आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
कपिल मिश्रा के बयान की ओर ज़करबर्ग का इशारा- प्रेस रिव्यू
फ़ेसबुक प्रमुख मार्क ज़करबर्ग का अपनी टीम के साथ हुई मीटिंग का एक ऑडियो लीक हुआ है जिसमें वो अपनी टीम के साथ अमरीका में चल रहे विरोध प्रदर्शनों पर बात कर रहे हैं.
इस बैठक में ज़करबर्ग एक जगह दिल्ली दंगों के दौरान बीजेपी नेता कपिल मिश्रा के बयान की तरफ़ इशारा करते हुए सुनाई पड़ते हैं.
टाइम्स ऑफ़ इंडिया में प्रकाशित समाचार में बताया गया है कि ज़करबर्ग ने कपिल मिश्रा का नाम नहीं लिया लेकिन उन्होंने जिस बयान का ज़िक्र किया वैसा ही बयान कपिल मिश्रा ने दिल्ली में हुए दंगों के दौरान दिया था.
ख़बर के मुताबिक़, ज़करबर्ग ने यह बैठक तब बुलाई जब फ़ेसबुक के कुछ कर्मचारी इस बात पर ख़फ़ा हो गए कि अमरीका में चल रहे प्रदर्शनों पर फ़ेसबुक कोई प्रतिक्रिया क्यों नहीं कर रहा है. बैठक के दौरान ज़करबर्ग कहते हैं, ''हिंसा को भड़काने वाले बयानों के प्रति हमारी नीतियां बिलकुल साफ़ हैं. दुनियाभर में ऐसे कई उदाहरण हैं जब हमने सरकारी अधिकारियों के ऐसे बयानों को हटाया भी है. उदाहरण के लिए भारत के मामले में, जहां किसी ने कहा था कि अगर पुलिस यह सबकुछ नहीं संभाल सकती तो हमारे समर्थक यहां उतर आएंगे और रोड खाली करवा देंगे. यह अपने समर्थकों को उकसाने वाला बयान था और हमने उसे हटा दिया था.''
बीजेपी नेता कपिल मिश्रा का ऐसा ही बयान तब सामने आया था, जब उन्होंने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफ़राबाद मेट्रो स्टेशन के क़रीब इकट्ठा हुए सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए यह बयान दिया था.
चीन के साथ सीमा विवाद पर हुई बैठक में क्या हल निकला?
भारत और चीन के बीच पूर्वी लद्दाख में स्थित लाइन ऑफ़ एक्चुअल कंट्रोल पर जारी विवाद को सुलझाने के मक़सद से शनिवार को अहम बैठक हुई. दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के बीच यह बैठक लद्दाख की सीमा के पास हुई.
इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित समाचार में बताया गया है कि बैठक सुबह क़रीब 11 बजे शुरू हुई और लगातार तीन घंटे तक बातचीत का सिलसिला जारी रहा.
भारत की तरफ़ से लेफ़्टिनेंट जनरल हरिंदर सिंह के नेतृत्व में एक दल शामिल हुआ वहीं चीन की तरफ़ से मेजर जनरल लियु लिन के नेतृत्व में एक दल बैठक में आया.
माना जा रहा है कि इस बैठक में हुई बातों को लेफ़्टिनेंट जनरल हरिंदर सिंह अब सेना प्रमुख एम.एम नरवणे के सामने रखेंगे. फ़िलहाल सेना की तरफ़ से इस बैठक में हुई बातों के संबंध में कोई जानकारी साझा नहीं की गई है.
वहीं एक और अंग्रेजी अख़बार टाइम्स ऑफ़ इंडिया ने बताया है कि दोनों तरफ़ के सैन्य अधिकारियों के बीच हुई बैठक एक सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ी है.
अख़बार ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि दोनों पक्षों के बीच हुई बैठक सकारात्मक रही और दोनों ही देश पूर्वी लद्दाख की सीमा से सटे दोनों तरफ़ के इलाक़ों में पहले जैसी स्थिति कायम करने के लिए तैयार हुए हैं.
