आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
ग्रेटा थनबर्ग ने किया जेईई-नीट परीक्षाएँ टालने का समर्थन
जलवायु परिवर्तन आंदोलनकारी ग्रेटा थनबर्ग ने कोरोना महामारी के दौरान भारत में इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षा जेईई और मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट नहीं करवाने की मांग का समर्थन किया है.
उन्होंने एक ट्वीट कर कहा है कि कोरोना महामारी और बाढ़ के वक्त यह परीक्षा करवाना छात्रों के साथ ‘बहुत अन्यायपूर्ण’ है.
उन्होंने ट्वीट किया है, “यह बहुत अन्यायपूर्ण है कि भारत में छात्रों को कोविड-19 महामारी के दौरान राष्ट्रीय स्तर के परीक्षा में बैठने के लिए कहा जा रहा है जबकि लाखों लोग भीषण बाढ़ से प्रभावित हुए हैं. मैं उनकी कोविड में जेईई-नीट परीक्षाओं के स्थगित करने के मांग के साथ खड़ी हूँ. ”
बाढ़ से बुरी तरह से प्रभावित राज्यों असम, बिहार, गुजरात, छत्तीसगढ़, केरल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के छात्र और उनके अभिभावक आईआटी और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं को स्थगित करने की मांग कर रहे हैं.
कई राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी इन परीक्षाओं को स्थगित करने की मांग की है.
आईआईटी और नीट की परीक्षाएँ सितंबर में होने वाली है. लेकिन इसकी तारीख़ आगे बढ़ाने को लेकर 11 छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी.
उनकी माँग थी कि दोनों परीक्षाओं की तारीख़ आगे बढ़ाई जाए.
लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने उनकी याचिका यह कहते हुए खारिज कर दी है कि ‘ज़िंदगी रूक नहीं सकती है.’
देश के शिक्षा मंत्री ने भी अब तक यही रूख अपनाया हुआ है कि वे सितंबर में होने वाली आईआईटी और नीट की परीक्षाएँ स्थगित नहीं करेंगे.
सितंबर में होनी है परीक्षा
आईआईटी की परीक्षा 1 से 6 सितंबर के बीच और नीट 13 सितंबर को होना है.
देशभर में आईआईटी के लिए 11 लाख छात्रों ने फ़ॉर्म भरे हैं. जबकि नीट के लिए 16 लाख छात्रों ने आवेदन दिया है.
इस साल कोरोना की वजह से आईआईटी और नीट दोनों ही परीक्षाओं की तारीख़ पहले एक बार बदली जा चुकी है.
सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक़ इस बार आईआईटी के लिए 600 सेंटर बनाए गए हैं, जो पहले 450 हुआ करते थे. उसी तरह से नीट की परीक्षा के लिए तकरीबन 4000 सेंटर इस बार हैं, जो पहले 2500 हुआ करते थे.
इसके अलावा इस साल महामारी की वजह से परीक्षा केंद्रों पर एक ही समय पर सभी छात्र ना पहुँचे, इसकी बात कही गई है.
एडमिट कार्ड में इसका ज़िक्र होगा. हफ़्ते भर में छात्रों को एडमिट कार्ड के साथ ही सारे नियमों की जानकारी दे दी जाएगी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)