ईरान बार-बार बनाता है बहरीन को निशाना, ये छोटा देश अमेरिका के लिए क्यों है अहम

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 8 मिनट

ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया है कि उसने बहरीन में अमेरिका के एक अर्ली-वॉर्निंग रडार को निशाना बनाकर नष्ट कर दिया है.

अर्ली-वॉर्निंग रडार का काम मिसाइल जैसे ख़तरे का समय रहते पता लगाना और रक्षा प्रणाली को इसकी जानकारी देना होता है.

हालांकि अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमान ने एक्स पर एक पोस्ट में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर के दावों को ख़ारिज़ कर दिया.

यूएस सेंटकॉम ने एक्स पर लिखा, "आईआरजीसी ने बहरीन की ओर दो एकतरफा हमलावर ड्रोन लॉन्च किए, लेकिन अमेरिकी सेना ने दोनों को मार गिराया. इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और न ही किसी प्रकार का नुकसान हुआ.

ईरान का कहना है कि यह कार्रवाई उसके दक्षिणी सीरिक इलाक़े में एक टेलीकम्युनिकेशन टॉवर पर हुए कथित अमेरिकी हवाई हमले के जवाब में की गई.

खाड़ी के एक छोटे से द्वीपीय देश में अमेरिकी रडार क्यों लगा है? बहरीन अमेरिका के लिए इतना महत्वपूर्ण क्यों है? और अगर ईरान का दावा सही है, तो इससे अमेरिकी सेना को कितना नुक़सान हो सकता है?

बहरीन अमेरिका के लिए इतना ज़रूरी क्यों है?

खाड़ी के नक्शे पर बहरीन छोटा दिखाई देता है. लेकिन अमेरिकी नौसेना के लिए इसकी भूमिका काफ़ी बड़ी है.

अमेरिकी संसद के लिए शोध करने वाली कांग्रेसनल रिसर्च सर्विस यानी सीआरएस की सितंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक़, बहरीन 1948 से अमेरिकी नौसैनिक कमांड के मुख्यालय की मेज़बानी करता रहा है.

राजधानी मनामा में अमेरिकी नौसेना का नेवल सपोर्ट एक्टिविटी बहरीन है. यहीं अमेरिकी नौसेना की फ़िफ़्थ फ़्लीट और पश्चिम एशिया में उसके नौसैनिक अभियानों की देखरेख करने वाले कमांड का मुख्यालय रहा है.

सीआरएस के मुताबिक़, यह ठिकाना लंबे समय से अमेरिकी नौसैनिक अभियानों के लिए सामान, संचार और दूसरी ज़रूरतें पूरी करने का केंद्र रहा है. यहां हज़ारों अमेरिकी सैनिक, आम कर्मचारी और उनके परिवार भी रह चुके हैं.

बहरीन का ख़लीफ़ा बिन सलमान बंदरगाह भी अमेरिका के लिए अहम है. सीआरएस की एक अन्य रिपोर्ट में इसे खाड़ी के उन गिने-चुने बंदरगाहों में बताया गया है, जहां अमेरिकी एयरक्राफ़्ट कैरियर और समुद्र के रास्ते सैनिक तथा सैन्य सामान ले जाने वाले बड़े एम्फ़िबियस जहाज़ आ सकते हैं.

अमेरिका और बहरीन के बीच 1991 से रक्षा समझौता भी है. इसके तहत अमेरिका को बहरीन की सैन्य सुविधाओं, ठिकानों और हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल की अनुमति मिलती है.

यानी बहरीन केवल अमेरिकी सैनिकों के रहने की जगह नहीं है. यह एक बड़े समुद्री इलाक़े में अमेरिकी नौसैनिक गतिविधियां चलाने और सहयोगी देशों के साथ तालमेल बनाने का केंद्र है.

फ़िफ़्थ फ़्लीट कितने बड़े इलाक़े पर नज़र रखती है?

अमेरिकी नौसेना के मुताबिक़, फ़िफ़्थ फ़्लीट का निगरानी क्षेत्र लगभग 25 लाख वर्ग मील समुद्री इलाक़े में फैला है.

इसमें खाड़ी, ओमान की खाड़ी, लाल सागर और हिंद महासागर के कुछ हिस्से आते हैं.

इसी इलाक़े में होर्मुज़ स्ट्रेट, बाब अल-मंदब और स्वेज़ नहर जैसे तीन महत्वपूर्ण समुद्री रास्ते भी हैं.

इन रास्तों से तेल, गैस और दूसरे सामान ले जाने वाले जहाज़ दुनिया के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचते हैं.

मनामा में मौजूद कमांड सेंटर से अमेरिका इतने बड़े समुद्री क्षेत्र में चल रहे अपने अभियानों और सहयोगी देशों के साथ होने वाली गतिविधियों पर नज़र रखता रहा है.

