आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
अंडर-19 एशिया कप: रोमांचक मैच में भारत ने पाकिस्तान को हराकर जीता ख़िताब
भारत ने अंडर-19 एशिया कप के फ़ाइनल में पाकिस्तान को हराकर ख़िताब अपने नाम कर लिया.
अल अमीरात में शनिवार को खेले गए रोमांचक ख़िताबी मुक़ाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 337 रन बनाए थे.
जवाब में भारतीय टीम ने 50 ओवर में 339 बनाकर जीत दर्ज कर ली.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की ओर से कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने 80 रन और आर्यवीर सहवाग ने 58 रन की शानदार पारियां खेलीं.
दोनों बल्लेबाज़ों ने टीम को मज़बूत शुरुआत दिलाई. वीके विनीत ने 24, अन्वय द्रविड़ ने 19, अर्जुन राजपूत ने 16 और यशवर्धन चौहान ने 9 रन बनाए.
8 विकेट गिरने के बाद भारत की पारी लड़खड़ाई लेकिन मोहित उल्वा और मनल चौहान ने इसे संभालते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया.
आख़िरी गेंद तक मैच में बना रहा रोमांच
मोहित उल्वा ने 8वें नंबर पर बल्लेबाज़ी करते हुए महज 26 गेंदों में नाबाद 49 रन की मैच जिताऊ पारी खेली.
मैच अंतिम गेंद्र तक रोमांचक बना रहा, आख़िरी ओवर में भारत को जीत के लिए 8 रन की ज़रूरत थी. अहमद हुसैन के ओवर की पांचवीं गेंद पर चिगुरुपति वेंकट ने एक रन लेकर स्ट्राइक मोहित उल्वा को दी.
इसके बाद आख़िरी गेंद पर उल्वा ने लॉन्ग ऑफ़ के ऊपर से शानदार चौका लगाकर भारत को रोमांचक जीत दिला दी.
उल्वा ने 49 रन की नाबाद पारी में 5 छक्के और 3 चौके लगाए.
ऐसी रही पाकिस्तान की पारी
पाकिस्तान की ओर से ओपनर उस्मान ख़ान ने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए 107 रन बनाए. यह अंडर-19 वनडे में उनका चौथा शतक है. कप्तान फ़रहान यूसुफ़ ने भी 63 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि अब्दुल कादिर ने 54 गेंदों पर ताबड़तोड़ 80 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में 8 छक्के और 3 चौके लगाए.
पाकिस्तान की शुरुआत बेहद आक्रामक रही. टीम ने पावरप्ले में ही 93 रन बना लिए थे. उस्मान और अब्दुल कादिर ने दूसरे विकेट के लिए 135 रन की साझेदारी कर भारतीय गेंदबाज़ों पर दबाव बनाया. कादिर 27वें ओवर में आउट हुए, जबकि उस्मान ने अपना शतक पूरा करने के बाद 37वें ओवर में विकेट गंवाया.
एक समय पाकिस्तान का स्कोर 40 ओवर में 274 रन पर 3 विकेट था और टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही थी. हालांकि, आख़िरी 10 ओवर में भारतीय गेंदबाज़ों ने पाकिस्तान की रफ़्तार को धीमा किया.
भारत की ओर से काव्य पटेल सबसे सफल गेंदबाज़ रहे. उन्होंने 4 विकेट लिए, जबकि चिगुरुपति वेंकट ने 3 विकेट झटके.
लगातार दूसरी बार फ़ाइनल में आमने-सामने हुई टीमें
भारत और पाकिस्तान लगातार दूसरे साल अंडर-19 एशिया कप के फ़ाइनल में आमने-सामने हुई हैं. पाकिस्तान मौजूदा चैंपियन है. उसने 2025 के फ़ाइनल में भारत को 191 रन से हराकर ख़िताब जीता था.
पाकिस्तान ने फ़ाइनल से पहले टूर्नामेंट के अपने सभी चार मुक़ाबले जीते थे. वहीं, भारत ने सेमीफ़ाइनल में अफ़ग़ानिस्तान को हराकर ख़िताबी मुक़ाबले में जगह बनाई थी.
फ़ाइनल में पाकिस्तान ने अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया, जबकि भारत ने पीठ में परेशानी के कारण टूर्नामेंट के अपने सबसे सफल गेंदबाज़ ईशान सूद की जगह चिगुरुपति वेंकट को टीम में शामिल किया.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.