आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
बिहार में बीजेपी ने कैसे बनाई सीटों पर सहमति? : प्रेस रिव्यू
लोकसभा चुनावों के तहत एनडीए ने बिहार में सीटों के बंटवारे की घोषणा कर दी है.
रविवार को हुई एक बैठक में सीटों के बंटवारे पर आपसी सहमति बन सकी. बिहार में बीजेपी और जदयू 17-17 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और लोजपा छह सीटों पर.
हिन्दुस्तान अख़बार ने इस ख़बर को पहले पन्ने पर जगह दी है. अख़बार लिखता है कि लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान को भाजपा अपने कोटे से राज्यसभा भी भेजेगी.
यौन उत्पीड़न मामले में मेजर जनरल दोषी क़रार
दो साल पुराने यौन उत्पीड़न के मामले में एक मेजर जनरल को दोषी क़रार दिया गया है. आर्मी चीफ़ जनरल बिपिन रावत ने जनरल कोर्ट मार्शल (जीसीएम) की पुष्टि की है.
ये फ़ैसला रविवार को दोपहर को सुनाया गया. द हिंदू ने इस ख़बर को पहले पन्ने पर जगह दी है. इसके अलावा अख़बार ने सबरीमाल मंदिर में महिलाओं के प्रवेश को लेकर जारी गतिरोध की ख़बर को भी प्रमुखता दी है.
अग्नि-4 मिसाइल का सफल परीक्षण
अमर उजाला ने इस ख़बर को पहले पन्ने पर प्रकाशित किया है. अख़बार लिखता है कि परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम 4000 किमी दूरी तक मारक क्षमता की बैलेस्टिक मिसाइल अग्नि 4 का परीक्षण सफल रहा. रविवार को ओडिशा तट से इस मिसाइल का परीक्षण किया गया.
इसके अलावा अख़बार लिखता है कि निर्माणाधीन मकानों पर जीएसटी दर 12 से घटकर पांच फ़ीसदी हो सकती है. अख़बार लिखता है कि जीएसटी परिषद की 32वीं बैठक में घर ख़रीदने वालों को तोहफ़ा मिल सकता है.
ठंड के साथ-साथ प्रदूषण की मार
रविवार की रात दिसंबर की सबसे सर्द रात रही. बीते चार सालों में ये सबसे न्यूनतम तापमान रहा. इसके साथ ही प्रदूषण का स्तर भी एक बार फिर ख़तरे के निशान से ऊपर आ गया है.
दिल्ली की आबोहवा इस समय उतनी ही ज़हरीली है जितनी दिवाली के बाद थी. इस ख़बर को पहले पन्ने पर जगह दी हिंदुस्तान टाइम्स ने.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)