आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.

मुझे मुख्य वेबसाइट पर ले जाएं

नेतन्याहू को साथ लेने पर क्या बोले गादी आइज़नकोट?

आधिकारिक तौर पर नई इसराइली सरकार बनाने का ज़िम्मा सौंपे जाने के बाद गादी आइज़नकोट ने नई सरकार को लेकर आज घोषणा की है.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े,अभिषेक प्रताप सिंह

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अभिषेक प्रताप सिंह को दीजिए इजाज़त. कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    भारत से लेकर नेपाल, श्रीलंका और दुबई समेत देश-दुनिया में लोग कैसे मना रहे हैं दिवाली, तस्वीरों में देखें

    पाकिस्तान: '15 हज़ार का सिलेंडर 24 हज़ार रुपये में बिक रहा', डबल रेट देने को क्यों मजबूर हैं लोग?

    दिवाली: उत्तर में वेज और दक्षिण में नॉन-वेज, कैसे अलग हुई परंपरा?

  2. नेतन्याहू को साथ लेने पर क्या बोले गादी आइज़नकोट?

    आधिकारिक तौर पर नई इसराइली सरकार बनाने का ज़िम्मा सौंपे जाने के बाद गादी आइज़नकोट ने नई सरकार को लेकर आज घोषणा की है.

    बीबीसी पर्शियन से मिली जानकारी के मुताबिक, गादी आइज़नकोट ने कहा "मैं वर्तमान प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और उनके एक धुर दक्षिणपंथी सहयोगी के सरकार में शामिल होने से सहमत हूं, बशर्ते कि सरकार का गठन मेरे नेतृत्व में हो.''

    बिन्यामिन नेतन्याहू के नेतृत्व वाली 'लिकुड पार्टी' और धुर दक्षिणपंथी वित्त मंत्री बेत्ज़ेलल स्मोट्रिच के नेतृत्व वाली 'धार्मिक ज़ायोनिस्ट पार्टी' का ज़िक्र करते हुए आइज़नकोट ने कहा, "अगर लिकुड और धार्मिक ज़ायोनिस्ट पार्टियों के सदस्य सचमुच मानते हैं कि अब एकता का समय है, जैसा कि राष्ट्रपति ने कहा है, तो मुझे कोई कारण नहीं दिखता कि वे मेरे नेतृत्व में और मेरे द्वारा निर्धारित सिद्धांतों पर आधारित सरकार के गठन का समर्थन क्यों न करें."

    उन्होंने यह भी कहा कि इसराइली लोकतंत्र अपने इतिहास के सबसे कमज़ोर दौर में से एक का सामना कर रहा है.

  3. दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्षों ने दिवाली संदेश में क्या कहा ?

    दिवाली के अवसर पर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) , भारत में फ़्रांसीसी दूतावास और ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग की ओर से शुभकामना संदेश साझा किए गए हैं.

    यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा, "संयुक्त अरब अमीरात और दुनिया भर में दिवाली मना रहे सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं. यह पर्व और आने वाला वर्ष आपके और आपके परिवारों के लिए उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए."

    भारत में फ़्रांसीसी दूतावास ने शुभकामनाएं देते हुए लिखा, "भारत, फ़्रांस और दुनिया भर में मेरे सभी भारतीय मित्रों को दिवाली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं! इसकी रोशनी हमें हमेशा एकता, शांति और उम्मीद को बनाए रखने के लिए प्रेरित करे!"

    वहीं, भारत में ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री का संदेश शेयर करते हुए पोस्ट में कहा कि दीपावली ऑस्ट्रेलिया की बहुसांस्कृतिक पहचान का एक अनमोल हिस्सा बन गई है.

    पोस्ट में बताया गया कि प्रधानमंत्री ने प्रवासी समुदाय के स्थायी योगदान का जश्न मनाते हुए इस त्योहार के उम्मीद, एकता और नई शुरुआत के संदेश पर अपने विचार रखे हैं.

