आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
आप से निलंबित कपिल मिश्रा पर हमला
अनशन पर बैठे आम आदमी पार्टी सरकार के पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा पर हमला करने की कोशिश की गई.
कपिल मिश्रा बुधवार सुबह से ही अनशन पर बैठे हैं. कपिल अपने सरकारी आवास के बाहर अनशन कर रहे हैं, उनके कई समर्थक वहां मौजूद थे. शाम क़रीब साढ़े पांच बजे एक युवक उनके पास दौड़ते हुए पहुंचा उन्हें थप्पड़ मारने की कोशिश की , लेकिन वहां मौजूद कपिल के समर्थकों ने उन्हें पकड़ लिया.
समर्थकों को कहना है कि उस व्यक्ति ने बताया कि वो आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता है. फिलहाल वो पुलिस की हिरासत में हैं.
कपिल मिश्रा के स्वास्थ्य की जांच के लिए डॉक्टर वहां पहुंच गए.
ख़ुद पर हुए हमले के लेकर कपिल मिश्रा का कहना है कि उन्हें इसमें कोई साज़िश नज़र नहीं आ रही है.
कपिल मिश्रा ने कहा, "मैं किसी पर उंगली नहीं उठाना चाहता, जो भी आए हैं भगवान उनको सद्बुद्धि दे, मैं कवेल इतना कहना चाहता हूं कि इस प्रकार की चीज़ें तो होनी ही हैं. अगर मेरे साथियों ने इसके बदले में कोई हिंसा की या किसी के ऊपर हाथ उठाया तो मैं जल का भी त्याग कर दूंगा."
कपिल मिश्रा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर दो करोड़ रुपए लेने का आरोप लगाया है.
कपिल मिश्रा के आरोप
रविवार को कपिल मिश्रा ने कहा था कि उन्होंने मुख्यमंत्री के घर पर केजरीवाल को मंत्री सत्येंद्र जैन से दो करोड़ रुपए लेते देखा था.
कपिल मिश्रा ने 400 करोड़ रुपये के पानी टैंकर घोटाले में अरविंद केजरीवाल के शामिल होने का आरोप लगाया है.
इसके अलावा कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया है कि शीला दीक्षित की कांग्रेस सरकार के वक्त हुए घोटाले की जांच में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जानबूझ कर देरी कर रहे हैं.
इसके बाद कपिल मिश्रा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया था.
इससे पहले उन्हें केजरीवाल की कैबिनेट से मंत्री पद से भी हटा दिया गया था.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)