आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.

मुझे मुख्य वेबसाइट पर ले जाएं

लाइव , इटली के 6,300 स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने क्या कहा

इटली के रोम, नेपल्स, मिलान, जेनोआ, विसेंज़ा, फ़्लोरेंस, पीसा और ट्रिएस्टे समेत कई शहरों के स्कूलों को ईमेल के ज़रिए धमकियां भेजी गईं. एहतियात के तौर पर कई इमारतों को ख़ाली कराया गया.

सारांश

लाइव कवरेज

अभिषेक प्रताप सिंह, अरशद मिसाल

  1. इटली के 6,300 स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने क्या कहा

    इटली के क़रीब 6,300 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. हालांकि, शिक्षा मंत्री ग्यूसेपे वाल्दितारा ने कहा है कि ये घटनाएं किसी वास्तविक ख़तरे के बजाय साइबर अटैक प्रतीत होती हैं.

    वाल्दितारा ने इटली के एक टीवी चैनल से कहा कि इटली और यूरोप के दूसरे देशों में मिल रही इन धमकियों के पीछे एक स्पष्ट रणनीति नज़र आती है. इन धमकियों में विमानों, सुपरमार्केट और यहां तक कि अस्पतालों को भी निशाना बनाया गया है.

    इटली के रोम, नेपल्स, मिलान, जेनोआ, विसेंज़ा, फ़्लोरेंस, पीसा और ट्रिएस्टे समेत कई शहरों के स्कूलों को ईमेल के ज़रिए धमकियां भेजी गईं. एहतियात के तौर पर कई इमारतों को ख़ाली कराया गया.

    प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने वरिष्ठ मंत्रियों और ख़ुफ़िया एजेंसियों के प्रमुखों के साथ बैठक बुलाई है. वहीं, विपक्षी नेताओं की गुरुवार को उनसे मुलाक़ात होनी थी.

    मेलोनी ने कहा कि सरकार शैक्षणिक संस्थानों को बम से उड़ाने की कई धमकियों पर क़रीबी नज़र रख रही है. हालांकि, अब तक की जांच में किसी "ठोस ख़तरे" के सबूत नहीं मिले हैं.

    उन्होंने फ़ेसबुक पर लिखा, "ये धमकियां लोगों में डर और चिंता पैदा करने की रणनीति का हिस्सा लगती हैं."

    इटली के अधिकारियों के मुताबिक़, बुधवार को एक ही ईमेल देश के कुल 7,476 सरकारी स्कूलों में से 6,300 के इनबॉक्स में भेजा गया था. निजी स्कूलों को ऐसी कोई धमकी नहीं मिली.

  2. दिवाली के अगले दिन दिल्ली में प्रदूषण की सबसे बड़ी वजह पटाखे रहे- आईआईटीएम की रिपोर्ट

    इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ ट्रॉपिकल मेटियोरोलॉजी (आईआईटीएम) के मुताबिक़, सोमवार और मंगलवार को दिल्ली के वायु प्रदूषण में सबसे बड़ा योगदान पटाखों का रहा.

    सोमवार को प्रदूषण में पटाखों की हिस्सेदारी 71.1 फ़ीसदी, जबकि मंगलवार को 29.8 फ़ीसदी रही.

    आईआईटीएम के मुताबिक़, दिवाली के अगले दिन यानी सोमवार को शहर के प्रदूषण में पटाखों का योगदान काफ़ी ज़्यादा था. हालांकि, मंगलवार को इसमें गिरावट दर्ज की गई.

    सोमवार को दिल्ली के प्रदूषण में वाहनों से निकलने वाले धुएं की हिस्सेदारी 6.9 फ़ीसदी रही. इसके बाद अकार्बनिक एयरोसोल की हिस्सेदारी 5 फ़ीसदी और कार्बनिक एयरोसोल की 4.5 फ़ीसदी थी.