बहरीन की जगह उसे ख़ास कैसे बनाती है?

बहरीन सऊदी अरब के पूर्वी तट के पास द्वीपों से बना देश है.

बहरीन सरकार के भौगोलिक विवरण के मुताबिक़, यह इराक़ की ओर शत्त-अल-अरब नदी के मुहाने और होर्मुज़ स्ट्रेट के बीच लगभग मध्य हिस्से में है.

इसलिए बहरीन को होर्मुज़ के मुहाने पर बसा देश कहना सही नहीं होगा. लेकिन उसकी जगह ऐसी है, जहां से खाड़ी के बड़े हिस्से तक पहुंचना आसान है.

इस जगह के साथ अमेरिका को लंबे समय से इस्तेमाल की जा रही बंदरगाह और सैन्य सुविधाएं भी मिलती हैं. इन दोनों बातों को साथ रखकर देखें तो समझ आता है कि अमेरिका बहरीन से अपनी नौसैनिक गतिविधियां क्यों चलाता रहा है.

हालांकि, केवल नक्शे पर किसी जगह की स्थिति देखकर यह तय नहीं किया जा सकता कि वहां लगा रडार कितना महत्वपूर्ण था.

इसके लिए रडार का मॉडल, उसकी रेंज और दूसरी रक्षा प्रणालियों से उसके जुड़ाव की जानकारी भी ज़रूरी है. ईरान के ताज़ा दावे में यह जानकारी सामने नहीं आई है.

अर्ली-वॉर्निंग रडार करता क्या है?

मिसाइल को रोकने से पहले उसका पता लगाना ज़रूरी होता है.

अर्ली-वॉर्निंग रडार यह पता लगाने में मदद करता है कि मिसाइल कहां से आई, किस दिशा में जा रही है और उसका संभावित रास्ता क्या हो सकता है.

इसके बाद यह जानकारी उस कमांड सिस्टम तक पहुंचाई जाती है, जो तय करता है कि ख़तरे से निपटने के लिए किस रक्षा प्रणाली का इस्तेमाल किया जाएगा.

अमेरिकी शोध संस्था सीएसआईएस के मुताबिक़, अर्ली-वॉर्निंग रडार आने वाली मिसाइल का पता लगाने और उसका रास्ता ट्रैक करने में मदद करते हैं. यह जानकारी दूसरी रक्षा प्रणालियों तक पहुंचती है, ताकि मिसाइल को रोकने की कार्रवाई की जा सके.

रडार ख़ुद मिसाइल को नष्ट करने वाला हथियार नहीं होता. लेकिन उसकी दी गई जानकारी के बिना मिसाइल को समय रहते रोकना मुश्किल हो सकता है.

इसलिए किसी महत्वपूर्ण रडार को नुक़सान पहुंचना गंभीर हो सकता है. लेकिन इसका मतलब यह भी नहीं कि एक रडार के बंद होते ही पूरी अमेरिकी रक्षा व्यवस्था ठप हो जाएगी.

असर इस बात पर निर्भर करेगा कि वह रडार क्या काम करता था और उसकी जगह दूसरे रडार या सेंसर कितनी जानकारी दे सकते हैं.

अभी यह भी स्पष्ट नहीं है कि बहरीन में कथित तौर पर निशाना बनाया गया रडार कौन-सा था.

अमेरिका को कितना नुक़सान हुआ?

ताज़ा हमले से हुए नुक़सान का कोई पुष्ट आंकड़ा उपलब्ध नहीं है.

लेकिन बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को इससे पहले हुए हमलों में काफ़ी नुक़सान पहुंच चुका है.

तीन मार्च 2026 को प्रकाशित एबीसी न्यूज़ की रिपोर्ट में सैटेलाइट तस्वीरों के आधार पर बताया गया था कि मनामा में फ़िफ़्थ फ़्लीट के मुख्यालय की कई बड़ी इमारतें और दो सैटेलाइट कम्युनिकेशन टर्मिनल नष्ट हो गए थे.

इसके बाद 18 मार्च को एबीसी न्यूज़ की एक अन्य जांच में सैटेलाइट तस्वीरों और सत्यापित वीडियो के आधार पर फ़िफ़्थ फ़्लीट मुख्यालय में रडार को ढकने वाले एक बड़े गुंबद जैसे ढांचे को हुए नुक़सान का भी ज़िक्र किया गया.

सितंबर 2026 में आई सीआरएस की रिपोर्ट के मुताबिक़, बहरीन में अमेरिकी नौसैनिक ठिकाने की मरम्मत का शुरुआती अनुमान कम से कम 40 करोड़ डॉलर लगाया गया था.

