वैश्विक आउटेज के बाद माइक्रोसॉफ़्ट ने मांफ़ी मांगी, बताया तकनीकी दिक्क़त ख़त्म करने की कोशिश कहां तक पहुंची

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 6 मिनट

माइक्रोसॉफ़्ट ने 'आउटलुक' और 'टीम्स' सहित अपने उत्पादों की सेवाओं में आई रुकावट के लिए "गहरा खेद" जताया है. इस आउटेज के कारण दुनियाभर में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

समस्याएं शुरू होने के लगभग 24 घंटे बाद कंपनी ने कहा कि वह "उत्साहजनक प्रगति" कर रहा है, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि उसे नहीं पता कि सभी सेवाएं पूरी तरह से कब तक बहाल हो पाएंगी.

इस आउटेज का असर 70 से अधिक देशों में देखने को मिला. इसके कारण व्यावसायिक गतिविधियों, सरकारी सेवाओं और व्यक्तिगत उपयोगकर्ताओं के कामकाज में बाधा आई. दुनियाभर में 43 करोड़ से अधिक लोग माइक्रोसॉफ़्ट के प्रभावित उत्पादों का इस्तेमाल करते हैं.

माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि यह समस्या "नेटवर्क क्षमता को अपग्रेड करने" के दौरान आई तकनीकी गड़बड़ी के कारण हुई थी. कंपनी ने स्पष्ट किया कि इसका किसी साइबर हमले या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एजेंट से कोई संबंध नहीं था.

माइक्रोसॉफ़्ट के सर्वर गुरुवार से तकनीकी समस्या शुरू हो गई थी. इसकी वजह से आउटलुक की लोकप्रिय ईमेल सेवा समेत कंपनी के कई ऑनलाइन प्रोग्राम पर असर पड़ा.

इस पर माइक्रोसॉफ़्ट ने गुरुवार को कहा कि टीम्स, आउटलुक और एआई सॉफ़्टवेयर कोपायलट पर दुनिया भर में आई तकनीकी ख़राबी के बाद अब हालात में सुधार हो रहा है. ईमेल भेजने और मिलने में आ रही परेशानी अब धीरे-धीरे कम हो रही है.

समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक़, तकनीकी समस्या शुरू होने के कई घंटे बाद भी आउटलुक ईमेल, टीम्स मैसेजिंग ऐप और माइक्रोसॉफ़्ट 365 की दूसरी सेवाएं ठप रहीं.

इससे पहले कंपनी ने चेतावनी दी थी कि जिन सेवाओं को दोबारा शुरू किया गया है, उन पर ट्रैफ़िक बढ़ने से वे फिर से काम करना बंद कर सकती हैं.

कंपनी ने पहले एक्स पर एक बयान में कहा था, "यह समस्या किसी भी क्षेत्र के यूज़र्स के लिए माइक्रोसॉफ़्ट 365 सेवा से कनेक्ट होने में परेशानी पैदा कर सकती है."

कंपनी ने आगे कहा, "कई सर्वर अचानक ऑफ़लाइन हो गए हैं, जिससे बाकी इंफ़्रास्ट्रक्चर पर ज़रूरत से ज़्यादा दबाव पड़ रहा है. हम उन्हें सुरक्षित तरीक़े से दोबारा शुरू करने के लिए काम कर रहे हैं."

इस तकनीकी समस्या जिसे आउटेज कहा जाता है, से भारत और चीन समेत कई देश बुरी तरह प्रभावित हुए.

भारत पर असर

मुंबई स्थित बीबीसी संवाददाता रचित प्रसाद के अनुसार, भारत में स्थानीय समय के मुताबिक़ सुबह 11 बजे के बाद भी आउटेज की वजह से कई लोगों का काम प्रभावित हुआ. ईमेल नहीं पहुंच रहे और टीम्स पर कॉल भी ठीक से नहीं हो पा रही थी.

इक्विटी मार्केट से जुड़े कुछ लोगों ने गुरुवार को बताया कि जब उन्हें पता चला कि वे सुबह की मीटिंग से पहले रोज़ाना की रिसर्च रिपोर्ट नहीं देख पा रहे हैं, तो वे घबरा गए. इसी मीटिंग में वे दिन के अहम फ़ैसले लेते हैं.

भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने कहा कि माइक्रोसॉफ़्ट की सेवाओं में आई रुकावट का असर उसकी ईमेल सपोर्ट सेवाओं पर भी पड़ा.

देश के घरेलू विमानन बाज़ार में 60 फ़ीसदी से ज़्यादा हिस्सेदारी रखने वाली इंडिगो ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि उसे ईमेल नहीं मिल रहे हैं. एयरलाइन ने यात्रियों से मदद के लिए दूसरे माध्यमों का इस्तेमाल करने की अपील की.

वहीं, देश की दूसरी सबसे बड़ी एयरलाइन एअर इंडिया ने इस मौक़े का इस्तेमाल अपनी उड़ानों के प्रचार के लिए किया.

एअर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "ईमेल इंतज़ार कर सकते हैं. दुनिया पहले ही काफ़ी इंतज़ार कर चुकी है. इसे कहीं घूमने जाने की योजना बनाने का इशारा समझिए."

माइक्रोसॉफ़्ट 365 ऐप्स के 43 करोड़ ग्राहक

माइक्रोसॉफ़्ट के एक प्रवक्ता ने रॉयटर्स को बताया था कि यह समस्या मुख्य रूप से एक्सचेंज ऑनलाइन में है. यह वह माइक्रोसॉफ़्ट 365 के मेलबॉक्स को मैनेज करने वाली सर्विस है.