    लकड़ी जलाने से 1.3 फ़ीसदी प्रदूषण हुआ, जबकि कचरा जलाने से 1.1 फ़ीसदी. इसमें नगर निगम के कचरे के साथ प्लास्टिक और रबर वाला कचरा भी शामिल है.

    कोयला जलाने और औद्योगिक उत्सर्जन का योगदान 0.5 और 0.2 फ़ीसदी रहा.

  3. पाकिस्तान: ख़ैबर पख़्तूनख़्वा में पुलिसकर्मियों पर हमला, कुछ के मारे जाने की आशंका

    पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वा प्रांत के कोहाट इलाके में बुधवार को पुलिस दल पर हुए हमले में 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ इमरजेंसी रिलीफ़ ऑर्गेनाइज़ेशन 'रेस्क्यू 1122' ने हमले और घायलों की संख्या की पुष्टि की है. वहीं, हमले में कुछ पुलिसकर्मियों के मारे जाने की भी आशंका जताई जा रही है. हालांकि, अधिकारियों ने अब तक मृतकों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है.

    रेस्क्यू 1122 की ओर से जारी एक वीडियो में कोहाट के प्रवक्ता जवाद अफ़रीदी ने बताया, "पुलिस दल पर गोलीबारी के बाद अब तक क़रीब 12 घायल जवानों को अस्पताल पहुंचाया गया है."

    प्रवक्ता के मुताबिक़, घायल पुलिसकर्मियों ने उन्हें बताया कि घटनास्थल पर कुछ जवानों के शव पड़े हुए हैं. हालांकि, दुर्गम इलाका होने के कारण राहत और बचाव दल को मौके तक पहुंचने में देरी हो रही है.

    जवाद अफ़रीदी ने कहा कि मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि मिलने के बाद ही इस संबंध में विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी.

    गवर्नर हाउस की ओर से जारी बयान में भी पुलिसकर्मियों की मौत का उल्लेख किया गया है, लेकिन आधिकारिक संख्या का ज़िक्र नहीं है.

  4. अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन ने की शादी

    संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर और सन टीवी नेटवर्क के प्रबंध निदेशकों में से एक काव्या मारन ने शादी कर ली है. यह शादी बुधवार को यूरोपीय देश ग्रीस में हुई.

    अनिरुद्ध ने इंस्टाग्राम पर काव्या के साथ शादी की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "मेरी पूरी ज़िंदगी में एक बार, वह भी पूरी ज़िंदगी के लिए."

    मीडिया में आई ख़बरों के मुताबिक़, शादी में तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और अभिनेता रजनीकांत समेत दूल्हा-दुल्हन के क़रीबी रिश्तेदार शामिल हुए.

    काव्या मारन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन हैं.

    सनराइजर्स ने एक्स पर लिखा, "काव्या और अनिरुद्ध को उनकी ज़िंदगी के इस नए सफ़र की शुरुआत पर ढेर सारी ख़ुशियों और प्यार की शुभकामनाएं."

  5. अमूल और मदर डेयरी ने दूध की क़ीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की

    अमूल और मदर डेयरी ने देशभर में ताज़ा पैकेट वाले दूध की क़ीमतों में क़रीब 4 से 5 फ़ीसदी की बढ़ोतरी की है.

    यह बढ़ोतरी 12 नवंबर यानी कल से लागू होगी.

    अमूल के सबसे ज़्यादा बिकने वाले टोंड दूध 'अमूल ताज़ा' (3 फ़ीसदी मिल्क फ़ैट) की क़ीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. मदर डेयरी ने भी टोंड दूध पर दो रुपये की बढ़ोतरी की है.

    वहीं, अमूल और मदर डेयरी ने फूल क्रीम दूध की क़ीमत में 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है.

  6. ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक चलेगी मेट्रो, कैबिनेट ने दी मंज़ूरी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नोएडा मेट्रो रेल परियोजना की एक्वा लाइन का विस्तार करने की मंज़ूरी दे दी है.

    इसके तहत नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक करीब साढ़े 8 किलोमीटर लंबा मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा. इस रूट पर पांच एलिवेटेड स्टेशन होंगे.