  4. होर्मुज़ स्ट्रेट में विस्फोट से तीन तेल टैंकर क्षतिग्रस्त

    ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के अनुसार, रविवार को होर्मुज़ जलडमरूमध्य में विस्फोटों और आग लगने की घटनाओं में तीन तेल टैंकर क्षतिग्रस्त हो गए.

    बीबीसी पर्शियन से मिली जानकारी के मुताबिक, ईरान ने कहा है कि ये जहाज़ क़ानूनों का उल्लंघन करते हुए अनधिकृत मार्ग से गुज़र रहे थे.

    ईरान का कहना है कि दक्षिणी मार्ग, जो ओमान के तट के पास स्थित है और जहां से गुज़रने वाले जहाज़ों को संयुक्त राज्य अमेरिका सुरक्षा प्रदान करता है, अवैध है.

    आईआरजीसी के जनसंपर्क विभाग का कहना है कि इन जहाज़ों में लगी आग "नेविगेशन और पहचान करने वाले सिस्टम का खराब होना" और "संयुक्त राज्य अमेरिका का इन जहाज़ों को प्रोत्साहित करने के लिए की गई उकसाने वाली कार्रवाइयों" के कारण हुई थी.

  5. रूस के हमले से यूक्रेन में बिजली गुल, 6 लाख से ज़्यादा घर अंधेरे में डूबे

    रूस ने यूक्रेन के एनर्जी ढांचे पर किए गए ताज़ा हमलों के बाद नीप्रॉपेट्रोव्स्क क्षेत्र में छह लाख से अधिक लोग बिना बिजली के रह रहे हैं.

    अस्पतालों को जनरेटर के सहारे चलाया जा रहा है. कीएव, खारकीव और पोल्टावा में भी बिजली कटौती की स्थिति है.

    यूक्रेन के अधिकारियों के से मिली जानकारी के मुताबिक, रूसी नियंत्रण वाले बंद पड़े जे़पोरिज़िया परमाणु संयंत्र के कूलिंग सिस्टम का संपर्क भी फिर से कट गया है.

    स्थानीय नेता ओलेक्सांद्र गांझा के मुताबिक, "संकट को देखते हुए अस्पतालों और अन्य ज़रूरी केंद्रों को कामकाज जारी रखने के लिए जनरेटर पर निर्भर होना पड़ रहा है."

    रूसी हमलों की वजह से राजधानी कीएव, खारकीव और पोल्टावा सहित कई अन्य प्रांतों में भी लोग बिजली कटौती का सामना कर रहे हैं.

  6. जापान में मोजों को लेकर विरोध, कंपनी ने क्यों मांगी माफ़ी

    अमेरिका और इसराइल के ईरान के साथ युद्ध और मध्य पूर्व से तेल निर्यात में बाधा के कारण जापान में वस्तुओं के उत्पादन और शिपिंग की लागत बढ़ गई है.

    हालांकि, लगातार बढ़ती लागत के बावजूद कई जापानी कंपनियां ग्राहकों को खोने के डर से क़ीमतें बढ़ाने से बच रही हैं, और कुछ कंपनियों को दाम बढ़ाने पर ग्राहकों का विरोध झेलना पड़ा है या माफ़ी मांगनी पड़ी है.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के अनुसार, कपड़ों की कंपनी यूनिक्लो ने ग्राहकों के विरोध के बाद अपने सामान्य मोज़ों की क़ीमत बढ़ाने के फ़ैसले को तुरंत वापस ले लिया.

    इसी बीच, रेस्तरां श्रृंखला 'सीज़र्स' ने अपने ग्राहकों से तब माफ़ी मांगी, जब उसने अपने एक लोकप्रिय भोजन की क़ीमत में मात्र 20 येन की बढ़ोतरी की.

