आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
भीड़ के हमले में मारे गए पहलू ख़ान पर चार्जशीटः पांच बड़ी ख़बरें
राजस्थान के अलवर में दो साल पहले भीड़ के हाथों मारे गए हरियाणा के मेवात क्षेत्र के किसान पहलू ख़ान के ख़िलाफ़ राजस्थान की पुलिस ने गौ-तस्करी की चार्जशीट दाख़िल की है.
इस चार्जशीट में उनके दो बेटों को भी अभियुक्त बनाया गया है.
ये चार्जशीट राज्य में कांग्रेस सरकार बनने के कुछ ही दिन बाद दिसंबर 2018 में तैयार की गई थी और अब दाख़िल की जा रही है.
- यह भी पढ़ें | जी-20: क्या ओसाका में ट्रेड वॉर की बर्फ पिघलेगी
'धर्म के आधार पर देश का बंटवारा नेहरू की ऐतिहासिक भूल'
गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को लोकसभा में जम्मू-कश्मीर से जुड़े दो विधेयकों पर बहस का जवाब देते हुए कहा कि भारत का विरोध करने वाले के मन में भय है और ये और बढ़ेगा.
अमित शाह ने कहा कि यह मत भूलिए कि अनुच्छेद 370 अस्थायी है. उन्होंने कश्मीर के बिगड़ते हालात के लिए पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को जिम्मेदार ठहराया.
शाह ने कहा कि धर्म के नाम पर देश का बंटवारा करना नेहरू की ऐतिहासिक भूल थी.
चर्चा के दौरान जम्मू कश्मीर में छह महीने के लिए राष्ट्रपति शासन की अवधि बढ़ाने के प्रस्ताव को लोकसभा ने मंजूरी दे दी.
इसके अलावा शाह ने आरक्षण के प्रावधान में कुछ क्षेत्रों को जोड़ने की भी बात कही है.
- यह भी पढ़ें | सोच नहीं सकते कि स्मार्ट फ़ोन कितना ख़तरनाक है
अब दो लाख भारतीय जा सकेंगे हज पर
सऊदी अरब ने भारतीयों के लिए हज के कोटे में 30 हज़ार की वृद्धि की है. अब 1.7 लाख की जगह दो लाख भारतीय हर साल मक्का जा सकेंगे.
जापान के ओसाका में चल रहे जी-20 सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मुलाकात की, जिसमें सऊदी अरब ने हज का कोटा बढ़ाकर दो लाख करने का वादा किया.
- यह भी पढ़ें | धोनी हैं तो विश्व कप जीतना मुमकिन है
अमरीका के ख़िलाफ़ ईरान की गोलबंदी
ईरान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परमाणु समझौते को बचाने के लिए यूरोपीय देशों और अन्य देशों के साथ हो रही बातचीत आगे बढ़ी है लेकिन उतनी नहीं कि वो ईरान की मांगों को पूरा कर सके.
ईरानियों का कहना है कि ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी जैसे देशों को उसे अमरीकी प्रतिबंधों से बचाना चाहिए. वहीं, यूरोपीय, रूसी और चीनी राजनयिकों ने वियना में समझौता टूटने से रोकने के तरीकों पर चर्चा की.
इस बैठक में शामिल चीन ने कहा कि अमरीकी प्रतिबंधों के बावजूद वो ईरान से तेल आयात करना बंद नहीं करेगा.
चीन के फॉरन मिनिस्ट्री डिपार्टमेंट ऑफ आर्म्स कंट्रोल के एक अधिकारी फु कॉन्ग ने कहा, "हम एकतरफा प्रतिबंधों को खारिज करते हैं. हमारे लिए ऊर्जा सुरक्षा सबसे पहले है और उसके लिए तेल का आयात करना जरूरी है. हम अमरीका की तथाकथित ज़ीरो पॉलिसी को स्वीकार नहीं करते."
महिला फुटबॉल विश्व कपः अमरीका फाइनल में
पेरिस में हो रहे महिला फुटबॉल विश्व कप में मौजूदा चैंपियन और मेजबान फ्रांस को हराकर अमरीका फाइनल में पहुंच गया है.
अमरीकी टीम ने सैकेंड हाफ में जल्द ही दो गोल दाग दिए जबकि फ्रांस को पहले गोल करने में काफी समय लगा और वो मैच में बराबरी करने में असफल रहा.
आने वाले मंगलवार को सेमी फाइनल में अमरीका का मुकाबला इंग्लैंड से होगा.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)