    इस कॉरिडोर के चालू होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मेट्रो रेल नेटवर्क की कुल लंबाई 71.878 किलोमीटर हो जाएगी.

    इस कॉरिडोर से ज़्यादा मांग वाले रूटों तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी. इसमें नोएडा सेक्टर-61 पर ब्लू लाइन मेट्रो के साथ इंटरचेंज की सुविधा भी शामिल है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "नोएडा और ग्रेटर नोएडा का विस्तार हो रहा है, तो यहां रोज़ाना आने-जाने में ज़्यादा समय क्यों लगे?"

    पीएम मोदी ने कहा कि इस कॉरिडोर से दफ़्तरों, स्कूलों, अस्पतालों और व्यावसायिक केंद्रों तक पहुंच आसान होगी. साथ ही सड़कों पर ट्रैफ़िक का दबाव कम होगा और आने-जाने में कम समय लगेगा.

  7. ईरान ने यूरेनियम को लेकर अमेरिका को दी ये चेतावनी

    ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसिन रेज़ाई का कहना है कि उनका देश अपने संवर्धित यूरेनियम का "एक कण भी" बाहर नहीं जाने देगा.

    लेबनान के अल-मयादीन टीवी चैनल को दिए एक इंटरव्यू में रेज़ाई ने कहा कि ईरान ने रूस को भी बता दिया है कि वह अपने संवर्धित यूरेनियम को देश के भीतर ही रखेगा और उसका इस्तेमाल करेगा.

    उन्होंने कहा कि ईरान को परमाणु ऊर्जा से चलने वाले जहाज़ और पनडुब्बियां बनाने के लिए इस पदार्थ की ज़रूरत है.

    इससे पहले, रूस ने अमेरिका के साथ संभावित परमाणु समझौते के तहत ईरान के संवर्धित यूरेनियम को अपने देश में रखने का प्रस्ताव दिया था. हालांकि, इस प्रस्ताव पर फ़ैसला लेने का अधिकार उसने ईरान पर छोड़ दिया था.

    मोहसिन रेज़ाई का यह बयान ऐसे समय आया है, जब युद्ध ख़त्म करने की कोशिशों के बीच ईरान का परमाणु कार्यक्रम उसके और अमेरिका के बीच विवाद का एक प्रमुख मुद्दा बना हुआ है.

  8. युद्ध और ऊर्जा संकट के बीच तुर्की में दुनिया भर के बड़े देशों के साथ दिखेगा ईरान

    11 नवंबर को दुनियाभर के बड़े नेता तुर्की के अंताल्या में संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (COP31) के तीसरे दिन अपनी-अपनी बात रखेंगे.

    यह शिखर सम्मेलन सोमवार को शुरू हुआ था और 20 नवंबर तक चलेगा. ऐसे समय में यह बैठक हो रही है, जब अमेरिका और इसराइल के साथ ईरान का युद्ध, बढ़ती ऊर्जा लागत और आर्थिक संकट दुनिया की सरकारों के सामने बड़ी चुनौतियां बने हुए हैं.

    करीब 200 देशों के प्रतिनिधि इस सम्मेलन में शामिल हुए हैं. उनका मक़सद ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन कम करने, बिजली के इस्तेमाल को बढ़ाने और पेट्रोलियम ईंधन पर निर्भरता घटाने के उपायों पर चर्चा करना है.

    ईरान भी COP31 में भाग ले रहा है. अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने अंताल्या में ईरानी प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी की पुष्टि की है. हालांकि, अभी यह साफ़ नहीं है कि प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कौन करेगा और क्या ईरानी प्रतिनिधि इस बैठक में भाषण देंगे.

    सम्मेलन के मेज़बान तुर्की ने एक नई योजना पेश की है. इसके तहत वैश्विक ऊर्जा खपत में बिजली की हिस्सेदारी को मौजूदा 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 2035 तक 35 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है. इसका उद्देश्य कारों, कारखानों और इमारतों में पेट्रोलियम ईंधन की खपत कम करना है.