    एनर्जी इम्पोर्ट पर निर्भर जापान, यूक्रेन युद्ध के बाद बढ़ती क़ीमतों से पहले ही प्रभावित हो चुका था, लेकिन ईरान के साथ युद्ध और होर्मुज़ स्ट्रेट से टैंकर यातायात में आई बाधा ने अब देश के व्यवसायों पर और अधिक दबाव डाल दिया है.

    हालांकि, बढ़ती लागत के बावजूद कई जापानी कंपनियां अपने ग्राहकों को खोने के डर से क़ीमतें बढ़ाने से बच रही हैं.

  7. एलओसी से जैसलमेर तक, घरों से दूर सेना के जवानों ने ऐसे मनाई दिवाली

    देश भर में जहां लोग अपने परिवारों के साथ दिवाली मना रहे हैं, वहीं जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर भारतीय सेना के जवानों ने अपने घरों से दूर साथी जवानों और अधिकारियों के साथ रोशनी का यह त्योहार मनाया.

    जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर तैनात भारतीय सेना के जवानों ने अपनी यूनिट्स के भीतर ही दिवाली मनाई.

    इस मौक़े पर सेना के जवानों ने दिवाली मनाते हुए एक-दूसरे को शुभकामनाएं भी दीं.

    वहीं राजस्थान में, जैसलमेर से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने भी अपने घरों से दूर अपने साथी अधिकारियों और जवानों के साथ मिलकर भारत-पाकिस्तान सीमा पर दिवाली का जश्न मनाया.

  8. एशिया कप अंडर-19 मैच में पाकिस्तान ने भारत को 3 विकेट से हराया

    भारत-पाकिस्तान के बीच ओमान में खेले जा रहे अंडर-19 एशिया कप मुक़ाबले को पाकिस्तान ने 48.1 ओवर में 209 रन का लक्ष्य हासिल कर जीत लिया है.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत ने पाकिस्तान को जीत के लिए 209 रनों का लक्ष्य दिया था.

    टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारतीय टीम 46.3 ओवर में 208 रन बनाकर ऑलआउट हो गई जिसके जवाब में पाकिस्तान ने 48.1 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 209 का लक्ष्य हासिल कर लिया.

    पाकिस्तान की ओर से हम्ज़ा ज़हूर ने 108 गेंदों में 100 रनों की शतकीय पारी खेली. हसनैन अब्बास डार ने 38 रनों की पारी खेली. इसके चलते पाकिस्तान ने यह मैच 48.1 ओवर में जीत लिया.

    भारत की ओर से मनल चौहान ने 3 विकेट और मोहित उल्वा ने 2 विकेट झटके

    बात बल्लेबाज़ी की करें तो भारत की ओर से सबसे ज़्यादा अर्जुन राजपूत ने 85 गेंदों पर 107 रन बनाए. उनके अलावा काव्य पटेल ने 23 रन और आर्यवीर सहवाग ने 22 रनों का योगदान दिया.

  9. सिक्किम में जवानों के बीच राजनाथ सिंह ने दिवाली पर क्या कहा?

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिवाली के अवसर पर सिक्किम के शेराथांग युद्ध स्मारक पर अमर वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और बाबा हरभजन सिंह मेमोरियल मंदिर का दौरा किया.

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिवाली के अवसर पर सिक्किम के शेराथांग युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की.

    इसके साथ ही उन्होंने दिवाली के मौक़े पर सिक्किम में बाबा हरभजन सिंह मेमोरियल मंदिर का भी दौरा किया.

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "इस चुनौतीपूर्ण सेक्टर में तैनात हमारे साहसी सैनिकों से मिलने और बातचीत करने का भी सौभाग्य मिला. हमारे जवान ख़ुद 'दीये' की तरह हैं, जो चुपचाप अंधेरे से लड़ रहे हैं और देश के हर घर में सुरक्षा का उजाला फैला रहे हैं"

    राजनाथ सिंह ने कहा, "मातृभूमि के सच्चे रक्षकों के बीच दिवाली मनाना अत्यंत गर्व की बात है. सीमाओं पर सेवा कर रहे हमारे सभी वीर जवानों और उनके परिवारों को दिवाली की हार्दिक और मंगलमय शुभकामनाएं."

