आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
पाकिस्तान पर भारत की ऐतिहासिक जीत और रिकॉर्ड की लगी झड़ी
- Author, अभिजीत श्रीवास्तव
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता
- प्रकाशित
पाकिस्तान के ख़िलाफ़ एशिया कप का यह मुक़ाबला भारतीय खेमे में न केवल ख़ुशियां बल्कि यह तसल्ली भी लेकर आया कि टीम में फ़िलहाल सब कुछ ठीक है.
बारिश की वजह से अधूरे रहे पिछले मैच में भारतीय शीर्ष क्रम पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ों के सामने बिखर गया था लेकिन इस मुक़ाबले में टॉप बल्लेबाज़ों ने ही नींव रखी, मध्यक्रम ने पारी संवारी और एक विशाल स्कोर खड़ा किया.
रोहित शर्मा, शुभमन गिल ने अर्धशतक जमाए, तो केएल राहुल और विराट कोहली ने नाबाद शतकों की बदौलत पाकिस्तान के गेंदबाज़ों पर भारतीय बल्लेबाज़ पूरी तरह हावी रहे.
जब गेंदबाज़ों की बारी आई तो जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज ने शानदार शुरुआत दी. कुलदीप यादव ने पाँच विकेट लिए तो हार्दिक पंड्या और शार्दुल ठाकुर भी रंग में दिखे.
सबसे बड़ी राहत तो चोट के बाद टीम में लाए गए केएल राहुल और जसप्रीत बुमराह की फिटनेस और फॉर्म को देख कर मिली.
कप्तान ने क्या कहा?
मैच के बाद रोहित शर्मा ने बताया कि केएल राहुल को टॉस से ठीक पांच मिनट पहले अंतिम एकादश में शामिल किया गया. दरअसल, राहुल चोटिल श्रेयस अय्यर की जगह खेले.
कप्तान ने केएल राहुल की तारीफ़ करते हुए कहा, "केएल के लिए मैं बहुत ख़ुश हूँ. टीम में आख़िरी मिनट में बदलाव करना पड़ा. चोट से वापसी करते हुए यह आसान नहीं होता. टॉस से पाँच मिनट पहले हमें उनसे खेलने के लिए कहना पड़ा. उन परिस्थितियों में प्रदर्शन करना आसान नहीं होता है."
बुमराह की गेंदबाज़ी पर रोहित बोले, "चोट से लौटने के बाद जिस तरह से उन्होंने गेंदबाज़ी की उसे देख कर काफ़ी अच्छा लगा. बुमराह क्या है, उन्होंने दिखा दिया. वे गेंद को दोनों तरफ़ स्विंग कर रहे थे. उन्होंने पिछले महीनों में कड़ी मेहनत की है."
कोहली ने बताया कि वे राहुल को क्या समझा रहे थे?
विराट कोहली को उनकी 122 रनों की नाबाद पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' चुना गया.
कोहली के साथ ही केएल राहुल ने भी शतक जमाया.
बाद कोहली ने बताया कि मैच के दौरान वो केएल राहुल को क्या समझा रहे थे.
कोहली बोले, "हम दोनों पारंपरिक क्रिकेट खेलते हैं. हम बहुत फैन्सी शॉट्स नहीं लगाते हैं. हम दोनों साझेदारी के बारे में बहुत ज़्यादा नहीं सोच रहे थे. मैंने कहा कि हमें बस बल्लेबाज़ी करते रहना है. यह एक यादगार साझेदारी थी. केएल वापसी के साथ फ़ॉर्म में आ गए ये हमारे लिए अच्छा है."
आज ही भारत का श्रीलंका के साथ मुक़ाबला है और भारतीय समय के अनुसार, यह शाम तीन बजे शुरू होगा.
जब कोहली से पूछा गया कि कुछ ही घंटे बाद दूसरा मैच भी है तो उन्होंने कहा, "ऐसा मेरे 15 साल के क्रिकेट करियर में पहली बार हो रहा है. सौभाग्य से हम टेस्ट प्लेयर्स हैं. तो हमें पता है कि मैच के दूसरे दिन आकर कैसे खेलना है."
मैच में क्या हुआ?
दो दिनों तक चले मैच को भारत ने 32 ओवरों में 228 रनों का रिकॉर्ड अंतर से जीत लिया.
