मध्य
प्रदेश के देवास ज़िले में थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत के मामले में गिरफ्तार
ट्रक चालक गजेंद्र रावत उर्फ़ अक्कू कथित पुलिस एनकाउंटर में घायल हो गए हैं. गजेंद्र रावत को पैर में गोली लगी है.
दिलीप
पुरी 1 नवंबर को अवैध शराब ले जा रहे ट्रक को रोकने की कोशिश कर रहे थे जब उनकी
इसी ट्रक से कुचल कर हत्या कर मौत हो गई.
देवास
के पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बताया, "फ़रार चल रहे ड्राइवर गजेंद्र रावत को अलीराजपुर ज़िले से हिरासत में लेकर
देवास लाया जा रहा था. इसी दौरान बरोठा थाना क्षेत्र में उसने पुलिस कस्टडी से
भागने की कोशिश की."
"इसके बाद निर्धारित मानक प्रक्रिया के तहत कारवाई की गई,
जिसमें आरोपी को
पैर में गोली लगी है. उसे घायल अवस्था में तत्काल देवास ज़िला अस्पताल लाया गया,
जहां उसका इलाज चल
रहा है."
पुलिस
के मुताबिक़, एसआईटी
की टीम अभियुक्त को लेकर खातेगांव जा रही थी. इसी दौरान राजोदा और बरोठा के बीच
पुलिस की गाड़ी का टायर पंचर हो गया. जब पुलिसकर्मी टायर बदल रहे थे, तब गजेंद्र ने कस्टडी में तैनात एक
पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर भागने की कोशिश की.
पुलिस
के मुताबिक, गजेंद्र
ने पुलिस कर्मियों पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कारवाई में उसके पैर में गोली लगी. घायल गजेंद्र
रावत को बुधवार रात करीब 10:30 बजे देवास ज़िलाअस्पताल पहुंचाया गया.
देवास ज़िले के खातेगांव थाने के प्रभारी दिलीप पुरी की 1 नवंबर की देर रात अवैध शराब ले जा रहे एक ट्रक को रोकने की कोशिश के दौरान मौत हो गई थी.
देवास के पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी को बताया था कि अवैध शराब के परिवहन की सूचना मिलने के बाद पुलिस की कई टीमें कारवाई के लिए भेजी गई थीं. इनमें से एक टीम का नेतृत्व दिलीप पुरी कर रहे थे.
पुलिस के मुताबिक, इंदौर-बैतूल हाईवे पर ट्रक को रोकने की कोशिश के दौरान चालक ने भागने की मंशा से ट्रक को तेज़ी से आगे बढ़ा दिया और उसका पिछला पहिया दिलीप पुरी के ऊपर चढ़ गया. गंभीर रूप से घायल पुरी को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
दिलीप पुरी मूल रूप से धार ज़िले के बरमंडल गांव के रहने वाले थे. उनके परिवार में पत्नी कविता और एक बेटा और बेटी हैं. वह 2007 में सब इंस्पेक्टर के तौर पर पुलिस में भर्ती हुए थे.
गौरतलब है कि देवास ज़िले के चंदाना और बिंजाना गांवों में हाल ही में संदिग्ध ज़हरीली शराब पीने से 13 से अधिक लोगों की मौत का मामला सामने आया था.
ग्रामीणों ने दावा किया था कि क़रीब 20 दिनों के भीतर दोनों गांवों में इतनी मौतें हुईं. इसके अलावा कई लोगों की आंखों की रोशनी भी प्रभावित होने की बात कही गई थी.