  10. रियाद में अरामको टॉवर पर हमले की कोशिश, यमन में 83 लोगों की मौत का दावा

    सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय ने कहा है कि रियाद के फ़ाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में स्थित अरामको टॉवर पर हमले की एक कोशिश के दौरान छर्रे गिरे हैं, जिससे इमारत को मामूली नुक़सान पहुंचा है.

    इससे पहले सऊदी अरब ने यमन के हूतियों की ओर से रियाद की तरफ़ दागी गईं दो बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही नष्ट करने की जानकारी दी थी.

    जबकि हूती विद्रोहियों का दावा है कि, सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन के हवाई हमलों में पिछले 24 घंटों में 83 लोग मारे गए हैं.

    पिछले महीने ही अरामको ने वहां काम करने वाले अपने सभी कर्मचारियों को घर से काम करने को कहा था.

    इससे पहले, सऊदी अरब ने कहा था कि उसके एयर डिफ़ेंस सिस्टम ने यमन में हूतियों की ओर से रियाद की ओर दागी गईं दो बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही रोककर नष्ट कर दिया.

    दूसरी ओर, हूती विद्रोहियों का दावा है कि सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन के हवाई हमलों में पिछले 24 घंटों में 83 लोग मारे गए हैं.

  11. शेख़ हसीना के प्रत्यर्पण के लिए बांग्लादेश ने भारत से क्या कहा?

    बांग्लादेश के क़ानून मंत्री मोहम्मद असदुज़्ज़मान ने बताया है कि उनके देश ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को बांग्लादेश वापस लाने के लिए प्रत्यर्पण संधि के तहत भारत से अनुरोध किया है.

    बीबीसी बांग्ला से मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार को राजधानी ढाका के एक होटल में प्रशिक्षण कार्यशाला के उद्घाटन समारोह के बाद क़ानून मंत्री ने पत्रकारों के सवालों के जवाब में उन्होंने यह जानकारी दी.

    क़ानून मंत्री ने कहा, "शेख़ हसीना के मामले में क़ानूनी रूप से जो कुछ भी किया जाना चाहिए, वह हमने उचित प्रक्रिया के तहत किया है. इसमें क़ानून के मुताबिक़ ही कार्रवाई की जाएगी. आप देखेंगे कि जब हम कोई क़दम उठाएंगे, तो इसमें भावनाओं का कोई मामला नहीं होगा. मुख्य बात यह है कि हम क़ानून लागू करेंगे. अगर हम क़ानून को सही ढंग से लागू नहीं करते हैं, तब आप सवाल उठा सकते हैं."

    क्या भारत की अदालत में क़ानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी, पत्रकारों के इस सवाल पर क़ानून मंत्री ने कहा, "यह भारत सरकार का मामला है. हमने प्रत्यर्पण संधि के तहत उनसे अनुरोध किया है."

    मोहम्मद असदुज़्ज़मान ने कहा, "अगर वे उन्हें हमें सौंपते हैं, तो हम उचित प्रक्रिया के तहत जिस तरह से उन्हें क़ानून के हवाले किया जाना चाहिए, वैसे ही करेंगे."

    भारत में शेख़ हसीना एक क़ैदी के तौर पर नहीं बल्कि 'स्टेट गेस्ट' (राजकीय अतिथि) के तौर पर रह रही हैं, ऐसे में उन्हें बंदी प्रत्यर्पण संधि के तहत कैसे लाया जाएगा? पत्रकारों के इस सवाल पर क़ानून मंत्री ने कहा, "मेरे लिए वह एक अपराधी हैं."

    जुलाई में जनांदोलन और उसके बाद 'मानवता के ख़िलाफ़ अपराधों' के मुक़दमे का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा, "वह हमारे ट्रिब्यूनल के फ़ैसले के मुताबिक़ सज़ायाफ़्ता अपराधी हैं. हमारे लिए उनकी यही पहचान है."