बारिश से बाधित रहे मैच में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ भारत ने कई रिकॉर्ड बनाए और 228 रनों के ऐतिसाहिक अंतर से अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी को हराया.
टॉस जीत कर पाकिस्तान ने भारत को पहले बल्लेबाज़ी के लिए उतारा. सलामी बल्लेबाज़ों कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने शानदार शुरुआत दी.
दोनों ने अर्धशतक बनाए और पहले विकेट के लिए 121 रनों की साझेदारी निभाई.
इसके बाद तीसरे विकेट के लिए विराट कोहली और केएल राहुल ने 233 रनों की नाबाद साझेदारी की, दोनों ने शतक जमाए और भारत ने रिकॉर्ड 356 रन बनाए.
पाकिस्तान की टीम केवल 128 रन ही बना सकी और भारत ने रिकॉर्ड अंतर से यह मैच जीत लिया.
भारत की ओर से कुलदीप यादव ने पांच विकेट लिए.
कुलदीप यादव क्या बोले?
कुलदीप यादव ने वनडे में दूसरी बार पांच या उससे अधिक विकेट लिए हैं.
2018 के ट्रेंट ब्रिज़ मैच में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ 25 रन पर छह विकेट वनडे में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है.
मैच के बाद कुलदीप बोले, "बीते एक साल से मैं बेहतर लय में हूं. लगातार अच्छी गेंदबाज़ी के लुत्फ़ उठा रहा हूं. पाँच विकेट लेना अच्छा है. पाँच विकेट लेना शानदार होता है."
कुलदीप ने अपनी गेंदबाज़ी और बड़ी टीमों के ख़िलाफ़ रणनीति पर भी बात की.
वे बोले, "मेरे पास शीर्ष टीम के ख़िलाफ़ गेंदबाज़ी की योजना तैयार थी. मैं 2019 में उनके (पाकिस्तान के) ख़िलाफ़ खेल चुका हूं. मैं जानता हूं वो स्पिन गेंदबाज़ी को कैसे खेलते हैं."
"मैंने अपनी वेरियशन पर फ़ोकस किया. मैं विकेट-टू-विकेट बॉलिंग और अपनी गेंद की लंबाई पर ध्यान दे रहा हूं. जब भी स्पिन खेलने में माहिर टीमों के ख़िलाफ़ गेंदें डालता हूं तो वो ज़्यादातर स्वीप और रिवर्स स्वीप खेलते हैं. यहीं आपके पास विकेट हासिल करने का मौक़ा होता है."
पाकिस्तान का निराशाजनक प्रदर्शन
पाकिस्तान के लिए इस मैच में कुछ भी अच्छा नहीं हुआ. कप्तान ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाज़ी ली लेकिन उनके गेंदबाज़ों ने ख़ूब रन लुटाए.
हारिस रऊफ़ पांच ओवर डालने के बाद चोटिल होकर पूरे मैच के लिए बाहर हो गए तो नसीम शाह भी चोट की वजह से अपना 10वां ओवर नहीं डाल सके. ये दोनों बल्लेबाज़ी करने भी नहीं उतर सके.
जब बल्लेबाज़ी की बारी आई तो पाकिस्तान के नौ में से तीन बल्लेबाज़ों ने 20 से अधिक रन बनाए लेकिन उसे बड़े स्कोर में तब्दील करने में कोई भी कामयाब नहीं हुआ.
सबसे बड़ा स्कोर केवल 27 रन रहा जो फ़ख़र जमां के बल्ले से आया और पूरी टीम केवल 128 रन ही बना सकी.
हार के बाद क्या बोले बाबर आज़म?
मैच के बाद जब बाबर आज़म से हार के कारणों के बारे में पूछा तो वे दो टूक बोले, "मौसम हमारे हाथ में नहीं था. हम गेंदबाज़ी और बल्लेबाज़ी दोनों में हम पिछड़ गए."
जिस तरह से रोहित और शुभमन ने पाकिस्तान के मुख्य गेंदबाज़ों की गेंदों पर हमला किया उस पर बाबर बोले, "उनके पास हमारे गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ एक प्लान था और फिर केएल राहुल और विराट कोहली ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी की."
पाकिस्तान की टीम मुक़ाबला करते कहीं दिखी ही नहीं, बल्लेबाज़ी में भी बड़ी आसानी से हथियार डाल दिए.
