर बीबीसी हिंदी से बात करते हुए वरिष्ठ पत्रकार डॉक्टर रामचंद्रन श्रीनिवासन कहते हैं, "शुरुआती दौर में बाबा की राजनीतिक कर्मभूमि बांद्रा थी. ये वही जगह है जहां अधिकतर फ़िल्मी हस्तियों के घर हैं. तब वो पॉलिटिकल करियर बना रहे थे. उसी समय उनकी मुलाक़ात सुनील दत्त से हुई."
“बाबा सिद्दीकी और सुनील दत्त साहब के बीच बहुत अपनापन था. यही अपनापन सुनील दत्त साहब के बेटे संजय दत्त के साथ भी था. संजय दत्त अक्सर बॉलीवुड की पार्टियों से ग़ायब रहते हैं लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ कि उन्होंने बाबा सिद्दीकी की इफ़्तार पार्टी में जाना कभी छोड़ा हो."
वो कहते हैं, "जेल से जब भी संजय दत्त बाहर आये तो उन्होंने उसके बाद कोई पहली पार्टी अटेंड की तो वो बाबा सिद्दीकी की इफ़्तार पार्टी ही थी.”
सलमान ख़ान और बाबा सिद्दीकी की दोस्ती
सलमान और बाबा की दोस्ती बेहद पुरानी है. और यही वजह है कि ये दोनों कई सामाजिक सरोकार के मुद्दों के दौरान साथ आए.
साल 2020 और 2021 में हुए कोरोना लॉकडाउन के दौरान भी सलमान की टीम ने बाबा के बेटे ज़ीशान सिद्दीकी के साथ मिलकर ज़रूरतमंद लोगों की मदद का इंतज़ाम किया था.
इतना ही नहीं उस दौरान उन्होंने साथ मिलकर ऑक्सीजन से जूझते लोगों तक भी मदद पहुंचाई थी.
सलमान के बुरे वक़्त में भी बाबा ने उनका साथ दिया. सलमान जब हिट एंड रन केस और काला हिरण मामले को लेकर परेशानी में पड़े, बाबा सिद्दीकी उनके साथ खड़े थे.
जब भी सलमान ख़ान के केस की सुनवाई होती तो उस दौरान बाबा सिद्दीकी या तो कोर्ट रूम में उनके पास होते थे या फिर परिवार के साथ खड़े रहते थे.
अभी जब सलमान ख़ान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने जान से मारने की धमकी दी थी तब भी बाबा ने इस पर अपना अफ़सोस जताया था.
उन्होंने सलमान को जान से मारने की धमकी देने वालों को पकड़ने की मांग की थी.
सलमान और शाहरुख़ की करवाई थी दोस्ती
बाबा सिद्दीकी ने साल 2013 में हुई इफ़्तार पार्टी में सलमान और शाहरुख़ दोनों को बुलाया था.
आज सलमान और शाहरुख़ एक साथ दिखते हैं तो इसमें कोई चौंकने वाली बात नहीं रहती लेकिन एक दौर ऐसा भी था जब ये दोनों एक दूसरे से मिलना भी पसंद नहीं करते थे.
तक़रीबन पांच साल से उनकी आपसी बातचीत बंद रही और ना ही कोई काम साथ में किया था.
लेकिन सलमान और शाहरुख़ की पांच साल पुरानी दुश्मनी को बाबा सिद्दीकी ने 2013 की इफ़्तार पार्टी में दोनों को गले लगवाकर खत्म करया था.
वरिष्ठ पत्रकार निशांत भूसे ने बताया, "बाबा सिद्दीकी ही थे जिन्होंने हिट एंड रन के मामले में सलमान ख़ान की पूरी मदद की. सलमान को जब भी कोई ख़तरा हुआ तो उनकी सिक्युरिटी का भी बंदोबस्त किया."
"सलमान ख़ान ने जब हॉस्पिटल जाकर बाबा की बॉडी देखी तो वो फूट फूट कर रोने लगे. बाबा की बेटी और पत्नी को संभाला."
निशांत भूसे आगे कहते हैं, "बाबा के साथ जो हुआ उसके बाद सलमान ख़ान की सिक्योरिटी और बढ़ा दी जाएगी."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित