आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
तस्वीरें- 51 साल के हुए सलमान 'दंबंग' ख़ान
- Author, सुशांत मोहन
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, मुंबई
- प्रकाशित
फ़िल्म अभिनेता सलमान ख़ान ने 51वां जन्मदिन मुंबई से दूर पनवेल स्थित अपने फ़ार्म हाउस में मनाया.
इस मौके पर उनके चुनिंदा दोस्त, फ़ैन क़्लब के लोग और मीडिया के कुछ लोग ही मौजूद थे.
सलमान की इस पार्टी में मीडिया के कैमरा को कुछ दूरी तक ही जाने की इजाज़त थी.
सलमान के केक का अंदाज़ कुछ अलग था और चॉकलेट फ्लेवर के इस केक पर अंग्रेज़ी में 'BEING HUMAN' लिखा गया था.
'बीईंग ह्यूमन' सलमान ख़ान की चैरिटी संस्था है.
सलमान ने इस पार्टी के दौरान कहा, "मैं इस साल परेशानियों से भी गुज़रा और काम के मामले में यह साल अच्छा भी रहा, मैं अपने चाहने वालों से गुज़ारिश करता हूं कि वो समस्याओं से दूर रहें, और दुआ करता हूं कि उनका साल अच्छा रहे."
सलमान के लिए बीता साल कई मायनों में अच्छा और कई मायनों में ख़राब रहा.
विवादों में रहने वाले इस सितारे के 'रेप' को लेकर दिए गए एक बयान पर ख़ासा विवाद हुआ था.
महिला आयोग ने सलमान को समन भेजे थे और उनके ख़िलाफ़ प्रदर्शन भी हुए थे.
सलमान ने अपने उस बयान के लिए माफ़ी नहीं मांगी थी.
उनकी फ़िल्म 'सुल्तान' ने इस साल पहले ही हफ़्ते 100 करोड़ से ज़्यादा की कमाई कर यह साबित कर दिया था कि तमाम विवादों के बावजूद सलमान अब भी सुपरहिट हैं.
इसके अलावा सलमान के लिए इस साल राहत की बड़ी बात रही 1998 से चले आ रहे काले हिरण मामले में बरी हो जाना. अक्टूबर में राजस्थान उच्च न्यायालय ने उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया था.
सलमान जिस टीवी शो 'बिग बॉस' को होस्ट कर रहे हैं, वह भी चर्चा में है.
सलमान ने अपने कई फ़ैन्स के लिए इस दौरान वीडियो मैसेज भी रिकॉर्ड किए. उन्होंने अपना मोबाईल ऐप भी लॉन्च किया.
सलमान की इस पार्टी में परिवार से सोहेल और अरबाज़ को छोड़ दें तो बॉलीवुड के बड़े नाम नज़र नहीं आए.
बिपाशा और उनके पति करण सिंह ग्रोवर, संगीता बिजलानी, रीमो डिसूज़ा, हिमेश रेशमिया, सुशांत सिंह राजपूत, पुलकित सम्राट, कबीर ख़ान और रणदीप हुड्डा पार्टी में दिखे.