इस पर बाबर बोले, "जसप्रीत और सिराज ने पहले दस ओवरों में गेंद दोनों तरफ़ बेहतरीन स्विंग किए. हमने लगातार विकेटें गंवाईं और कोई साझेदारी नहीं बना सके."
कुल मिलाकर पाकिस्तान के ख़िलाफ़ मिली यह बड़ी जीत भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों को एक बड़ी राहत दे गया.
वहीं रोहित शर्मा और विराट कोहली के शब्दों में "गीले मैदान को सुखाने में लगे सभी कर्मचारियों को उनकी मेहनत के लिए धन्यवाद." क्योंकि उनके अथक प्रयास के बग़ैर न यह मैच होता और न ही एक साथ इतने सारे शानदार प्रदर्शन देखने को मिलते.
बने कई रिकॉर्ड्स
अंत में बात उन रिकॉर्ड्स की जो इस मैच में बने.
विराट कोहली ने वनडे में सबसे तेज़ 13 हज़ार रन पूरे किए. उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा.
सचिन तेंदुलकर ने 321 पारियों में 13 हज़ार रन पूरे किए थे, विराट ने 267 पारियों में यह मुकाम हासिल किया.
विराट ने इस साल इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने एक हज़ार रन भी पूरे किए.
रोहित शर्मा ने वनडे में 50वां अर्धशतक बनाया. वे वनडे में पचास अर्धशतक जमाने वाले 30वें बल्लेबाज़ बने.
ऐसा केवल चौथी बार हुआ है, जब भारत के टॉप ऑर्डर के चार बल्लेबाज़ों ने अर्धशतक या उससे अधिक रन बनाए हों.
इससे पहले आखिरी बार 2017 में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ बर्मिंगम में आख़िरी बार टॉप चार बल्लेबाज़ों ने अर्धशतक जमाया था.
पहले रोहित और गिल के बीच फिर राहुल और कोहली के बीच शतकीय साझेदारी हुई. इसके साथ ही भारतीय टीम ने 47वीं बार एक ही वनडे में दो शतकीय साझेदारी का रिकॉर्ड कायम किया.
केएल राहुल ने वनडे में छठी और पाकिस्तान के ख़िलाफ़ पहली सेंचुरी जड़ी.
356 रन पाकिस्तान के ख़िलाफ़ भारत का रिकॉर्ड स्कोर
भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 356 रन बनाए. यह पाकिस्तान के ख़िलाफ़ भारत का वनडे में सबसे बड़े स्कोर के रिकॉर्ड की बराबरी है.
भारत ने यही स्कोर अप्रैल 2005 में सौरव गांगुली की कप्तानी में खेले गए विशाखापटम वनडे में भी बनाया था.
उस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए महेंद्र सिंह धोनी के 148 रनों की बदौलत 356 रन बनाए थे.
तब पाकिस्तान ने 298 रन बनाए थे और 58 रनों से मैच हारा था.
पाकिस्तान पर ऐतिहासिक जीत
भारत ने 228 रनों के रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल की. यह पाकिस्तान पर रनों के मामले में यह सबसे बड़ी जीत है.
इससे पहले भारत ने पाकिस्तान को 2008 में 140 रनों से हराया था. वो मैच ढाका में खेला गया था और भारत ने तब 330 रन बनाए थे, जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 190 रन बनाकर ऑल आउट हो गई थी.
यह आठवीं बार है, जब भारत ने किसी टीम को वनडे में 200 से अधिक रनों से हराया है.
बता दें कि वनडे में सबसे बड़े अंतर से जीत का रिकॉर्ड भारत के नाम ही है. उसने इसी साल जनवरी में श्रीलंका को 317 रनों के विशाल अंतर से हराया था.
भारत की वनडे में सबसे बड़ी जीत
- 317 रन से श्रीलंका को 2023 में हराया (यह वनडे का वर्ल्ड रिकॉर्ड है)
- 257 रन से बरमूडा को 2007 में हराया
- 257 रन से हांगकांग को 2008 में हराया
- 228 रन से पाकिस्तान को 2023 में हराया
- 227 रन से बांग्लादेश को 2022 में हराया
- 224 रन से वेस्टइंडीज़ को 2018 में हराया
- 200 रन से वेस्टइंडीज़ को 2023 में हराया
- 200 रन से बांग्लादेश को 2003 में हराया
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)