आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
पूरा टूथब्रश निगल गया शख़्स, जानिए डॉक्टरों ने बिना सर्जरी कैसे निकाला
- Author, ओंकार करम्बेलकर
- पदनाम, बीबीसी मराठी संवाददाता
- प्रकाशित
- पढ़ने का समय: 8 मिनट
ब्रश करते समय हाथ से फिसलकर टूथब्रश सीधे पेट में चला जाए, तो यह सुनने में अजीब लग सकता है. लेकिन वास्तव में ऐसी एक घटना हुई है.
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के पेण तालुका के शिरवली गांव के रहने वाले राजेंद्र मालुसरे के साथ ऐसी ही एक दुर्लभ घटना हुई. इसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.
50 साल के राजेंद्र मालुसरे ऑटो रिक्शा चालक हैं.
शुरुआती जांच में टूथब्रश दिखाई नहीं दिया. हालांकि, एंडोस्कोपी जांच में इसकी पुष्टि हुई कि टूथब्रश पेट में फंसा हुआ है.
19 सेंटीमीटर लंबे इस टूथब्रश को बिना किसी सर्जरी के एंडोस्कोपी के जरिए बाहर निकाल लिया गया. इलाज के कुछ ही घंटों बाद वह घर लौट आए.
एंडोस्कोपी एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें मुंह के रास्ते कैमरे वाली एक पतली और लचीली ट्यूब शरीर के अंदर डाली जाती है.
इसके जरिए भोजन नली, पेट और पाचन तंत्र के अंदरूनी हिस्सों की जांच की जाती है. इस प्रक्रिया से पाचन तंत्र में फंसी चीजों को बिना सर्जरी के बाहर भी निकाला जा सकता है.
ब्रश करने के दौरान क्या हुआ
पेण के रहने वाले राजेंद्र मालुसरे रोज की तरह उस दिन सुबह ब्रश कर रहे थे. तभी ग़लती से टूथब्रश गले के रास्ते अंदर चला गया. इसके बाद उन्होंने पास के एक डॉक्टर से संपर्क किया.
एक्स-रे जांच में टूथब्रश दिखाई नहीं दिया. इसलिए आगे की जांच के लिए उन्हें नवी मुंबई के एक अस्पताल भेजा गया.
वहां की गई एंडोस्कोपी जांच में पता चला कि पूरा टूथब्रश पेट में फंसा हुआ है. कई बार लोग ग़लती से किसी फल के बीच या कोई अन्य चीज़ निगल जाते हैं, लेकिन टूथब्रश को निगल जाने की यह घटना काफ़ी दुर्लभ है.
मेडिकवर अस्पताल के गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट, हेपेटोलॉजिस्ट और एंडोस्कोपी विशेषज्ञ डॉक्टर रावसाहेब राठौड़ की अगुवाई वाली टीम ने इस चुनौतीपूर्ण इलाज को सफलतापूर्वक पूरा किया.
19 सेंटीमीटर लंबा टूथब्रश
टूथब्रश निगलने के क़रीब 3 से 4 घंटे बाद मालुसरे को पेट में हल्का दर्द होने लगा. एंडोस्कोपी जांच में पुष्टि हुई कि 19 सेंटीमीटर लंबा टूथब्रश उनके पेट में मौजूद था.
डॉक्टरों ने बताया कि टूथब्रश जैसी लंबी और कठोर चीज के पाचन तंत्र से प्राकृतिक रूप से बाहर निकलने की संभावना बहुत कम होती है.
ऐसी चीजें भोजन नली या पाचन तंत्र के संकरे हिस्सों में फंस सकती हैं. इससे अंदरूनी चोट, पाचन तंत्र में रुकावट या आंत में छेद जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं.
इस मरीज की एंडोस्कोपी से की गई प्रक्रिया क़रीब 30 मिनट तक चली. टूथब्रश पेट में आड़ा फंसा हुआ था. इसलिए उसे पकड़कर भोजन नली के घुमावदार हिस्सों से सुरक्षित बाहर निकालना बड़ी चुनौती थी.
इलाज के दौरान टूथब्रश पेट और भोजन नली के जुड़ने वाले हिस्से में फंस गया. इसके बाद गले के संकरे हिस्से से उसे बाहर निकालने के लिए भी काफ़ी सावधानी बरतनी पड़ी. कई बार कोशिश करने के बाद डॉक्टर बिना सर्जरी के पूरे टूथब्रश को मुंह के रास्ते बाहर निकालने में सफल रहे.
टूथब्रश निकालने के बाद दोबारा एंडोस्कोपी की गई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि भोजन नली या पाचन तंत्र में कोई चोट नहीं आई है. कुछ समय तक निगरानी में रखने के बाद मरीज की हालत सामान्य पाई गई. इसके बाद उन्हें उसी दिन घर जाने की अनुमति दे दी गई.
हालांकि, हमने डॉक्टर रावसाहेब राठौड़ से पूछा कि जब मालुसरे का सबसे पहले एक्स-रे किया गया था, तब उसमें निगला हुआ टूथब्रश क्यों दिखाई नहीं दिया.
उन्होंने बताया, "प्लास्टिक की चीजें आमतौर पर एक्स-रे की तस्वीरों में साफ़ दिखाई नहीं देती हैं. हड्डियां और धातु जैसी चीजें ही एक्स-रे में अक्सर साफ़ नज़र आती हैं. प्लास्टिक जैसी चीजें कई बार एक्स-रे में दिखाई नहीं देतीं."
