आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
पेरिस ओलंपिक: खिलाड़ियों के हुनर की कुछ दिलकश तस्वीरें
ऊपर लगी तस्वीर आपने पिछले दो दिनों में किसी न किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर देखी होगी.
ये तस्वीर बीते दो दिनों से ख़ूब वायरल है और कई लोग इसे फ़ेक और एआई जनरेटेड भी बता रहे हैं.
पेरिस ओलंपिक को शुरू हुए एक सप्ताह गुज़र चुका है और इसे 11 अगस्त तक चलना है.
इसी बीच ब्राज़ील के एक सर्फ़र गैब्रियल मेदीना की ये तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल है.
दरअसल, इस तस्वीर में गैब्रियल समुद्री लहरों से भी ऊपर हवा में दिख रहे हैं. वो अपनी उंगली से आसमान की ओर इशारा कर रहे हैं.
उनके पैरों के नीचे न लहर है और न कुछ और. एक पल को ऐसा लगता है कि वह हवा में उड़ रहे हैं.
हालांकि, पेरिस ओलंपिक से कई ऐसी तस्वीरें आ रही हैं जो लोगों के ज़हन में बस गई हैं या बस सकती हैं.
एक नज़र...
ब्राज़ील के सर्फ़र की वायरल तस्वीर
सोमवार को मेंस सर्फ़िंग में 9.90 सिंगल वेव स्कोर के रिकॉर्ड को तोड़ने के बाद ब्राज़ील के सर्फ़र गैब्रियल मेदीना के जश्न मनाते हुए उनकी तस्वीर खींची गई.
ये तस्वीर समाचार एजेंसी एएफ़पी के लिए काम करने वाले फ़ोटोग्राफ़र जेरोम ब्रूलेट ने खींची है.
तस्वीर के वायरल होने के बाद ब्रूलेट ने बताया कि ये फोटो किस्मत, अनुभव और पहले से की गई तैयारी का मिला-जुला परिणाम था.
उन्होंने अमेरिका में बीबीसी के सहयोगी सीबीएस से बातचीत के दौरान ये बताया कि उन्हें इस बारे में पहले से ही ये अनुमान था कि मेदिना सफलतापूर्वक राइड पूरी करने के बाद क्या कर सकते हैं.
ब्रूलेट ने कहा, "गैब्रियल पहले भी सफल होने पर अपनी सर्फ़िंग के आख़िर में ऐसे हाव-भाव दिखाते रहे हैं."
"मेरी नज़र लहरों पर उनके इस तरह के हाव-भाव बनाने पर थी लेकिन जब मैंने उन्हें देखा तो बस बटन दबा दिया. मैंने छह-सात शॉट्स लिए. मैं एक सेकेंड में 10 शॉट्स ले रहा था. मैंने शॉट्स देखे और उनमें से दो को सिलेक्ट कर लिया. उनमें से दूसरा शॉट ये तस्वीर थी."
उन्होंने बताया कि ये तस्वीर पब्लिश होते ही वायरल हो गई और उनका फ़ोन लोगों के मेसेजों से भर गया. सोशल मीडिया पर भी ढेरों कमेंट्स आए, जिनमें से कई लोगों ने इस तस्वीर को फोटोशॉप्ड बताया और कई लोगों ने इस दावे को ख़ारिज किया.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)