आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
कांग्रेस ने सुरजेवाला को बिहार चुनाव प्रबंधन की कमान सौंपी- बिहार चुनाव की बड़ी ख़बरें
रविवार को कांग्रेस पार्टी ने पार्टी के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला को तीन चरण में होने बिहार असेंबली चुनावों के लिए पार्टी के चुनाव प्रबंधन और कोऑर्डिनेशन कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किया है.
पार्टी की आधिकारिक रिलीज के मुताबिक, सुरजेवाला 14 सदस्यीय पैनल की अगुवाई करेंगे.
इस पैनल में पूर्व स्पीकर मीरा कुमार, पूर्व मंत्री सुबोध कांत सहाय और पार्टी के स्टार प्रचारक शत्रुघ्न सिन्हा और कीर्ति आजाद शामिल हैं.
बीजेपी का चुनावी अभियान शुरू, जेपी नड्डा की रैली
बिहार चुनाव का बिगुल बज चुका है. सभी पार्टियों में टिकट बंटवारे, गठजोड़ तोड़ने-बनाने और जनता तक पहुंचने के प्रचार अभियान की तैयारियां ज़ोरों पर हैं.
भारतीय जनता पार्टी रविवार से बिहार में चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत कर दी है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज बिहार के गया में जनसभा को संबोधित किया.
अगले हफ़्ते बीजेपी के दूसरे बड़े नेता पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी बिहार में जनसभाएं करने वाले हैं. कोरोना वायरस महामारी के बीच चुनाव आयोग ने प्रचार अभियान को लेकर दिशानिर्देश जारी किए थे.
महामारी के संक्रमण को देखते हुए पहले की तरह बड़े स्तर चुनाव प्रचार और रैलियों की इजाज़त नहीं दी गई है लेकिन कुछ नियमों के साथ रैली, जनसभा और रोड शो किए जा सकते हैं.
रोड शो के दौरान उम्मीदवार अधिकतम पाँच वाहनों का इस्तेमाल कर पाएंगे. जनसभाओं में सामाजिक दूरी का पालन करना अनिवार्य होगा.
ज़िला निर्वाचन अधिकारी को पहले ही जनसभाओं के लिये निर्धारित मैदानों की पहचान करनी होगी. इन मैदानों पर प्रवेश और निकास की जगह स्पष्ट होनी चाहिए.
इन मैदानों पर ज़िला निर्वाचन अधिकारी को सामाजिक दूरी के नियमों का पालन कराने के लिये पहले ही निशान लगवाने हैं जिसका लोग पालन करें.
सभा में शामिल लोगों की संख्या राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा ऐसी जनसभाओं के लिये तय की गई संख्या से ज्यादा न होनी चाहिए.
बीजेपी बिहार में जनता दल यूनाइटेड के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है. मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गठबंधन का सीएम उम्मीदवार बनाया गया है.
बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर तीन चरणों में चुनाव होना है. 28 अक्टूबर, तीन और सात नवंबरको मतदान होगा और 10 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)