आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
दिल्ली में हिंसाग्रस्त इलाकों में बंद रहेंगे स्कूल : पांच बड़ी ख़बरें
दिल्ली में बीते दिन और देर रात तक हिंसा की घटनाओं के चलते मंगलवार को हिंसाग्रस्त इलाकों में स्कूल बंद रहेंगे.
उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सोमवार को इस बारे में जानकारी दी थी.
दिल्ली के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में बीती रात और सोमवार को हुई हिंसा में मरने वालों की संख्या चार हो चुकी है.
इसके साथ ही दो दर्जन से ज़्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं.
मिडिल-ईस्ट तक पहुंचा कोरोनावायरस, बाज़ारों पर दिखा असर
चीन के वुहान से शुरू हुए कोरोनावायरस से अब तक 2595 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.
इसके साथ ही इटली और ईरान में कोरोनावायरस की वजह से पांच और 12 लोगों की मौत हो चुकी है.
लेकिन अब ये वायरस मध्य-पूर्व के देश इराक़, कुवैत, बहरीन, ओमान, और अफ़गानिस्तान तक पहुंच चुका है. इन देशों ने अपने यहां कोरोनावायरस से संक्रमित व्यक्ति के होने की पुष्टि की है.
कोरोनावायरस के एशिया-प्रशांत, यूरोप और मध्यपूर्व में फैलने के बाद वैश्विक बाज़ारों को तगड़ा झटका लगा है.
अमरीकी स्टॉक मार्केट मंगलवार को भारी गिरावट के साथ खुला जिसका असर दुनिया के दूसरे बाज़ारों पर भी देखने को मिलने की आशंका है.
राष्ट्रपति भवन में ट्रंप के लिए राजकीय भोज
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मंगलवार दोपहर को राष्ट्रपति भवन पहुंचेंगे.
राष्ट्रपति भवन में अमरीकी राष्ट्रपति के लिए आधिकारिक भोज का आयोजन किया गया है.
लेकिन इस भोज के लिए कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्षा सोनिया गांधी को न्योता नहीं दिया गया है.
सुप्रीम कोर्ट करेगी निर्भया मामले से जुड़ी याचिका पर सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट मंगलवार को निर्भया मामले में फांसी की सज़ा का इंतज़ार कर रहे दोषियों से जुड़ी केंद्र सरकारी की एक याचिका पर सुनवाई करेगी.
केंद्र सरकार ने अपनी याचिका में सुप्रीम कोर्ट से निर्भया के दोषियों को अलग-अलग फांसी की सज़ा देने की अनुमति मांगी है.
सर्वोच्च अदालत की तीन जजों की बेंच इस मामले की सुनवाई करेगी. इस बैंच का नेतृत्व जस्टिस आर भानुमति करेंगे.
लद्दाख़ में आज से शुरू होंगे खेलो इंडिया विंटर गेम्स
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख़ में मंगलवार से खेलो इंडिया विंटर गेम्स शुरू होने जा रहे हैं.
खेल मंत्री किरण रिजिजू लेह स्थित इंडोर आइस हॉकी रिंक में इन खेलों का शुभारंभ करेंगे.
इस प्रतियोगिता में अलग-अलग उम्र वर्ग के 1700 एथलीट हिस्सा लेंगे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)