आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
ट्विटर पर लौटे उमर अब्दुल्लाह, वायरल हुई तस्वीर
- Author, रियाज़ मसरूर
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर
- प्रकाशित
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्लाह सात महीनों बाद ट्विटर पर सक्रिय दिखाए दे रहे हैं.
उनकी अपने डॉक्टर के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. इस तस्वीर में उमर अब्दुल्लाह लंबी काली-सफ़ेद दाढ़ी में दिख रहे हैं.
उमर अब्दुल्लाह पिछले साल पाँच अगस्त को भारत सरकार द्वारा धारा 370 हटाए जाने के बाद से हिरासत में हैं.
इस फ़ैसले के बाद कई और प्रमुख नेताओं को हिरासत में लिया गया था. इसके अलावा जम्मू और कश्मीर में कर्फ़्यू लगाने के साथ-साथ इंटरनेट पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया था.
उमर अब्दुल्लाह को पब्लिक सेफ्टी एक्ट के तहत शांति के लिए ख़तरा बताया गया था. इसके तहत पुलिस किसी को भी छह महीनों के लिए हिरासत में रख सकती है.
इस हिरासत की अवधि को पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर कितने भी समय के लिए बढ़ाया जा सकता है.
वीपीएन का इस्तेमाल कर रहे लोग
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने जनवरी में कम स्पीड की इंटरनेट सेवा को बहाल कर दिया था लेकिन सोशल मीडिया पर प्रतिबंध बना हुआ था.
लेकिन, लोग वीपीएन का इस्तेमाल करके प्रतिबंध के बावजूद भी सोशल मीडिया इस्तेमाल कर रहे थे. बुधवार को प्रशासन ने सोशल मीडिया से भी प्रतिबंध हटा दिया. हालांकि, 17 मार्च तक हाई स्पीड इंटरनेट पर प्रतिबंध लगा हुआ है.
सेना वीपीएन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा रही थी और सैनिकों को ग्रामीण इलाक़ों में वीपीएन के इस्तेमाल को लेकर युवाओं को पीटते और धमकाते देखा गया था.
एक स्थानीय पत्रकार सनम एजाज़ कहते हैं कि उन्हें पिछले महीने उत्तरी कश्मीर में रोका गया और फोन में वीपीएन होने को लेकर चेतावनी दी गई.
सनम ने बताया, "मैंने उनसे कहा कि मेरे फोन में कोई बम नहीं है, ये सिर्फ़ वीपीएन है. तब एक पुलिसकर्मी ने मुझे पीटे जाने से बचाया. "
जब हटा सोशल मीडिया पर प्रतिबंध
जैसे ही सोशल मीडिया से प्रतिबंध हटा तो लोगों ने देखा कि उमर अब्दुल्लाह ने युद्धविराम के उल्लंघन के लिए तालिबान पर अमरीकी हमले वाला एक ट्वीट लाइक किया था.
उन्होंने बाद में उस ट्वीट को डिस्लाइक कर दिया लेकिन उसके स्क्रीन शॉट्स वायरल हो गए.
इसके बाद उमर अब्दुल्लाह की अपने डॉक्टर के साथ एक तस्वीर वायरल हो गई.
इससे पहले भी पिछले साल उनकी एक तस्वीर वायरल हुई थी जिसमें उनकी बढ़ी हुई दाढ़ी दिख रही थी.
उमर अब्दुल्लाह की बहन ने उनकी हिरासत को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी लेकिन उनकी याचिका को ख़ारिज कर दिया गया.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)