"इसलिए सिर्फ एक्स-रे के नतीजों के आधार पर यह तय नहीं किया जा सकता कि कोई चीज शरीर के अंदर नहीं है. अगर मरीज पक्के तौर पर कहता है कि उसने कोई चीज निगल ली है या इसके बाद उसे परेशानी हो रही है, तो आगे की जांच ज़रूरी है. इस मरीज के मामले में एंडोस्कोपी करने के बाद ही पता चला कि पूरा टूथब्रश पेट के अंदर मौजूद था. इसलिए ऐसी घटनाओं में मरीज की मेडिकल हिस्ट्री और लक्षण महत्वपूर्ण होते हैं."
एंडोस्कोपी क्यों?
डॉक्टर राठौड़ ने बताया, "मरीज की जांच करने के बाद यह साफ़ हो गया था कि टूथब्रश पेट में मौजूद है. इसके बाद हमने एंडोस्कोपी के जरिए उसे बाहर निकालने का फैसला किया."
"एंडोस्कोपी में मुंह के रास्ते एक लचीली ट्यूब शरीर के अंदर डाली जाती है. इसके अगले हिस्से में कैमरा होता है, जिससे पाचन तंत्र के अंदरूनी हिस्से को देखा जा सकता है. इस प्रक्रिया में खास उपकरणों की मदद से फंसी हुई चीज को पकड़कर बाहर निकाला जा सकता है. इस मामले में एंडोस्कोप के अगले हिस्से में एक खास उपकरण लगाकर टूथब्रश का एक सिरा पकड़ा गया."
उन्होंने आगे कहा, "इसके बाद उसे सही तरीके से बाहर निकालने की कोशिश की गई. मरीज की हालत और टूथब्रश के फंसे होने की जगह को देखते हुए एंडोस्कोपी से इलाज करना संभव था. इसलिए सर्जरी की जरूरत नहीं पड़ी. हालांकि, ऐसा फैसला लेने से पहले चीज की स्थिति, पाचन तंत्र की हालत और मरीज की पूरी स्वास्थ्य स्थिति की जांच करना ज़रूरी है."
ब्रश को निकालना कितना मुश्किल था
टूथब्रश को मुंह के रास्ते बाहर निकालने की कोशिश के दौरान मेडिकल टीम को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा. एंडोस्कोप के अगले हिस्से में एक खास उपकरण लगाकर टूथब्रश का एक सिरा पकड़ा गया. लेकिन वह पेट और भोजन नली के जुड़ने वाली जगह पर फंस गया.
मरीज के शरीर की स्थिति बदलकर और बार-बार कोशिश करके उसे आगे बढ़ाया गया. इसके बाद वह गले के संकरे हिस्से में भी फंस गया. टूथब्रश के मुड़ नहीं पाने की वजह से इस प्रक्रिया को बेहद सावधानी से पूरा करना पड़ा.
डॉक्टर राठौड़ ने बताया, "टूथब्रश बाहर निकालने के बाद दोबारा एंडोस्कोपी की गई. इस जांच में भोजन नली के ऊपरी और निचले हिस्सों की जांच की गई."
"जांच में कोई गंभीर चोट नहीं मिली. इसके बाद मरीज को कुछ समय तक निगरानी में रखा गया. जब उसकी हालत सामान्य होने की पुष्टि हो गई, तो तीन से चार घंटे के भीतर ही उसे घर जाने की अनुमति दे दी गई."
ब्रश कैसे चला गया अंदर
इस घटना के बारे में बीबीसी मराठी ने राजेंद्र मालुसरे से संपर्क किया और उनसे उस दिन हुई घटना के बारे में पूछा.
उन्होंने बताया, "ब्रश करने के बाद टूथब्रश से जीभ साफ़ करना मेरी आदत है. ऐसा करते समय ब्रश हाथ से फिसलकर अंदर चला गया. उस समय गले में भी चोट लगी थी. इसलिए मुझे लगा कि वह गले में ही फंसा होगा. लेकिन बाद में पता चला कि वह पेट के अंदर यानी आमाशय में चला गया था."
"शुरुआत में ब्रश अंदर फंस जाने की वजह से मुझे डर था कि कहीं सांस लेने में परेशानी न होने लगे. लेकिन मैं तुरंत डॉक्टर के पास चला गया. पेण में इलाज संभव नहीं था, इसलिए मैं नवी मुंबई के खारघर गया. मुझे लगा था कि सर्जरी करनी पड़ेगी. लेकिन एंडोस्कोपी के जरिए इलाज किया गया. उसी दिन मुझे घर भेज दिया गया."
डॉक्टर की सलाह
इस घटना को देखते हुए हमने डॉक्टर राठौड़ से पूछा कि आम लोगों को इससे क्या ज़रूरी बात समझनी चाहिए.
उन्होंने कहा, "सबसे ज़रूरी यह है कि ब्रश करते समय जल्दबाज़ी नहीं करनी चाहिए. मुंह में टूथब्रश होने पर बात करने, हंसने या दूसरे कामों में व्यस्त रहने से बचना चाहिए. खासकर टूथब्रश को मुंह के अंदर ज्यादा गहराई तक ले जाकर ब्रश नहीं करना चाहिए."
"अगर ग़लती से टूथब्रश या कोई दूसरी बड़ी चीज निगल जाएं, तो तुरंत अस्पताल जाना चाहिए."
डॉक्टर राठौड़ ने एक और सलाह दी. उन्होंने कहा, "ऐसी स्थिति में खुद से उल्टी करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. खाना खाकर उस चीज को नीचे धकेलने की कोशिश भी नहीं करनी चाहिए. इससे भोजन नली में चोट लग सकती है या वह चीज और ज़्यादा कसकर फंस सकती है."
"शुरुआत में दर्द कम होने के बावजूद अंदरूनी चोट या दूसरी जटिलताओं की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. इसलिए समय रहते समस्या का पता लगाना और सही इलाज कराना बेहद ज़रूरी है."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.