    ईरान के साथ अमेरिका और इसराइल के युद्ध तथा मध्य पूर्व से तेल की आपूर्ति में बाधा के कारण कई देशों में ऊर्जा की लागत बढ़ गई है. इसके चलते ऊर्जा सुरक्षा फिर से सरकारों की प्राथमिकता बन गई है.

    संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने सरकारों से पेट्रोलियम ईंधन को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने की स्पष्ट समय-सीमा तय करने की अपील की है.

    वहीं, फ्रांस के पूर्व प्रधानमंत्री लॉरां फ़ाबियस ने कहा कि नई घोषणाओं से ज़्यादा ज़रूरी है कि पुराने वादों को ज़मीन पर उतारा जाए.

  9. चोरी हुए ओलंपिक मेडल और पुश्तैनी तलवार मिलने पर हॉकी खिलाड़ी एमएम सोमैया क्या बोले?, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिन्दी के लिए

    बेंगलुरु पुलिस ने 67 साल के पूर्व हॉकी खिलाड़ी एमएम सोमैया के घर से चोरी हुए ओलंपिक, एशियन गेम्स और अन्य मेडल के साथ परिवार की पुश्तैनी तलवार भी बरामद कर ली है.

    करीब दो हफ़्ते पहले उनके घर में चोरी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ़्तार किया गया था.

    बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह के दफ़्तर में पत्रकारों से बात करते हुए सोमैया ने कहा, "मुझे ऐसा लग रहा है जैसे मैंने एक बार फिर ओलंपिक मेडल जीता हो. यह वही मेडल था, जिसे मैं सबसे ज़्यादा क़ीमती मानता था."

    वह 1980 के मॉस्को ओलंपिक में जीते गए गोल्ड मेडल की बात कर रहे थे.

    उनके घर से आठ अंतरराष्ट्रीय मेडल चोरी हुए थे, जिनमें गोल्ड और सिल्वर मेडल शामिल थे. यह चोरी उस समय हुई, जब सोमैया और उनका परिवार कर्नाटक के कोडागु स्थित अपने घर गया हुआ था. परिवार 25 अक्तूबर को कोडागु के लिए रवाना हुआ था.

    सोमैया ने 1980 के मॉस्को ओलंपिक के अलावा 1984 और 1988 के ओलंपिक में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था.

    सोमैया के घर से कौन-कौन से मेडल चोरी हुए थे?

    1988 के ओलंपिक में वह टीम के कप्तान थे. वह 1985 में ढाका में हुए एशिया कप और 1988 में नैरोबी में हुए प्यूज़ो कप में भी भारतीय टीम के कप्तान रहे थे. इसके अलावा, उन्होंने 1988 में भारत-पाकिस्तान हॉकी सिरीज़ में भी टीम की अगुवाई की थी.

    सोमैया ने कहा, "क़रीब 11 दिन पहले मैंने अपने सभी मेडल खो दिए थे. मैंने इंदिरानगर पुलिस स्टेशन में इसकी शिकायत की थी. मैं पुलिस अधिकारियों का बहुत आभारी हूं. पहले ही दिन से उन्होंने भरोसा दिलाया था कि चोरी हुआ हमारा सारा सामान बरामद कर लिया जाएगा."

    उन्होंने कहा, "इन मेडल से भावनाएं, यादें और एहसास जुड़े हुए हैं. हम एक शौकिया खेल खेलते थे और हमें इससे ज़्यादा आर्थिक फ़ायदा नहीं मिलता था. हमने देश के लिए हॉकी खेली और ये मेडल हमें मिले सम्मान की निशानी थे."

    बरामद किए गए दूसरे मेडल में 1982 के एशियन गेम्स का सिल्वर मेडल, 1986 के सियोल एशियन गेम्स का ब्रॉन्ज़ मेडल, 1982 में एम्स्टर्डम में हुई चैंपियंस ट्रॉफ़ी का सिल्वर मेडल, इटली के लोयानो टूर्नामेंट का गोल्ड मेडल और 1988 के सियोल ओलंपिक और 1984 के लॉस एंजिलिस ओलंपिक के प्रतिभागिता मेडल शामिल हैं.

