आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
भारतीय सेना में पहली बार महिला सैनिकों की भर्ती : पांच बड़ी ख़बरें
भारतीय सेना ने महिलाओं को पहली बार जवान के तौर भर्ती करना शुरू किया है.
इससे पहले महिलाएं सिर्फ़ अधिकारी के तौर पर सेना में आती थीं मगर गुरुवार से सेना पुलिस में महिलाओं की जवान के तौर पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई.
सेना का लक्ष्य मिलिट्री पुलिस कैडर में महिलाओं की संख्या 20 प्रतिशत करना है.
अभी 14 लाख सशस्त्र बलों के 65,000 अधिकारियों के कैडर में देखें तो थल सेना में 1500, वायुसेना में 1600 और नौसेना में 500 ही महिलाएं हैं.
सेना ने सैन्य कोर में भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू किया है. आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि आठ जून है.
राहुल पर केजरीवाल का हमला
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि अगर भारतीय जनता पार्टी दोबारा सत्ता में आती है तो इसके लिए एक ही शख़्स ज़िम्मेदार होगा- राहुल गांधी.
आम आदमी पार्टी के प्रमुख ने ये टिप्पणी लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली में उनकी पार्टी का कांग्रेस के साथ गठबंधन न हो पाने के बाद की है.
दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने ये भी कहा कि उन्होंने कांग्रेस के साथ गठबंधन करने के बारे में पहले कभी सोचा भी नहीं था मगर देश को बचाने के लिए वह ऐसा करने के लिए तैयार थे.
केजरीवाल ने अपनी पार्टी का घोषणापत्र जारी करते हुए कहा, "हमने कांग्रेस के साथ गठबंधन की हर संभव कोशिश की लेकिन बीजेपी सत्ता में आती है तो इसके लिए राहुल गांधी ही ज़िम्मेदार होंगे."
मोदी आज दाख़िल करेंगे पर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वाराणसी लोकसभा सीट से अपना पर्चा दाखिल करेंगे.
भारतीय जनता पार्टी का कहना है कि इस मौक़े पर जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष नीतीश कुमार, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, लोकजनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष रामविलास पासवान और वरिष्ठ अकाली नेता प्रकाश सिंह बादल समेत एनडीए के कई नेता मौजूद रहेंगे.
गुरुवार को मोदी ने बनारस में एक बड़ा रोड शो किया था और गंगा आरती में भी हिस्सा लिया था.
सतपाल सत्ती को तीसरा नोटिस
हिमाचल प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष सतपाल सत्ती को चुनाव आयोग की ओर से एक और नोटिस मिला है. एक सप्ताह के अंदर उन्हें मिला यह तीसरा नोटिस है.
चुनाव आयोग ने उनसे मंडी शहर में बुधवार को आयोजित जनसभा में दिए उस बयान पर सफ़ाई मांगी है जिसमें उन्होंने कहा था कि 'हमारे नेताओं की ओर अगर कोई उंगली उठाएगा तो उसका बाज़ू बाटकर हाथ में दे देंगे.'
इससे पहले सतपाल सत्ती ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर एक जनसभा में सोशल मीडिया पोस्ट का सहारा लेकर गाली पढ़ी थी, जिसे लेकर चुनाव आयोग ने उन्हें नोटिस भेजा था.
दूसरा नोटिस उन्हें कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी करने पर जारी हुआ था.
चुनाव आयोग ने सत्ती को आचार संहिता के उल्लंघन को दोषी मानते हुए उनके ऊपर प्रचार करने पर 48 घंटों का प्रतिबंध लगा दिया था.
श्रीलंका में पाकिस्तानी शरणार्थियों पर हमले
सिलसिलेवार बम धमाकों के बाद ग़म से उबर रहे श्रीलंका में एक नया मानवीय संकट उभरता दिख रहा है.
श्रीलंका के पूर्वी तट पर राजधानी कोलंबो के उत्तर में स्थित नेगोंबो शहर में पाकिस्तानी शरणार्थियों पर स्थानीय लोगों के हमलों की ख़बर है.
इन हमलों के बाद बड़ी संख्या में इन शरणार्थियों को नेगोंबो छोड़कर जाना पड़ा है.
सिंहली, ईसाई और मुस्लिम मकान मालिकों ने धमाकों में हाथ होने के संदेह में इन्हें मकान खाली करने के लिए कहा है.
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद के माध्यम से यहां लगभग 800 लोग किराये के छोटे-छोटे मकानों में रह रहे हैं. इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)