  12. कांग्रेस ने पीएम मोदी पर पैसे देकर ट्रंप से तारीफ़ में पोस्ट करवाने का लगाया आरोप

    कांग्रेस ने 'मर्करी पब्लिक अफ़ेयर्स' के हवाले से पीएम मोदी पर पैसे देकर ट्रंप से तारीफ़ वाले पोस्ट और फ़ोन कॉल अरेंज करवाने का आरोप लगाया है.

    अमेरिका की 'मर्करी पब्लिक अफ़ेयर्स' नाम की एक लॉबिंग फ़र्म के हवाले से कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट शेयर किया है.

    इस पोस्ट में लिखा गया है कि मोदी सरकार ने 'मर्करी पब्लिक अफ़ेयर्स' को 75 हज़ार डॉलर प्रति महीने पर रखा था और इसके ज़रिए डोनाल्ड ट्रंप से तारीफ़ वाले पोस्ट करवाए जा रहे थे.

    दावा किया गया है कि यह लॉबिंग फ़र्म ट्रंप के क़रीबी लोगों की है, इसलिए ट्रंप तक इसकी पहुंच आसान थी.

    फ़र्म के हवाले से कहा गया है कि जून 2026 में ट्रंप ने मोदी के सबसे लंबे समय तक चयनित प्रधानमंत्री बनने पर जो बधाई दी थी, वह पोस्ट इसी लॉबिंग फ़र्म ने करवाया था.

    इस मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा गया है कि जब देश चुनौतियों से घिरा हुआ था और होर्मुज़ के आसपास भारतीय जहाज़ों और नाविकों पर हमले हो रहे थे, उस वक़्त जनता के पैसे से फ़र्ज़ी पीआर और ट्वीट करवाए जा रहे थे.

    आरोप लगाया गया है कि लोगों को पैसे देकर अपनी झूठी तारीफ़ करवाना शर्मनाक है और इससे प्रधानमंत्री पद की गरिमा गिरी है.

  13. अंडर-19 एशिया कप: भारत ने पाकिस्तान को दिया 209 रनों का लक्ष्य

    ओमान में खेले जा रहे अंडर-19 एशिया कप के मुक़ाबले में भारत ने पाकिस्तान को जीत के लिए 209 रनों का लक्ष्य दिया है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारतीय टीम 46.3 ओवर में 208 रन बनाकर ऑलआउट हो गई

    भारत और पाकिस्तान के बीच ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड में अंडर-19 एशिया कप का मैच खेला जा रहा है.

    इस मुक़ाबले में भारत की अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया.

    भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 46.3 ओवर में 208 रन बनाए और पूरी टीम ऑलआउट हो गई. इसके साथ ही पाकिस्तान को जीत के लिए 209 रनों का लक्ष्य मिला है.

    भारत की ओर से सबसे ज़्यादा अर्जुन राजपूत ने 85 गेंदों पर 107 रन बनाए. उनके अलावा काव्य पटेल ने 23 रन और आर्यवीर सहवाग ने 22 रनों का योगदान दिया.

    वहीं, पाकिस्तान की ओर से गेंदबाज़ी करते हुए अली रज़ा, निकाब शफ़ीक़ और रिज़वानुल्लाह ने 3-3 विकेट झटके.

  14. बस्तर के कोबरा बेस में दिवाली मनाने पहुंचे पीएम मोदी ने 'दिमागी नक्सल' पर क्या कहा?

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षाकर्मियों के साथ दिवाली मनाई. इस दौरान उन्होंने बस्तर के करनपुर स्थित कोबरा ऑपरेशंस बेस का दौरा किया और सैनिकों को श्रद्धांजलि दी.

    यह बेस बस्तर और अबूझमाड़ में नक्सल-विरोधी अभियानों के लिए एक प्रशिक्षण केंद्र और लॉन्च पैड के रूप में काम करता था.