    इसके अलावा, गुरु गोविंद सिंह की 300वीं जयंती के समारोह का सिल्वर मेडल भी बरामद किया गया है.

    पुलिस ने चांदी से बनी पुश्तैनी तलवार और एक स्कूटर भी बरामद किया है.

    सोमैया के घर में चोरी के आरोप में गिरफ़्तार दोनों अभियुक्तों, माणिक्य और भरत को स्थानीय अदालत में पेश किया गया. अदालत ने आगे की पूछताछ के लिए उन्हें आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है.

    31 साल के माणिक्य पर कथित तौर पर 33 आपराधिक मामले दर्ज हैं.

    इनमें तमिलनाडु के आठ मामले भी शामिल हैं. उसके ख़िलाफ़ छह ग़ैर-ज़मानती वारंट हैं और तीन मामलों में उसे घोषित अपराधी बताया गया है. वहीं, 25 साल के भरत पर दो मामलों में शामिल होने का आरोप है. दोनों बेंगलुरु के रहने वाले हैं.

  10. ईरान ने अर्जेंटीना की नौसेना और वायु सेना को घोषित किया 'आतंकवादी संगठन'

    ईरान ने अर्जेंटीना की नौसेना और वायु सेना को 'आतंकवादी संगठन' घोषित कर दिया है.

    इससे पहले, अर्जेंटीना ने इस साल जून में ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर(आईआरजीसी) को आतंकवादी संगठन घोषित किया था. इसके जवाब में ईरान ने ये फैसला किया है.

    ईरान के विदेश मंत्रालय ने 10 नवंबर को इसकी घोषणा की. मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह कदम 2019 में पारित 'पारस्परिक कार्रवाई' क़ानून के तहत उठाया गया है.

    बयान के अनुसार, यह फ़ैसला पारस्परिकता के सिद्धांत के आधार पर लिया गया है. ईरानी विदेश मंत्रालय ने कहा, "इस निर्णय से पैदा होने वाले सभी परिणामों की ज़िम्मेदारी अर्जेंटीना सरकार की होगी."

    अर्जेंटीना लंबे समय से 1994 में ब्यूनस आयर्स स्थित एएमआईए यहूदी सामुदायिक केंद्र पर हुए बम धमाके के लिए ईरान और लेबनान के हिज़्बुल्लाह को ज़िम्मेदार ठहराता रहा है. इस हमले में 85 लोगों की मौत हुई थी, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए थे.

    हालांकि, ईरान ने हमेशा इस हमले में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है.

  11. कार्टून: आइए ना...

  12. अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को पद से हटाने का प्रस्ताव रुका, बर्नड डेबसमैन जूनियर और एना फैगुई

    अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को पद से हटाने की कोशिश फ़िलहाल नाकाम हो गई है.

    अमेरिकी हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स ने उनके ख़िलाफ़ महाभियोग की पहल को आगे बढ़ाने से रोक दिया है.

    यह प्रस्ताव रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने पेश किया था. उन्होंने आरोप लगाया था कि पीट हेगसेथ ने कांग्रेस की मंज़ूरी के बिना ईरान के ख़िलाफ़ सैन्य कार्रवाई की. इसी आधार पर उन्हें पद से हटाने की मांग की गई थी.

    मंगलवार को निचले सदन में इस प्रस्ताव पर मतदान हुआ. सांसदों को यह तय करना था कि महाभियोग प्रस्ताव को सीधे सदन में आगे बढ़ाया जाए या न्यायिक समिति के पास भेजा जाए.

    ज़्यादातर सांसदों ने प्रस्ताव को हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी के पास भेजने के पक्ष में वोट दिया. इसका मतलब है कि फ़िलहाल महाभियोग की यह कोशिश प्रभावी रूप से रुक गई है.

