आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
हेमंत सोरेन झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री बने
झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन ने रविवार को झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली. उन्होंने झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया.
झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई.
44 साल के हेमंत सोरेन को राजनीति विरासत में मिली है. शिबू सोरेन के दूसरे बेटे हेमंत सोरेन ने अपने बड़े भाई दुर्गा सोरेन की असामयिक मौत के बाद सियासत में क़दम रखा. वे राज्यसभा के सदस्य रहे. विधायक बने और फिर साल 2013 में वे झारखंड के पहली बार मुख्यमंत्री बने थे.
81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में झामुमो ने 30 सीट पर जीत दर्ज की है वहीं उसके गठबंधन सहयोगी कांग्रेस ने 16 और राजद ने एक सीट पर जीत हासिल की है.
इस मौक़े पर एक तरह से विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन भी देखने को मिला. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी, डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन, आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने भी शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया.
हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में उनके पिता शिबू सोरेन और उनके परिवार ने भी हिस्सा लिया.
लेफ्ट पार्टियों की ओर से सीताराम येचुरी और डी राजा भी मंच पर नज़र आए.
शपथ ग्रहण समारोह में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास भी मौजूद थे. इसके अलावा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह ने भी शिरकत की.
हेमंत सोरेन के अलावा कांग्रेस नेता आलमगीर आलम, रामेश्वर उरांव और आरजेडी के सत्यानंद भोक्ता ने मंत्री पद की शपथ ली.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)