आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
'नागिन-2' का जलवा इस हफ़्ते भी कायम
- Author, सुनीता पांडेय
- पदनाम, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
- प्रकाशित
कई पुराने टीवी शोज़ पीछे छोड़ते हुए 'नागिन-2' एक बार फिर अव्वल नंबर पर है.
यह कहा जा सकता हैं कि 'नागिन 2' की सफ़लता एक मिसाल बनती जा रही है.
इच्छाधारी नागिन पर आधारित शो 'नागिन 2' को पहले सीज़न की तरह शुरुआत से ही सफलता मिल रही है.
कलर्स चैनल पर प्रसारित होनेवाले इस धारावाहिक में मौनी रॉय, अदा ख़ान और करण वीर बोहरा लीड रोल निभा रहे हैं.
हॉट और सेक्सी नागिन, रहस्य, दिलचस्प किरदार, नागमणि के चक्कर में कलह, ज़बरदस्त ट्विस्ट और रोचक मोड़ों के चलते धारावाहिक ने दर्शकों को अपने साथ बांधने में सफलता प्राप्त कर ली है.
दर्शक जिस तरह से इसके आने का इंतज़ार करते हैं उसे देखते हुए ऐसा लगने लगा है कि यह शो आने वाले कई हफ़्ते तक टीआरपी में अव्वल ही रहेगा.
इस हफ़्ते दूसरे नंबर पर है कलर्स चैनल पर ही प्रसारित होने वाला चर्चित धारावाहिक 'शक्ति-अस्तित्व के एहसास की'.
सौम्या (रुबीना) और हरमन (विविएन) की हट कर लव स्टोरी वाला इस धारावाहिक में अब दुबई के शेखों के बीच लगेगी सौम्या की बोली. जी हाँ, इन दिनों धारावाहिक में सौम्या का अपहरण करके दुबई भेजे जाने की तैयारी की जा रही है.
यहां सौम्या के अपने ही साथियों ने उसके साथ धोखा देकर उसका सौदा कर दिया है. अब दर्शकों को यह बात आकर्षित कर रही है कि आख़िर हरमन कैसे ढूंढ़ेगा अपनी पत्नी सौम्या को?
स्टार प्लस का धारावाहिक 'ये है मोहब्बतें' ने तीसरे नंबर पर अपनी जगह बना लिया है. जिसमें एक नई एंट्री होने जा रही है.
ऑस्ट्रेलिया में इशिता की मुलाक़ात विद्युत से होनेवाली है.
यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या विद्युत की इस नई एंट्री से रमन की छुट्टी हो जाएगी?
फिलहाल इसमें ऑस्ट्रेलिया का ट्रैक दिखाया जा रहा है जहां रमन-इशिता की प्यार भरी नोकझोंक से दर्शकों को बांधे हुए है.
दूसरी ओर इशिता अपनी बेटी पीहू का दिल जीतने की कोशिश में जुटी हैं. वहीं स्टार प्लस का धारावाहिक 'साथिया' चौथे नंबर पर है तो ज़ीटीवी के 'कुमकुम भाग्य' ने पांचवे नंबर पर अपनी जगह बनाई है.
अगर बात की जाए कॉमेडी शोज़ की तो हमेशा की तरह कलर्स के 'द कपिल शर्मा शो' ने फिर बाज़ी मारी है.
सब टीवी का लोकप्रिय कॉमेडी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' दूसरे नबंर पर है.
वहीं कलर्स का रिएलिटी शो 'बिग बॉस सीज़न 10' और सोनी चैनल के 'सुपर डांसर' इस हफ़्ते टीआरपी लिस्ट से गायब हैं.
(सभी तथ्य 'बार्क' की ओर से उपलब्ध आंकड़ों पर आधारित हैं. 'बार्क' टीआरपी इकट्ठा करने वाली आधिकारिक एजेंसी है.)
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)