आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
अमिताभ ने क्यों किया ये ऐलान
अमिताभ बच्चन के एक ऐलान ने उनके प्रशंसकों को हैरानी में डाल दिया.
अपने ट्विटर हैंडल उन्होंने एक तस्वीर पोस्ट की है जिसमें वो हाथ में एक तख्ती लिए खड़े हैं. इसमें लिखा है, "मेरे मरने के बाद मेरी संपत्ति को मेरे बेटे और बेटी के बीच बराबर बांट दी जाए."
इस तस्वीर को पोस्ट करते हुए लिखा है, #WeAreEqual और #genderequality.....तस्वीर ही सबकुछ कहती है.
असल में ये तस्वीर उन्होंने महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के एक अभियान #weareequal के तहत पोस्ट की है.
मंत्रालय आठ मार्च को महिला दिवस के अवसर पर महिला पुरुष समानता को लेकर एक जागरूकता अभियान शुरू करने जा रहा है.
सोशल मीडिया पर पोस्ट की जा रहीं ये तस्वीरें उसी अभियान को प्रचारित करने का हिस्सा हैं.
बॉलीवुड अभिनेता, अभिनेत्रियों से लेकर खेल, विज्ञान आदि से जुड़ी हस्तियां और सामान्य लोग भी अपने अंदाज़ में इस तरह की तस्वीरें पोस्ट कर रहे हैं.
बॉलीवुड अभिनेत्री दिया मिर्ज़ा ने भी इसी तरह के संदेश वाली अपनी एक तस्वीर ट्विटर पर पोस्ट की है, जिसे महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने ट्वीट किया है.
मंत्रालय ने भारतीय बॉक्सर और ओलंपियन मेरी कॉम, एएसआई-स्पेस गोल्ड मेडलिस्ट के थेनमोझी शेल्वी और इसरो की वैज्ञानिक सुभा वारियर की तस्वीर भी ट्वीट की है.
ट्विटर यूज़र्स भी मंत्रालय के इस पहल को #WeAreEqual हैशटैग के साथ ट्वीट कर अपना समर्थन जता रहे हैं.
अमिताभ बच्चन इससे पहले भी मोदी सरकार के कई अभियानों से जुड़े रहे हैं.
पिछले साल केंद्र सरकार के दो साल पूरे होने पर आयोजित एक समारोह के दौरान उन्होंने 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' कार्यक्रम में हिस्सा लिया था.
भारत सरकार के स्वच्छता अभियान के प्रचार प्रसार का भी वो प्रमुख चेहरा हैं.