आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
मेन्यू में भैंस का मीट था गाय का नहीं: काजोल
हिंदी फ़िल्मों की हीरोइन काजोल ने एक ट्वीट के ज़रिए गाय के मीट को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया है.
काजोल ने ट्विटर पर लिखा है, "एक मित्र के घर पर लंच का वीडियो है जिसके बारे में कहा जा रहा है कि मेज़ पर बीफ़ भी था. लेकिन ये ग़लतफ़हमी है ."
उन्होंने आगे लिखा, "वहाँ भैंस का मीट था जो बाज़ार से आप क़ानूनी तरीके से ख़रीद सकते हैं. मैं ये स्पष्टीकरण इसलिए दे रही हूँ क्योंकि ये संवेदनशील मामला है जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएँ आहत हो सकती हैं. मेरा इरादा ये बिल्कुल भी नहीं है."
काजोल के इस ट्वीट के बाद से लोग भी अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
@prash_realtruth ने लिखा है," हम आपका भरोसा करते हैं, पर सोचिए अगर आपको साबित करने के लिए कहा जाए ? या फिर गलत वजहों से आप पर हमला हो जाए ?"
@to0ot87 ट्वीट करते हैं, "आप जो खाना चाहते हैं खाएँ, ये आपकी च्वाइस है....सिर्फ़ आपकी."
@MsSantoesha लिखते हैं, "वो सफ़ाई दे रही हैं क्योंकि वो नहीं चाहती कि अख़लाक की तरह हो. उनको ट्रोल करना बंद करो. उनके डर को समझो."
जबकि नरेश जैन ने ट्वीट किया है कि ऐसी चीज़ खाना ही क्यों जिसकी सफ़ाई देनी पड़े.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)