रिपोर्ट में कहा गया कि नुक़सान के कारण अमेरिकी नौसेना को अपने जहाज़ों तक सामान पहुंचाने के लिए हिंद महासागर में मौजूद डिएगो गार्सिया जैसे दूर के ठिकानों पर अधिक निर्भर होना पड़ा.

लेकिन यह फ़रवरी से शुरू हुए पुराने हमलों का नुक़सान है. इसे 13 नवंबर के ताज़ा हमले के दावे में नहीं जोड़ा जा सकता.

सैटेलाइट कम्युनिकेशन टर्मिनल और अर्ली-वॉर्निंग रडार के काम भी अलग हो सकते हैं. इसलिए पहले नष्ट हुए उपकरणों और अब कथित तौर पर निशाना बनाए गए रडार को एक ही मान लेना ठीक नहीं है.

क्या अमेरिका हमला रोकने में नाकाम रहा?

अभी उपलब्ध जानकारी से ऐसा निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता.

यह पुष्ट नहीं हुआ है कि कथित हमले में मिसाइल इस्तेमाल हुई, ड्रोन भेजा गया या कोई दूसरा हथियार इस्तेमाल किया गया. यह भी मालूम नहीं है कि कितने हथियार दागे गए और अमेरिकी या बहरीनी रक्षा प्रणाली ने क्या प्रतिक्रिया दी.

केवल रडार नष्ट करने का ईरानी दावा इन सवालों का जवाब नहीं देता.

हालांकि, पिछले हमलों की रिपोर्टिंग बताती है कि कम ऊंचाई पर उड़ने वाले ड्रोन सैन्य ठिकानों की सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं.

छह मार्च को प्रकाशित बीबीसी की एक रिपोर्ट में एक सत्यापित वीडियो का ज़िक्र था. इसमें मनामा स्थित फ़िफ़्थ फ़्लीट मुख्यालय पर एक ड्रोन, रडार इंस्टॉलेशन जैसे दिखाई देने वाले ढांचे से टकराता दिखा था.

रिपोर्ट में विशेषज्ञों के हवाले से बताया गया था कि बहुत कम ऊंचाई पर उड़ने वाले ड्रोन को ऐसे रडार के लिए पहचानना मुश्किल हो सकता है, जो मुख्य रूप से मिसाइल के ख़तरे पर ध्यान देते हैं.

लेकिन यह पुराने हमले से जुड़ी सामान्य सुरक्षा चुनौती है. इससे यह साबित नहीं होता कि नवंबर के कथित हमले में भी ड्रोन इस्तेमाल हुआ या इसी कारण हमला सफल रहा.

ईरान के लिए बहरीन को निशाना बनाने के क्या मायने हैं?

बहरीन में अमेरिकी नौसेना के फ़िफ़्थ फ़्लीट मुख्यालय और दूसरी सैन्य सुविधाओं की मौजूदगी उसे ईरान के लिए महत्वपूर्ण निशाना बनाती है.

सितंबर 2026 में अमेरिकी शोध संस्था सेंटर फ़ॉर स्ट्रैटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज़ यानी सीएसआईएस की वेबसाइट पर प्रकाशित एक विश्लेषण में कहा गया था कि खाड़ी में अमेरिकी सैन्य ठिकानों और उपकरणों पर हमले करके ईरान, अमेरिका की युद्ध चलाने की क्षमता पर दबाव डालना चाहता था.

ऐसे हमलों का असर खाड़ी के उन देशों पर भी पड़ता है, जो अमेरिकी सैनिकों और सैन्य सुविधाओं को अपने यहां जगह देते हैं.

उनके सामने यह सवाल खड़ा हो सकता है कि अमेरिकी मौजूदगी उन्हें सुरक्षा दे रही है या उन्हें संघर्ष का निशाना बना रही है.

लेकिन ताज़ा कार्रवाई के लिए ईरान ने जो कारण बताया है, उसे इस बड़े रणनीतिक मक़सद से अलग रखना होगा.

रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स का कहना है कि यह हमला सीरिक में टेलीकम्युनिकेशन टावर पर हुए कथित अमेरिकी हवाई हमले का जवाब था.

फ़िलहाल ईरान के दावे की सच्चाई जानने के लिए तीन जानकारियां सबसे महत्वपूर्ण होंगी: अमेरिका या बहरीन की आधिकारिक प्रतिक्रिया, निशाना बनाए गए रडार की पहचान और नुक़सान के ठोस प्रमाण.

इन्हीं से पता चलेगा कि वास्तव में क्या हुआ और इसका अमेरिकी नौसेना तथा उसकी अर्ली-वॉर्निंग व्यवस्था पर कितना असर पड़ा है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.