आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
रजनीकांत को कुमारस्वामी का न्योता, कहां है निशाना
- Author, इमरान कुरैशी
- पदनाम, बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
- प्रकाशित
एचडी कुमारस्वामी कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ बुधवार को लेंगे. ये अभी तय नहीं हुआ है कि समारोह में कौन-कौन उनके साथ मंत्री पद की शपथ लेंगे.
इसके लिए निमंत्रण दिया जाना बाक़ी है, पर इससे पहले कुमारास्वामी ने तमिल फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत को राज्य के दौरे के लिए आमंत्रित किया है.
उन्होंने रजनीकांत को कर्नाटक के कावेरी बेसिन के जलाशयों का दौरा करने को कहा है और खुद देखने को कहा है कि तमिलनाडु के लिए कितना पानी छोड़ा जाए.
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद संभवतः यह पहला मुद्दा होगा, जिसपर सरकार कार्रवाई करेगी.
कर्नाटक के चुनावी महासमर के बीच सुप्रीम कोर्ट ने कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण की स्थापना को मंजूरी दी थी.
प्राधिकरण दोनों राज्यों के बीच पानी के बंटवारे की निगरानी करेगा.
नई सरकार
गर्मी दस्तक दे चुकी है और कावेरी बेसिन में पानी की कमी पहले से है. राजनेता और किसानों को यह मुद्दा बेचैन कर रहा है.
नई सरकार से तमिलनाडु के लिए पानी छोड़े जाने के रजनीकांत की मांग पर पत्रकारों के पूछे सवाल पर कुमारास्वामी प्रतिक्रिया दे रहे थे.
उन्होंने कहा, "रजनीकांत हमारे राज्य के हैं. मैं उनसे अनुरोध करता हूं कि वो आएं और यहां कावेरी के जलाशय पर नज़र डालें."
"वो यह भी देख सकते हैं कि कैसे हमारे किसान तमिलनाडु के लिए त्याग कर रहे हैं और वो किस तरह परेशानियों का सामना कर रहे हैं. एकबार वो इसे देखेंगे तो मुझे लगता है कि वो अपने विचारों को बदल लेंगे."
दिल्ली दौरे से पहले मंदिरों का दौरा
कुमारस्वामी त्रिची के श्रीरंगम मंदिर गए थे.
दिल्ली में सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाक़ात के पहले वो सोमवार को अपने गांव होलानरासिपुरा में पांच मंदिरों का दौरा करेंगे.
दिल्ली में वो दोनों नेताओं से साथ मंत्रिमंडल के गठन पर चर्चा करेंगे.
कुमारस्वामी ने पत्रकारों से कहा, "तमिलनाडु और कर्नाटक भाई जैसे हैं. हमारी एक ही समस्या है जल बंटवारा. पानी की कमी के चलते हमारे राज्य के किसान बुरी स्थिति में हैं. मैं यहां भगवान रंगनाथ का आशीर्वाद लेने आया हूं. अगर बारिश अच्छी हुई थो दोनों राज्यों के किसान पानी बांट सकेंगे."
कुमारस्वामी ने डीएमके के अध्यक्ष एमके स्टालिन को शपथ समारोह के लिए न्योता भेजा है. बुधवार को होने वाले समारोह में अन्य क्षेत्रीय नेता भी शामिल होंगे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)