आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
अमरिंदर ने कहा- करतारपुर कॉरिडोर आईएसआई की साज़िशः आज की पांच बड़ी ख़बर
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि करतारपुर कॉरिडोर खोलना आईएसआई की साज़िश का हिस्सा है.
उन्होंने कहा कि यह पाकिस्तान सेना की रची साज़िश है, जिसके लिए मोहरा नवजोत सिंह सिद्धू को बनाया गया है.
एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि इमरान ख़ान के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने से पहले पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल क़मर बाजवा का नवजोत सिंह सिद्धू के साथ करतारपुर पर बात करना इस बात की पुष्टि करता है.
उन्होने आरोप लगाया है कि करतारपुर के ज़रिए पाकिस्तान सूबे में चरमपंथ को बढ़ावा दे सकता है, इससे सभी को सावधान रहना चाहिए.
भीख नहीं मांग रहे, कानून बनाए सरकारः भैय्याजी जोशी
दिल्ली के रामलीला मैदान में विश्व हिंदू परिषद की धर्मसभा में रविवार को आरएसएस के सरकार्यवाहक भैय्याजी जोशी ने राम मंदिर पर क़ानून लाने की मांग की.
उन्होंने कहा कि "हम भीख नहीं मांग रहे हैं. केंद्र सरकार अपने अधूरे संकल्प को पूरा करने के लिए जल्द क़ानून बनाए."
वहीं, विहिप के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि दशकों की प्रतीक्षा के बाद हिंदू अब इंतज़ार करने के मूड में नहीं हैं.
भैय्याजी जोशी ने आगे कहा कि 1992 में छोड़े अधूरे काम को पूरा करने का समय आ गया है. हम संघर्ष नहीं चाहते हैं. चाहते तो इतने साल इंतज़ार नहीं करते.
- यह भी पढ़ें | दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई धर्मसभा की आंखों देखी
बुलंदशहरः अभियुक्त ने मौक़े पर मौजूद होने की बात मानी
बुलंदशहर के स्याना बवाल के अभियुक्त जितेंद्र मलिक उर्फ़ जीतू फ़ौजी ने रविवार को क्राइम ब्रांच की पूछताछ में कहा कि वो हिंसा के दौरान घटनास्थल पर मौजूद थे, पर उन्होंने इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह पर गोली नहीं चलाई.
बुलंदशहर में बीते दिनों गोकशी की अफ़वाह के बाद भड़की हिंसा में इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी.
अभियुक्त जीतू फ़ौजी पहले घटना स्थल पर होने की बात से इनकार करते रहे थे.
उधर एक अन्य कार्रवाई में बुलंदशहर हिंसा में लापरवाही को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रईस अख़्तर को हटा दिया गया है.
- यह भी पढ़ें | बुलंदशहर: कब, क्या और कैसे हुआ?
महागठबंधन के लिए विपक्षी दलों की बैठक आज
आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर महागठबंधन का स्वरूप तय करने के लिए आज विपक्षी दलों की बैठक दिल्ली में होगी.
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की बुलाई गई इस बैठक में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के ख़िलाफ़ महागठबंधन तैयार करने पर चर्चा होगी.
इस तरह की बैठक में पहली बार आम आदमी पार्टी शामिल हो रही है. इसके अलावा एनसीपी, के अध्यक्ष शरद पवार, जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फ़ारुक़ अब्दुल्लाह सहित कई नेता शामिल होंगे.
यह बैठक संसद के शीतकालीन सत्र पर भी अपनी रणनीति तैयार करेगा.
- यह भी पढ़ें | महागठबंधन राग के बीच मायावती की कांग्रेस से दूरी क्यों
ख़्वावे कंपनी ने ज़मानत के लिए अर्ज़ी दाख़िल की
कनाडा में गिरफ़्तार की गईं चीन की ख़्वावे कंपनी की मुख्य वित्तीय अधिकारी ने ज़मानत अर्ज़ी दाख़िल की है. मेंग वांग्ज़ो की गिरफ़्तारी ने दुनियाभर के शेयर बाज़ारों को प्रभावित किया है.
अमरीका के आग्रह पर कनाडा ने बीते सप्ताह वैनकूवर में उन्हें गिरफ़्तार किया था. अमरीका का आरोप है कि मेंग ने ईरान पर लगे प्रतिबंधों का उल्लंघन किया है. अदालत में दाख़िल अर्ज़ी में मेंग की ओर से कहा गया है कि वो निर्दोष हैं और यदि उन्हें अमरीका प्रत्यर्पित किया जाता है तो वो आरोपों को चुनौती देंगी.
इसी बीच चीन ने कनाडा से उन्हें रिहा करने की मांग करते हुए कनाडा और अमरीका के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने की चेतावनी दी है.
इसी बीच अमरीका के व्यापारिक प्रतिनिधि ने कहा है कि चीन और अमरीका के बीच व्यापार युद्ध को ख़त्म करने के उद्देश्य से की जा रही वार्ता को एक मार्च से आगे नहीं बढ़ाया जाएगा. रॉबर्ट लाइटहाइज़र ने कहा है कि यदि कोई समझौता नहीं हुआ तो अमरीका चीन पर और अधिक टैक्स लगाएगा. उन्होंने ये भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि कनाडा में हुई मेंग वांग्ज़ो की गिरफ़्तारी का व्यापारिक वार्ता पर कोई असर होगा.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)