    बस्तर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "करोड़ों-करोड़ों देशवासी आप पर गर्व करते हैं. कृतज्ञता और अपनेपन के इसी भाव के साथ मैं आप सभी को दीपावली की बहुत-बहुत बधाई देता हूं. मैं देश की सीमाओं पर राष्ट्र रक्षा के लिए तैनात हमारे सैनिकों को भी बधाई देता हूं."

    प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, "हमें एक बात याद रखनी चाहिए. नक्सली तो ख़त्म हो गए हैं, लेकिन ख़तरा अभी टला नहीं है. जंगलों से हथियारबंद नक्सलियों का सफ़ाया तो हो गया है, लेकिन 'दिमागी नक्सलियों' ने कई संगठनों पर क़ब्ज़ा कर लिया है."

    उन्होंने कहा, "आज भी, वे लोगों को देश के संविधान और लोकतंत्र के ख़िलाफ़ भड़का रहे हैं. ये 'दिमागी नक्सली' कई राजनीतिक दलों और अलग-अलग संगठनों में भी घुसपैठ कर चुके हैं. हमें इनकी पहचान करनी होगी, इन्हें हराना होगा और देश की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी."

  15. अभी तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अभिषेक प्रताप सिंह रात दस बजे तक आपतक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

  16. नोटबंदी के दस साल पूरेः कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने मक़सद पर उठाए सवाल

    कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने नोटबंदी के दस साल पूरे होने पर इसके मक़सद को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं.

    उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में अंग्रेज़ी अख़बार 'द हिन्दू' के इकोनॉमिक्स और बिज़नस एडिटर की एक पोस्ट को शेयर किया है.

    जयराम रमेश ने लिखा, "यह 8 नवंबर, 2016 की रात प्रधानमंत्री की ओर से टीवी पर बड़े जोर-शोर से घोषित किए गए एक बेहद तुग़लकी फ़ैसले का शानदार, तथ्यों और आंकड़ों पर आधारित विश्लेषण है."

    "यह फ़ैसला अपने किसी भी प्रमुख मक़सद को हासिल करने में पूरी तरह नाकाम रहा. उलटे, इसने करोड़ों लोगों की आजीविका को तबाह कर दिया. इसके लागू होते ही स्पष्ट हो गया था कि यह एक ऐसी आपदा साबित होने वाली है, जिसकी भविष्यवाणी पहले से ही की जा सकती थी."

    'द हिन्दू' अख़बार के इकोनॉमिक्स और बिज़नेस एडिटर शरद राघवन ने अपनी पोस्ट में लिखा, "सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ.संयोग से, आज डिमोनिटाइज़ेशन के दस साल भी हुए हैं. 2016 के बाद भी नकदी की लोकप्रियता जस की तस बनी हुई है."

    शरद राघवन ने लिखा है कि कुल मिलाकर पकड़े गए जाली नोटों की संख्या में कमी आई है, लेकिन नोटबंदी के बाद जारी किए नोटों (500 और 2000) के नकली नोट की संख्या बढ़ी है.

  17. यूएई नेशनल गार्ड ने ओमान सागर में जलते हुए जहाज़ से 22 लोगों को बचाया

    संयुक्त अरब अमीरात के नेशनल गार्ड ने बताया है कि ओमान सागर में एक मालवाहक जहाज़ में आग लगने के बाद उन्होंने 22 लोगों को बचाया है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, यूएई नेशनल गार्ड ने रविवार को कहा कि सभी जीवित बचे लोग अरब देशों के नागरिक हैं.

    आग लगने का कारण, जहाज़ की पहचान और इस घटना का ओमान सागर की ताज़ा सैन्य घटनाओं से कोई संबंध अभी स्पष्ट नहीं है.

