आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
दक्षिण अफ़्रीका ने कोलकाता टेस्ट मैच में भारत को 30 रन से हराया
कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच में दक्षिण अफ़्रीका ने रविवार को भारत को 30 रनों से हरा दिया.
तीसरे दिन दूसरी पारी में दक्षिण अफ़्रीका ने भारत के आगे जीते के लिए 124 रनों का लक्ष्य रखा था. लेकिन भारत की टीम 93 रनों पर ऑलआउट हो गई.
भारत की ओर से दूसरी पारी में सबसे अधिक 31 रन वॉशिंगटन सुंदर ने बनाए.
वहीं दक्षिण अफ़्रीका की ओर से सबसे अधिक चार विकेट सिमोन हार्मर ने लिए. इसके अलावा मार्को येनसेन और केशव महाराज ने दो-दो विकेट और एडन मार्करम ने एक विकेट लिया.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.
भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच पहला टेस्ट मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला गया.
दक्षिण अफ़्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया था.
पहली पारी में दक्षिण अफ़्रीका 159 रनों पर ऑलआउट हो गई थी. वहीं भारत ने पहली पारी में 189 रन बनाए थे. भारत को 30 रनों की बढ़त हासिल थी.
दूसरी पारी में दक्षिण अफ़्रीका 153 रनों पर ऑलआउट हो गई और भारत को 124 रनों का लक्ष्य दिया.
इस लक्ष्य का पीछा करते हुए दूसरी पारी में भारत की टीम केवल 93 रनों में ही सिमट गई और दक्षिण अफ़्रीका ने 30 रनों से पहला टेस्ट जीत लिया.
दक्षिण अफ़्रीका की टीम फिलहाल भारत दौरे पर है और दोनों टीमें 19 दिसंबर तक दो टेस्ट मैचों, तीन एकदिवसीय मैचों और पांच टी20 मैचों की सिरीज़ खेलने वाली हैं.
पहली पारी
पहली पारी में दक्षिण अफ़्रीका के लिए सबसे अधिक 31 रन एडन मार्करम ने बनाए. वहीं वियान मल्डर और टोनी डीज़ॉर्ज़ी ने 24-24 रन और रायन रिकेलटन ने 23 बन बनाए.
मार्को येनसेन और केशव महाराज बिना खाता खोले पवेलियन लौटे जबकि कॉर्बिन बॉश और टेम्बा बवूमा ने तीन-तीन रन बनाए. वहीं सिमोन हार्बर ने मात्र पांच रन बनाए.
पहली पारी में भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने पांच विकेट चटकाए. वहीं मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव ने दो-दो और अक्षर पटेल ने एक विकेट झटका.
भारत की तरफ़ से पहली पारी में सर्वाधिक 39 रन केएल राहुल ने बनाए. वहीं वॉशिंगटन सुंदर ने 29 रन और ऋषभ पंत और रविन्द्र जडेजा ने 27-27 रन बनाए.
वहीं कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह केवल एक-एक रन ही बना सके.
इसी मैच के दौरान शुभमन गिल चोटिल हो गए थे और इस वजह से दूसरी पारी में भी बल्लेबाज़ी नहीं कर पाए.
बीसीसीआई ने बयान जारी कर बताया है कि टेस्ट के दूसरे दिन बल्लेबाज़ी करते समय शुभमन गिल को गर्दन में चोट लग गई थी जिसके बाद अब वो आगे मैच में हिस्सा नहीं लेंगे.
बयान के मुताबिक़ गिल ने अपनी पारी की तीसरी ही गेंद पर स्क्वायर लेग के ऊपर से चौका जड़ा था, लेकिन शॉट पूरा करने के तुरंत बाद उन्होंने अपनी गर्दन पकड़ ली.
मैदान से बाहर जाने से पहले फिज़ियो को आगे की जांच के लिए बुलाया गया और बाद में खेल समाप्त होने के बाद गिल को अस्पताल ले जाया गया.
बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनके स्वास्थ्य की निगरानी जारी रखेगी.
दक्षिण अफ़्रीका के लिए कॉर्बिन बॉश, सिमोन हार्मर और मार्को येनसेन ने चार-चार विकेट लिए.
हालांकि भारतीय टीम पहली पारी में 30 रन की बढ़त हासिल करने में कामयाब हुई थी.
दूसरी पारी
दक्षिण अफ़्रीका दूसरी पारी में भी बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाई. दक्षिण अफ़्रीका ने दूसरी पारी में 153 रन बनाए. दक्षिण अफ़्रीका की टीम की तरफ से कप्तान टेम्बा बवूमा ने नाबाद 55 रन बनाए.
टीम का कोई और खिलाड़ी 25 रन के आंकड़े को पार नहीं कर सका.
कॉर्बिन बॉश ने 25 रन, मार्को येनसेन ने 13 रन और रायन रिकेलटन और वियान मल्डर ने 11-11 रन बनाए.
दूसरी पारी में भी केशव महाराज खाता नहीं खोल सके और मोहम्मद सिराज की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए.
भारत के लिए रविन्द्र जडेजा ने तीन टिकेट और जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट लिए.
जीत के लिए 124 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद ख़राब रही.
भारत की पारी शुरू हुई तो यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल के विकेट एक के बाद एक गिरते चले गए और एक समय भारत की टीम का स्कोर चार विकेट खोकर 38 रन था.
भारत की तरफ से सर्वाधिक 31 रन बटोरे वॉशिंगटन सुंदर ने. उनके बाद सबसे अधिक 26 रन बनाए अक्षर पटेल ने.
दूसरी पारी में यशस्वी जायसवाल, मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह एक भी रन नहीं ले सके. केएल राहुल और कुलदीप यादव केवल एक-एक रन बटोर सके जबकि ऋषभ पंत मात्र दो रन बनाकर हार्मर की गेंद पर कैच आउट हो गए.
दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को दो मैचों की सिरीज के पहले मुकाबले में हराकर 1-0 की बढ़त बना ली है.
दूसरा टेस्ट मैच 22 नवंबर से गुवाहाटी में खेला जाएगा.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.