माइक्रोसॉफ़्ट 365 प्लेटफ़ॉर्म कई सेवाओं को सपोर्ट करता है. इनमें आउटलुक, ऑफ़िस सुइट, कोपायलट चैटबॉट और टीम्स इंस्टेंट मैसेजिंग सेवा शामिल हैं.

माइक्रोसॉफ़्ट की वेबसाइट के मुताबिक़, 43 करोड़ से ज़्यादा लोग माइक्रोसॉफ़्ट 365 ऐप्स का इस्तेमाल करते हैं. फ़ॉर्च्यून 500 कंपनियों में से 90 फ़ीसदी से ज़्यादा कोपायलट का इस्तेमाल करती हैं.

आउटेज पर नज़र रखने वाले प्लेटफ़ॉर्म के मुताबिक़, माइक्रोसॉफ़्ट 365 का इस्तेमाल करने वाली कंपनियों की संख्या 30 लाख से 40 लाख के बीच है.

भारतीय समय के अनुसार, गुरुवार को रात साढ़े 11 बजे के आसपास आउटलुक में परेशानी की शिकायतें दुनिया भर में बढ़कर क़रीब 1 लाख 40 हज़ार तक पहुंच गईं. यह सामान्य स्तर से 2,000 गुना से भी ज़्यादा था.

डाउनडिटेक्टर के मुताबिक़, गुरुवार को रात 9.45 बजे के कुछ ही देर बाद पहली शिकायतें दर्ज की गई थीं.

बड़े पैमाने पर सेवाएं ठप हुईं

बीबीसी मुंडो के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया के गृह मामलों और साइबर सुरक्षा मंत्री टोनी बर्क ने कहा कि उन्होंने अपने देश में माइक्रोसॉफ़्ट के प्रतिनिधियों से बात की है. उनके मुताबिक़, कंपनी के प्रतिनिधि इसे साइबर हमले की घटना नहीं मानते.

बर्क ने गुरुवार को पत्रकारों से कहा, "उनका मानना है कि यह स्थिति कुछ हद तक वैसी ही है, जैसी हमने क्राउडस्ट्राइक के मामले में देखी थी. यानी एक अपडेट में गड़बड़ी हो गई."

उन्होंने कहा कि इस समस्या का असर "मुख्य रूप से ईमेल सिस्टम पर पड़ रहा है."

माइक्रोसॉफ़्ट ने अपनी सेवाओं में आई इस रुकावट की वजह कई क्षेत्रों में अपने इंफ़्रास्ट्रक्चर पर "बहुत ज़्यादा दबाव" को बताया है.

इसका मतलब है कि उसके सर्वर अपनी सामान्य क्षमता से ज़्यादा काम कर रहे हैं.

विंडोज़ बनाने वाली कंपनी ने एक्स पर बताया कि समस्या ट्रैफ़िक बढ़ने की वजह से नहीं हुई है. इसके बजाय कई सर्वर "अचानक ऑफ़लाइन" हो गए, जिससे बाकी इंफ़्रास्ट्रक्चर पर ज़रूरत से ज़्यादा दबाव पड़ गया.

इस आउटेज का असर ओपनएआई और एंथ्रोपिक के आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस प्लेटफ़ॉर्म की सेवाओं पर भी पड़ रहा है.

न्यूज़ीलैंड की कंसल्टिंग फ़र्म गोरिल्ला टेक्नोलॉजी के पॉल स्पेन ने कहा कि अगर यह साइबर हमला नहीं है, तो यह 'अविश्वसनीय स्तर की लापरवाही' का मामला है. इसका आर्थिक असर लाखों डॉलर तक हो सकता है.

उन्होंने कहा कि ईमेल और दूसरी सेवाएं उपलब्ध नहीं होने की वजह से कंपनियों का 'लगभग एक दिन का कारोबार प्रभावित हुआ है.'

सेवाओं को बहाल करने की कोशिश

माइक्रोसॉफ़्ट ने इससे पहले बताया था कि वह सेवाओं को बहाल करने के लिए "एक वैकल्पिक तरीक़े" पर काम कर रही है.

कंपनी ने कहा, "अब हम इस बदलाव को बड़े स्तर पर लागू कर रहे हैं. इसके साथ ही हम ऑटोमेटेड रिकवरी सिस्टम भी तैयार कर रहे हैं. ये सिस्टम लगातार ऐसे सर्वर की पहचान करेंगे, जो जवाब देना बंद कर चुके हैं, और उन्हें दोबारा शुरू करेंगे. इससे बदलाव लागू होने के दौरान सेवाओं को स्थिर बनाए रखने में मदद मिलेगी."

कंपनी ने दिन में पहले घोषणा की थी कि उसने टीम्स में आई उस तकनीकी समस्या को ठीक कर लिया है, जिससे उत्तर अमेरिका के यूज़र्स प्रभावित हुए थे. कंपनी के मुताबिक़, यह समस्या पूरी तरह ठीक हो गई थी.

बाद में कंपनी ने बताया कि इस समस्या का असर दूसरे क्षेत्रों के यूज़र्स के लिए भी माइक्रोसॉफ़्ट 365 सेवा से कनेक्ट होने पर पड़ सकता है.

चैटजीपीटी चलाने वाली कंपनी ओपनएआई ने कहा कि वह माइक्रोसॉफ़्ट कनेक्टर्स से जुड़ी एक समस्या की जांच कर रही है.

इसकी वजह से नए कनेक्शन प्रभावित हो सकते हैं और टूल्स उम्मीद के मुताबिक़ काम नहीं कर सकते.

वहीं, एंथ्रोपिक ने कहा कि उसने एक बड़े सर्विस प्रोवाइडर से जुड़ी समस्या की पहचान की है, जिसका असर उसके माइक्रोसॉफ़्ट 365 कनेक्टर पर पड़ रहा है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.