आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
एकता कपूर बनीं मां, सरोगेसी से बेटे का हुआ जन्म
- Author, मधु पाल
- पदनाम, मुंबई से, बीबीसी हिंदी के लिए
- प्रकाशित
भारतीय टेलीविज़न की क्वीन मानीं जाने वाली और बॉलीवुड फ़िल्मों की प्रोड्यूसर एकता कपूर सरोगेसी के ज़रिए एक बेबी ब्वॉय (बेटे) की मां बन गई हैं.
एकता कपूर की पीआर टीम की ओर से जारी बयान में इसकी पुष्टि की गई है. बयान में कहा गया है कि कपूर परिवार में ख़ुशी का माहौल है.
सरोगेसी के ज़रिए पैदा हुए इस लड़के का जन्म 27 जनवरी को हुआ है और उसका नाम रवि कपूर रखा गया है.
एकता कपूर के पिता जीतेंद्र का असली नाम भी रवि कपूर ही है.
सरोगेसी के ज़रिए माँ बनने में एकता कपूर की डॉक्टर नंदिता पलशेतकर ने मदद की. उन्होंने बताया, "एकता कपूर कुछ साल पहले माँ बनने की ख़्वाहिश लेकर मेरे पास आईं थी. हमने आईवीएफ़ और आईयूआई के ज़रिए कई बार कोशिश की, लेकिन एकता गर्भवती नहीं हो पाईं. इसलिए हमने सरोगेसी का सहारा लिया."
उनकी इस मां बनने की ख़बर से पूरा बॉलीवुड और टेलीविज़न इंडस्ट्री से जुड़े लोग उन्हें ढेर सारी बधाईया और शुभकामनाएं दे रहे हैं.
एकता कपूर अपने ज़माने के मशहूर अभिनेता जीतेंद्र की बेटी हैं और अभिनेता तुषार कपूर की बड़ी बहन.
कहा जा रहा है कि एकता ने मां बनने की प्रेरणा अपने छोटे भाई तुषार कपूर से ली है.
सरोगेसी से पिता बने थे तुषार
तीन साल पहले तुषार कपूर भी सरोगेसी के जरिए एक बेबी ब्वॉय के पिता बना थे और उन्होंने अपने बेटे का नाम लक्ष्य कपूर रखा था.
लक्ष्य के जन्मदिन से लेकर कई खुशी के मौकों पर एकता कपूर कह चुकी हैं कि वह शादी नहीं करना चाहती हैं.
लेकिन जब तुषार के बेटे लक्ष्य का जन्म हुआ था, तभी उन्होंने मां बनने की इच्छा ज़रूर जाहिर की थी. उन्होंने कहा था कि वह जब ज़िम्मेदारी उठाने लायक हो जाएंगी तब मां बनना ज़रूर चाहेंगी.
बच्चों के प्रति उनका जो प्यार है वो अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म के ज़रिए अपनी और अपने भतीजे लक्ष्य की खूबसूरत तस्वीरें और पोस्ट को अपने फैंस के बीच साझा करके दिखा चुकी है.
कई बार तो वो अपने इंटरव्यू में भी ये कह चुकी हैं कि वे लक्ष्य के बेहद करीब हैं और वे उन्हें जान से भी ज़्यादा प्यार करती है.
और भी हैं सरोगेट पेरेंट
ऐसा नहीं है कि एकता और तुषार ही केवल सरोगेसी के ज़रिए माता-पिता बने हैं.
इनसे पहले भी कई बॉलीवुड सेलिब्रिटीज, जैसे करण जौहर, सरोगेसी के जरिए बच्चे के पिता बन चुके हैं.
बॉलीवुड बादशाह शाहरुख़ ख़ान, अभिनेत्री सनी लियोन और अभिनेता आमिर ख़ान भी सेरोगेसी के ज़रिए मां और बाप बन चुके हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)