आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
चीन ने तिब्बत में भारतीय सीमा पर तैनात की होवित्ज़र तोपेंः पांच बड़ी ख़बरें
चीन ने भारत की सीमा से सटे तिब्बत में मोबाइल होवित्जर तोपों की तैनाती की है.
वहां के सरकारी अख़बार ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक़ चीन की सेना ने वहां तैनात अपने सैनिकों की युद्ध क्षमता को सुधारने के लिए होवित्ज़र तोपों को वाहनों में लगाया है.
ऐसा करने से तोपों को एक जगह से दूसरी जगह आसानी से ले जाया जा सकता है. इससे पहले इस स्थान पर हल्के भार वाले युद्ध टैंक तैनात किए गए थे.
भारत इस मसले पर अपनी आपत्ति और चिंता दर्ज कराएगा.
आयोध्या मामलाः सुप्रीम कोर्ट ने पांच सदस्यीय पीठ का गठन किया
सुप्रीम कोर्ट ने आयोध्या मामले की सुनवाई के लिए पांच सदस्यीय संविधान पीठ का गठन किया है.
यह पीठ रामजन्म भूमि-बाबरी मस्जिद भूमि विवाद के मालिकाना हक़ से जुड़े विवाद की सुनवाई करेगा.
चीफ़ जस्टिस रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाले इस पांच सदस्यीय पीठ में जस्टिस एसए बोबड़े, जस्टिस एनवी रमण, जस्टिस उदय यू ललित और जस्टिस धनंजय वाई चंद्रचूड़ शामिल हैं.
10 जनवरी यानी गुरुवार को यह पीठ इलाहाबाद हाई कोर्ट के फ़ैसले के ख़िलाफ़ दायर याचिका पर सुनवाई करेगा.
- यह भी पढ़ें | सवर्णों को आरक्षण से बीजेपी को क्यों नहीं मिलेगा फ़ायदा
नागरिकता विधेयक लोकसभा से पास
पाकिस्तान, अफ़ग़ानिस्तान और बांग्लादेश से आए धार्मिक अल्पसंख्यकों को भारत की नागरिकता देने वाले विधेयक को लोकसभा से पास कर दिया गया.
यह विधेयक नागरिकता क़ानून 1955 में संशोधन के लिए लाया गया है.
इस विधेयक के क़ानून बनने के बाद इन तीनों देशों से आए अल्पसंख्यक हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई धर्म के मानने वालों को 12 के बजाय 06 साल में नागरिकता दी जाएगी.
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में असम के कुछ वर्गों की आशंकाओं और धार्मिक आधार पर नागरिकता दिए जाने के आरोपों को निराधार बताया.
जयपुर में राहुल गांधी की विजय रैली
किसानों की क़र्ज़ माफ़ी का वादा निभाने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी जयपुर में विजय रैली करेंगे. माना जा रहा है कि कांग्रेस इस रैली से 2019 लोकसभा चुनाव प्रचार का आगाज करेगी.
राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद राहुल गांधी पहली बार राजस्थान जा रहे हैं, इसलिए राहुल का यह दौरा कांग्रेस और सरकार के लिए ख़ास है.
इस रैली के जरिए राहुल राजस्थान में की गई किसान क़र्ज़ माफी को उपलब्धि के तौर पर पेश करेंगे.
- यह भी पढ़ें | सामान्य वर्ग को आरक्षण दिए जाने से जुड़े 5 अनसुलझे सवाल?
अमरीकी जनता को संबोधित करेंगे डोनल्ड ट्रंप
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप मैक्सिको की सीमा पर दीवार बनाने से जुड़े अपने फ़ैसले के बारे में अमरीका की जनता को संबोधित करने वाले हैं.
डोनल्ड ट्रंप का कहना है कि मैक्सिको की ओर से अमरीका में प्रवेश करने वाले ग़ैरक़ानूनी प्रवासियों को रोकने के लिए सीमा पर दीवार का निर्माण करना बेहद ज़रूरी है.
हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेनटेटिव में डेमोक्रेट सांसद इस दीवार का विरोध कर रहे हैं. उन्होंने देश के सरकारी बजट से इस दीवार के निर्माण के लिए पांच बिलियन डॉलर राशि ख़र्च करने से इंकार कर दिया है.
ट्रंप और डेमोक्रेट्स के बीच इस तकरार के चलते अमरीका में सरकारी कामकाज कई दिनों से ठप पड़ा हुआ है. इस संबंध में डेमोक्रेट सांसद डिक डर्बिन ने कहा है कि अमरीका में सैकड़ों सरकारी कर्मचारियों को ट्रंप की वजह से बिना तनख्वाह के काम करना पड़ रहा है.
डिक डर्बिन ने कहा, ''हमारी सरकार ने बेवजह का सरकारी शटडाउन किया हुआ है. राष्ट्रपति ट्रंप ने बहुत गर्व से कहा था कि वे शटडाउन करने जा रहे हैं. पिछले हफ्ते मैं एक बैठक में था जहां उन्होंने कहा कि यह शटडाउन महीनों और सालों तक जारी रह सकता है. यह सब ग़लत है, ग़ैर ज़रूरी है."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)