    इससे पहले अमेरिकी सेंट्रल कमान (सेंटकॉम) ने कहा था कि ओमान सागर में एक कार्गो जहाज़ को निशाना बनाया गया है और उसे आगे बढ़ने से रोक दिया, क्योंकि वह अमेरिका की ओर से ईरान की नौसैनिक नाकाबंदी को दरकिनार करने की कोशिश कर रहा था.

    सेंटकॉम ने एक बयान में कहा कि जहाज़ के चालक दल ने बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद कई बार अमेरिकी नाकाबंदी तोड़ने का प्रयास किया.

    सेंटकॉम के अनुसार, एक अमेरिकी सैन्य विमान ने सेंट किट्स और नेविस के ध्वज वाले मालवाहक जहाज़ ‘हुडा’ के पिछले हिस्से पर सटीक निशाना लगाया, जिससे वह निष्क्रिय हो गया.

  18. बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को पीएम मोदी ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को 99वें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं.

    पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "आज, 8 नवंबर का दिन ऐतिहासिक महत्व रखता है. आदरणीय लालकृष्ण आडवाणी अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं. इस ख़ास अवसर पर उन्हें मेरी हार्दिक शुभकामनाएं."

    उन्होंने अपने संदेश में लिखा, "आज का ये अवसर मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से बहुत भावुक कर देने वाला है. मैं ख़ुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे हमेशा आडवाणी जी का स्नेह, सान्निध्य और मार्गदर्शन मिलता रहा है. आज उनके साथ बिताए हुए अनगिनत पल, उनसे जुड़ी कितनी ही स्मृतियां मन में उमड़ रही हैं."

    "सार्वजनिक जीवन में काम करते हुए कई दशक पहले मुझे उनके संपर्क में आने का अवसर मिला था. धीरे-धीरे हमारा ये संबंध इतना आत्मीय हो गया कि वे मेरे लिए अभिभावक की तरह बन गए."

  19. दिवाली कैसे मना रहे हैं राहुल गांधी, साझा कीं तस्वीरें

    कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दी हैं.

    इस मौक़े पर कांग्रेस सेवा दल ने राहुल गांधी की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें वो दिवाली के लिए पकवान तैयार करते नज़र आ रहे हैं.

    राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "आपको और आपके परिवार को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ."

    राहुल गांधी ने लिखा, "हर घर में खुशियों और समृद्धि के दीप जलें. यह पावन पर्व पूरे भारत में सुख, शांति, सौहार्द और नई उम्मीदों की रोशनी लेकर आए."

  20. आईआरजीसी का दावा- होर्मुज़ स्ट्रेट में बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद दो तेल टैंकरों में लगी आग

    ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने कहा है कि होर्मुज़ स्ट्रेट में में बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद दो तेल टैंकरों में आग लग गई.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, आईआरजीसी का यह बयान ईरानी मीडिया में होर्मुज़गान प्रांत के कई हिस्सों में विस्फोट जैसी आवाज़ें सुने जाने की ख़बरों के बाद आया है.

    आईआरजीसी नौसेना के अनुसार, दोनों टैंकरों ने अपने नेविगेशन और पोजिशनिंग सिस्टम को बंद करके उन मार्गों से गुजरने की कोशिश की थी, जिन्हें ईरान ने अवैध घोषित किया है.

    आईआरजीसी नौसेना ने चेतावनी दी है कि जो जहाज़ और पोत अमेरिकी सेना के साथ सहयोग करते हैं और होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजरने के लिए ईरान की ओर से घोषित नियमों का उल्लंघन करते हैं तो उन्हें बारूदी सुरंगों से निशाना बनाया जाएगा.

    आईआरजीसी ने जहाज़ों से यह भी आग्रह किया कि वे "सेंटकॉम कमांडर की काल्पिनिक बातों" को नज़रअंदाज़ करें.

    इस बयान के जारी होने से पहले, एक रेडियो और टेलीविजन रिपोर्टर ने बताया था कि क़ेसम, सिरिक, जास्क और बंदरअब्बास में विस्फोटों जैसी आवाजें सुनी गई थीं.