आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
पत्रकार हत्याकांड में शहाबुद्दीन, तेज प्रताप को सुप्रीम कोर्ट का नोटिस
सुप्रीम कोर्ट ने सिवान के पत्रकार राजदेव रंजन की हत्या के मुक़दमे में राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व सांसद शहाबुद्दीन और बिहार के मंत्री तेज प्रताप यादव को नोटिस जारी किया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ अदालत ने उनसे दो हफ़्तों के भीतर जवाब मांगा है.
कोर्ट ने राजदेव की हत्या की जांच कर रही सीबीआई की जांच की स्टेटस रिपोर्ट 17 अक्टूबर तक जमा करने को कहा है.
13 मई को सिवान के एक दैनिक अख़बार के लिए काम कर रहे राजदेव रंजन की हत्या कर दी गई थी. वे अपने दफ़्तर से घर लौट रहे थे.
राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन कुछ दिनों पहले ज़मानत पर रिहा हुए हैं.
पत्रकार राजदेव रंजन हत्याकांड मामले में जेल से रिहाई के बाद शहाबुद्दीन के काफिले में एक अभियुक्त मोहम्मद कैफ़ के शामिल होने की खबरें आई थीं.
एक दूसरी तस्वीर में मोहम्मद कैफ़ लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव को गुलदस्ता देते नज़र आ रहे हैं.
इस तस्वीर के आधार पर बिहार विधानसभा में विपक्ष ने तेज प्रताप यादव को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की थी.