    मतदान में 211 सांसदों ने प्रस्ताव को समिति के पास भेजने का समर्थन किया, जबकि 204 सांसद इसके ख़िलाफ़ थे. रिपब्लिकन पार्टी के लगभग सभी सांसदों ने समिति के पक्ष में वोट दिया. केवल थॉमस मैसी ने अलग रुख़ अपनाया.

    इस फ़ैसले के बाद रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने पेंटागन में छह महीने बाद हुई अपनी पहली प्रेस ब्रीफ़िंग में महाभियोग की कोशिश को "मज़ाक" और "साज़िश" बताया.

    हालांकि डेमोक्रेटिक पार्टी का कहना है कि मामला यहीं समाप्त नहीं हुआ है.

    हाउस में डेमोक्रेटिक पार्टी के वरिष्ठ नेता हकीम जेफ़्रीज़ ने कहा, "यह इसका अंत नहीं है. यह सिर्फ़ शुरुआत है."

    फ़िलहाल कांग्रेस के दोनों सदनों पर रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण है. इसलिए महाभियोग की यह कोशिश सफल होने की संभावना कम थी.

    हालांकि जनवरी में डेमोक्रेटिक पार्टी कांग्रेस के दोनों सदनों की कमान संभालेगी. इसके बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक दबाव बढ़ सकता है.

  13. कश्मीर के कुलगाम में संदिग्ध चरमपंथी हमला, सीआरपीएफ़ के तीन जवान घायल, जहांगीर अली, बीबीसी संवाददाता

    दक्षिण कश्मीर के कुलगाम ज़िले में बुधवार को संदिग्ध चरमपंथी हमले में सीआरपीएफ़ के कम से कम तीन जवान घायल हो गए.

    सीआरपीएफ़ के एक अधिकारी ने बताया कि दोपहर क़रीब 2:15 बजे कुलगाम के मीर बाज़ार इलाक़े में नौपोरा अख़रान के पास बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने सीआरपीएफ़ की एक टीम पर गोलीबारी की.

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक़, गोलीबारी की आवाज़ सुनते ही दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं. वहीं, सड़क से गुज़र रहे लोग और पैदल चलने वाले अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे.

    माना जा रहा है कि हमले के बाद हमलावर मौके़ से फ़रार हो गए.

    वहीं, घायलों को अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. वहां के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. बिलाल मुशरफ़ बांडे ने बताया कि सीआरपीएफ़ के तीन जवानों को अस्पताल लाया गया था.

    अस्पताल में बनाए गए कुछ वीडियो में घायल जवानों को स्ट्रेचर पर लाते हुए देखा जा सकता है.

    डॉ. बांडे ने बीबीसी को बताया, "एक जवान के पेट में चोट लगी थी, दूसरे के हाथ पर चोट के निशान थे, जबकि तीसरे के पैर में चोट लगी थी. तीनों की हालत स्थिर है, लेकिन अधिकारियों के अनुरोध पर उनमें से एक को श्रीनगर के सेना के बेस अस्पताल भेज दिया गया है."

    अब तक किसी भी चरमपंथी संगठन ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है. घायल सीआरपीएफ़ जवानों की पहचान की जानकारी भी तत्काल नहीं मिल सकी.

    हमले के बाद सुरक्षा बलों ने हमलावरों की तलाश के लिए इलाक़े में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है.

    प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के कुलगाम और अनंतनाग ज़िलों के कई इलाक़ों में चेकपॉइंट बनाए गए हैं, जहां आने-जाने वाले लोगों की तलाशी ली जा रही है.

    यह हमला दक्षिण कश्मीर में चार महीने पहले हुए उन हमलों के बाद हुआ है, जिनमें जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक जवान और छत्तीसगढ़ के दो ग़ैर-स्थानीय प्रवासी मज़दूरों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

  14. संजय सिंह बोले- 'एक साल पहले बीजेपी वाले एसआईआर ज़िंदाबाद, ज्ञानेश कुमार ज़िंदाबाद के नारे लगा रहे थे'

    बुधवार को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने अपना एक पुराना वीडियो एक्स पर शेयर किया. ये उनके सदन में दिए गए एक भाषण का वीडियो है.

