आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
लीबिया में सात भारतीयों का हुआ अपहरण, सभी भारत लौट रहे थे
लीबिया में सात भारतीयों का अपहरण किया गया है. ये लोग आंध्र प्रदेश, बिहार, गुजरात और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. ये सभी लोग वहां कंस्ट्रक्शन और तेल सप्लाई करने वाली कंपनियों में काम करते थे.
लिबिया में इन लोगों का अपहरण अश्वेरिफ़ नाम की जगह पर 14 सितंबर को किया गया था. ये लोग भारत के लिए फ़्लाइट पकड़ने त्रिपोली एयरपोर्ट जा रहे थे और रास्ते में ही उनका अपहरण हुआ.
सितंबर 2015 में भारत सरकार ने एक एडवाइज़री जारी करके सुरक्षा स्थिति के मद्देनजर भारतीय नागरिकों को लीबिया नहीं जाने की सलाह दी थी. इसके बाद मई 2016 में सरकार ने हालात बिगड़ते देख लीबिया जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया था. यह प्रतिबंध अभी भी जारी है.
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "ट्यूनिशिया में स्थित हमारा दूतावास जो भारतीय नागरिकों के लिए काम करता है वह इस मामले पर लगातार काम कर रहा है. दूतावास ने लीबिया की सरकार से भी बात की है. इसके अलावा कई अंतराष्ट्रीय संस्थाएं जो वहां सक्रिय हैं हम उनकी मदद भी ले रहे हैं ताकि सही-सलामन इन भारतीयों को वापस लाया जा सके."
"सरकार इन सात लोगों के परिवारों के संपर्क में हैं और हम उन्हें यक़ीन दिलाना चाहते हैं कि हम उन्हें वापस सही-सलामत लाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं."
"लिबियाई अधिकारियों और जहां वे लोग काम करते थे उनकी मदद से हम जल्द से जल्द अपने नागरिकों का पता लगा लेंगे और उन्हें अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छुड़ा लेगें."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आपयहां क्लिककर सकते हैं. आप हमेंफ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्रामऔरयूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)