आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
भूपेंद्र पटेल होंगे गुजरात के नए मुख्यमंत्री, विधायक दल के नेता चुने गए
भूपेंद्र पटेल गुजरात के नए मुख्यमंत्री होंगे.
उन्हें आम सहमति से विधायक दल का नेता चुन लिया गया है. केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर इसकी जानकारी दी.
नरेंद्र तोमर ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि पटेल जल्द ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेगें. गांधीनगर में बीजेपी विधायक दल की बैठक के दौरान पटेल के नाम पर मुहर लगी.
इससे पहेल विजय रुपाणी ने शनिवार को यह कहते हुए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया था कि बीजेपी के भीतर कार्यकर्ताओं की ज़िम्मेदारियाँ बदलती रहती हैं.
गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल के क़रीबी माने जाने वाले भूपेंद्र पटेल इससे पहले अहमदाबाद शहरी विकास प्राधिकरण के प्रमुख रह चुके हैं.
भूपेंद्र पटेल अहमदाबाद की घाटलोडिया सीट से विधायक हैं. उनसे पहले इस सीट से राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेले चुनाव लड़ती थीं.
साल 2017 के चुनावों में ये चर्चा थी कि उस सीट से आनंदीबेन पटेल की बेटी को उतारा जाएगा, लेकिन अंत में भूपेंद्र पटेल के नाम पर सहमति बनी.
'अचानक ही हुआ नाम का ऐलान'
बीबीसी गुजराती सेवा के संवाददाता रॉक्सी गागरेकर छारा उनके नाम का ऐलान होने के बाद वहाँ लोगों से बात करने पहुँचे थे.
एक विधायक ने बीबीसी संवाददाता को बताया, ''विधायक दल की बैठक में भूपेंद्र पटेल तीसरी या चौथी कतार में बैठे हुए थे. ऐसा लगा कि अचानक ही उनके नाम की घोषणा हो गई.''
पटेल के नाम का ऐलान होते ही उन्हें बधाई देने वालों की भीड़ इकट्ठी हो गई और पार्टी विधायकों ने उनका अभिनंदन किया.
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी उन्हें ट्वीट करके बधाई दी.
शाह ने लिखा," भूपेद्र पटेल जी को विधायक दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं. मुझे विश्वास है कि नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन व आपके नेतृत्व में प्रदेश की अनवरत विकास यात्रा को नई ऊर्जा व गति मिलेगी और गुजरात सुशासन व जनकल्याण में निरंतर अग्रणी बना रहेगा.''
बीजेपी सांसद सुब्रमण्यन स्वामी ने भी इस फ़ैसले की सराहना की.
उन्होंने ट्विटर पर लिखा, "भूपेंद्र पटेल को गुजरात का नया सीएम चुनना एक बहुत अच्छा फ़ैसला है . बीजेपी का अब गुजरात की सत्ता में वापस आना निश्चित है."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)