    इस वीडियो के साथ संजय सिंह ने लिखा कि जब एक साल पहले उन्होंने देश की संसद में कहा था कि यूपी में तीन करोड़ वोटों की चोरी हो रही है, तब बीजेपी वाले 'एसआईआर ज़िंदाबाद' और 'ज्ञानेश कुमार ज़िंदाबाद' के नारे लगा रहे थे.

    वह उस वीडियो में बोलते हुए दिख रहे हैं, "मैंने साइकिल चोर सुना था, लॉकेट चोर सुना था, स्कूटर चोर सुना था. मैंने कई तरह के चोर सुने थे. आप लोग तो वोट चोर निकल गए. उत्तर प्रदेश में तीन करोड़ वोटों की चोरी करने जा रहे हैं."

    यूपी में एसआईआर के बाद दो करोड़ से ज़्यादा लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं. हाल ही में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि क़रीब 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम सूची से काटे गए हैं.

  15. रेटिंग एजेंसी मूडीज़ ने भारत की विकास दर का अनुमान बढ़ाकर 7 फ़ीसदी किया

    रेटिंग एजेंसी मूडीज़ ने बुधवार को कहा कि चालू वित्त वर्ष में भारतीय अर्थव्यवस्था 7 फ़ीसदी की दर से बढ़ने का अनुमान है.

    इसकी वजह अर्थव्यवस्था के अलग-अलग क्षेत्रों में आई तेज़ी और तेल की सप्लाई में आए झटकों का सामना करने की भारत की क्षमता है.

    मूडीज़ ने कहा, "भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास रफ़्तार और ऊर्जा आपूर्ति में आए झटके का सामना करने की उसकी क्षमता को देखते हुए हमने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए विकास दर का अनुमान 6.5 फ़ीसदी से बढ़ाकर 7 फ़ीसदी कर दिया है."

    हालांकि, अपनी रिपोर्ट 'ग्लोबल मैक्रो आउटलुक 2027-28' में मूडीज़ ने कहा कि निकट भविष्य में आर्थिक विकास के सामने कुछ जोखिम बने हुए हैं.

    एजेंसी के मुताबिक़, बढ़ती और कई क्षेत्रों में फैलती महंगाई के दबाव के कारण घरेलू खपत प्रभावित हो सकती है.

    रिपोर्ट में कहा गया है कि खुदरा महंगाई दर भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) के 2 से 6 फ़ीसदी के तय दायरे की ऊपरी सीमा के क़रीब है. इसके अलावा, दक्षिण-पश्चिम मानसून की कमी और अल नीनो की मज़बूत होती परिस्थितियों का असर कृषि उत्पादन और ग्रामीण मांग पर पड़ सकता है.

  16. एयर इंडिया विमान को मिली हाईजैक की धमकी के बाद क्या कदम उठाया गया?

    कोलकाता से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की एक उड़ान में बुधवार सुबह टेकऑफ़ से पहले विमान को हाईजैक करने की धमकी वाला नोट मिला.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, एक अधिकारी ने बताया कि इसके बाद सुरक्षा अधिकारियों ने विमान को एयरपोर्ट के आइसोलेशन-बे में खड़ा करवा दिया.

    कोलकाता एयरपोर्ट के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि उड़ान भरने से ठीक पहले विमान के वॉशरूम में नोट में मिला था.

    विमान को सुबह 10:20 बजे उड़ान भरनी थी. नोट में धमकी दी गई थी कि सुबह 11:10 बजे विमान को हाईजैक किया जाएगा.

    समाचार एजेंसी आईएएनएस ने बताया कि टेकऑफ़ से पहले पायलट ने एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल यानी एटीसी को इसकी सूचना दी.