इसका मतलब है कि पैंगोंग झील, गोगरा-हॉट स्प्रिंग इलाक़ा और गलवान घाटी के इलाक़े से दोनों ही देश अपने भारी सैन्य बल और युद्धक हथियारों को हटा सकते हैं.
'लॉकडाउन हटने से भारत में हो सकता है कोरोना विस्फोट'
विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी डब्ल्यूएचओ के एक प्रमुख विशेषज्ञ ने भारत को चेतावनी देते हुए कहा है कि लॉकडाउन हटने से भारत में कोरोना वायरस के मामलों में उछाल देखने को मिल सकता है.
द हिंदू अख़बार में प्रकाशित इस समाचार के अनुसार डब्ल्यूएचओ के आपातकालीन प्रोग्राम के एग्ज़िक्यूटिव डायरेक्टर माइकल रेयान नेकहा कि भारत में अभी तक कोरोना का विस्फोट नहीं हुआ है लेकिन अब भारत लॉकडाउन हटाने की दिशा में बढ़ रहा है तो ऐसे में यह विस्फोट हो सकता है.
उन्होंने कहा कि भारत को लेकर अलग तरह की चिंताएं हैं, यहां बड़ी संख्या में लोगों का पलायन हुआ है, शहरी इलाक़ों में घनी आबादी है और अधिकतर लोग रोज़ाना की मज़दूरी करते हैं. ऐसे में कोरोना के मामले भी काफ़ी ज़्यादा बढ़ सकते हैं.
जिनेवा में दिए अपने भाषण में उन्होंने कहा कि सिर्फ़ भारत ही नहीं अधिकतर दक्षिण एशियाई मुल्कों में अभी तक कोरोना वायरस का विस्फोट देखने को नहीं मिला है, लेकिन इसका ख़तरा हमेशा बना हुआ है.
माइकल रेयान ने इस बीच यह भी कहा कि भारत ने जिस तरह देशव्यापी लॉकडाउन किया उससे काफ़ी हद तक इस वायरस के फैलाव को रोकने में कामयाबी मिली.
'दिल्ली दंगों में 510 लोग आरोपी, 205 हिंदू 205 मुसलमान'
दिल्ली में इस साल की शुरुआत में हुए दंगों की जांच कर रही दिल्ली पुलिस ने कहा है कि उसने निष्पक्ष जांच की है.
हिंदुस्तान टाइम्स की ख़बर के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने कुल 750 एफ़आईआर दर्ज की है और 1400 लोगों को गिरफ़्तार किया है. इनमें से 620 हिंदू हैं जबकि 683 मुसलमान हैं.
विभाग ने गिरफ्तार किए लोगों की धर्म के आधार पर संख्या इसलिए जारी की है क्योंकि लगातार इस तरह की ख़बरें फैल रही थीं कि पुलिस एक ख़ास समुदाय पर निशाना साध रही है.
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता एम.एस रंधावा ने बताया कि शनिवार सुबह तक उनके विभाग ने दंगों के 79 मामलों पर चार्जशीट दायर की थी जिसमें 510 लोगों को आरोपी बनाया गय है. इन 510 लोगों में भी 205 हिंदू और 205 मुसलमान हैं.
- कोरोना वायरस के क्या हैं लक्षण और कैसे कर सकते हैं बचाव
- कोरोना वायरस से बचने के लिए मास्क पहनना क्यों ज़रूरी है?
- अंडे, चिकन खाने से फैलेगा कोरोना वायरस?
- कोरोना वायरस: संक्रमण के बाद बचने की कितनी संभावना है
- कोरोना वायरस: क्या करेंसी नोट और सिक्कों से भी फैल सकता है?
- ‘फ़्लू’ जो कोरोना वायरस से भी ज़्यादा जानलेवा था
- क्या लहसुन खाने से ख़त्म हो जाता है कोरोना वायरस?
- कोरोना वायरस: क्या गर्भ में ही मां से बच्चे को हो सकता है?
- कोरोना काल में कैसे बनाए रखें अपनी रोमांटिक लाइफ़
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)