    इसके बाद एयरपोर्ट अधिकारियों ने सुरक्षा प्रक्रिया शुरू की.

  17. अभी तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक प्रताप सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आपतक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

  18. दिवाली पर आतिशबाज़ी को लेकर क्या बोले सीएम योगी आदित्यनाथ?

    लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदूषण और दीपावली को लेकर बड़ा बयान दिया.

    योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दीपावली के बाद कुछ लोग प्रदूषण की बात करते हैं.

    उन्होंने कहा, "अगर प्रदूषण हुआ है तो वह समाप्त भी हो जाएगा. इसकी चिंता करने की ज़रूरत नहीं है. जिन लोगों ने अपने भ्रष्ट कारनामों से पूरे सिस्टम को प्रदूषित किया, उनके बारे में कोई बात नहीं करता."

    उन्होंने कहा, "अगर जनता एक दिन पटाखे और आतिशबाज़ी कर ले तो उसे प्रदूषण का कारण बताया जाता है. यह कोई बड़ी समस्या नहीं है और समय के साथ समाप्त हो जाएगी."

    मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों ने इस बार धूमधाम से दीपावली मनाई. सरकार ने किसी तरह का प्रतिबंध नहीं लगाया. योगी ने बताया कि वह ख़ुद अयोध्या में आतिशबाज़ी के दौरान मौजूद थे.

    उन्होंने कहा, "जब भी लोग किसी पर्व या त्योहार पर ख़ुशी मनाते हैं, तब कुछ लोगों को प्रदूषण याद आने लगता है."

    हालांकि दिवाली के बाद देश की राजधानी दिल्ली समेत देश के कई शहरों में प्रदूषण ख़तरे के पैमाने से ऊपर देखा गया है.

  19. इंग्लैंडः स्कूलों में स्मार्ट फ़ोन पर पूरी तरह पाबंदी लगाने की तैयारी

    इंग्लैंड में सितंबर 2027 से लागू होने वाले सख़्त सरकारी दिशानिर्देशों के तहत बच्चे स्कूल में पूरे दिन अपने पास मोबाइल नहीं रख सकेंगे.

    कुछ स्कूलों में अभी बच्चे फ़ोन अपने बैग में रख सकते हैं, बशर्ते वह न दिखाई दे और न उसकी आवाज़ सुनाई दे.

    जून में लागू हुए दिशानिर्देशों के तहत स्कूलों और उन्हें चलाने वाले ट्रस्टों पर पूरे दिन स्कूल को फ़ोन-मुक्त रखने की क़ानूनी ज़िम्मेदारी है.

    शिक्षा मंत्री लूसी पॉवेल ने कहा कि अभिभावकों और बच्चों के लिए सरकार का संदेश साफ़ है, “स्कूल पढ़ाई और दोस्ती के लिए हैं, फ़ोन पर स्क्रॉल करने के लिए नहीं.”

    सरकार के मुताबिक़, फ़ोन तक पहुंच बच्चों का ध्यान पढ़ाई से हटा सकती है और उन्हें एक-दूसरे से दूर कर सकती है.

    स्कूल ख़ुद तय कर सकेंगे कि इन नियमों को कैसे लागू करना है. कुछ स्कूल फ़ोन रखने के लिए लॉक होने वाले पाउच या सुरक्षित लॉकर इस्तेमाल कर रहे हैं.

    जबकि कई दूसरे स्कूल दिन की शुरुआत में फ़ोन जमा कर लेते हैं या उन्हें स्कूल लाने पर ही रोक लगाते हैं.

    शिक्षा से जुड़े फ़ैसले ब्रिटेन के अलग-अलग हिस्सों की सरकारें लेती हैं, इसलिए फ़ोन को लेकर नियम भी अलग हैं. स्कॉटलैंड ने नया क़ानून लाने की बात कही है, जबकि वेल्स और उत्तरी आयरलैंड में भी इस मुद्दे पर लोगों की राय मांगी गई है.