आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.

मुझे मुख्य वेबसाइट पर ले जाएं

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव: उपराष्ट्रपति जेडी वेंस बोले- 'हम युद्ध की वजह से हारे'

जेडी वेंस ने लिखा, "हर कोई जानता है कि हम क्यों हारे और आगे हमें क्या करना चाहिए, इस पर होने वाली किसी भी निष्पक्ष चर्चा की शुरुआत इसी बात से होनी चाहिए."

लाइव कवरेज

संदीप राय, अरशद मिसाल

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त. कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस बोले- 'हम युद्ध की वजह से हारे'

    अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक लंबी पोस्ट लिखकर मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की हार पर प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने दावा किया कि ईरान के साथ अमेरिका का युद्ध उनकी पार्टी की हार की वजह बना.

    उन्होंने कहा, "हमारी हार की वजह युद्ध है."

    उन्होंने आगे लिखा, "हर कोई जानता है कि हम क्यों हारे और आगे हमें क्या करना चाहिए, इस पर होने वाली किसी भी निष्पक्ष चर्चा की शुरुआत इसी बात से होनी चाहिए."

    जेडी वेंस का मानना है कि ईरान युद्ध की वजह से रिपब्लिकन पार्टी ने अमेरिकी कांग्रेस पर अपना नियंत्रण खो दिया.

    वेंस ने स्वीकार किया कि ईरान युद्ध, बढ़ती महंगाई और अन्य मुद्दों के चलते उन रिपब्लिकन मतदाताओं ने भी इस साल पार्टी का साथ छोड़ दिया, जिन्होंने 2024 में उनका और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन किया था.

    उन्होंने यह भी माना कि मतदाताओं को प्रशासन की इमिग्रेशन पॉलिसी पर भी आपत्ति थी. उन्होंने कहा कि वह इस नीति में कुछ सुधार करने के लिए तैयार हैं.

    वेंस ने बताया कि ट्रंप ने भी कल रात ईरान के साथ युद्ध को लेकर लोगों की नाराज़गी का ज़िक्र किया था. हालांकि, सार्वजनिक रूप से कई महीनों तक युद्ध का समर्थन करने के बाद उपराष्ट्रपति वेंस ने ट्रंप की तुलना में इस मुद्दे पर अधिक स्पष्ट और दोटूक बयान दिया.

    वेंस के इस बयान के बाद साल 2028 के राष्ट्रपति चुनाव को लेकर उनकी योजनाओं में लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है.

    बीबीसी संवाददाता डैनियल बुश के मुताबिक, राजनीतिक विश्लेषकों ने अटकलें लगाई हैं कि वह इस मौके का इस्तेमाल व्हाइट हाउस की दौड़ में शामिल होने के संकेत देने के लिए कर रहे हैं. अब तक वेंस इस सवाल का सीधा जवाब देने से बचते रहे हैं.

    हालांकि, मिडटर्म चुनाव ख़त्म होने के बाद अब उन पर जल्द ही अपने फ़ैसले का ऐलान करने का दबाव बढ़ेगा.

  3. ज़ेलेंस्की ने मेलानिया ट्रंप को यूक्रेन का सर्वोच्च महिला सम्मान दिया

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप को देश का सर्वोच्च महिला सम्मान दिया है.

    राष्ट्रपति के आदेश के मुताबिक़, मेलानिया ट्रंप को 'ऑर्डर ऑफ़ प्रिंसेस ओल्गा' के प्रथम श्रेणी के सम्मान से नवाज़ा गया है. यह सम्मान उन्हें "यूक्रेन को मानवीय सहायता पहुंचाने में उनके अहम व्यक्तिगत योगदान" के लिए दिया गया है.

    यह घटनाक्रम यूक्रेन के दक्षिणी इलाक़े खेरसॉन में युद्धविराम ख़त्म होने के बाद सामने आया है. इस युद्धविराम के दौरान रूस के क़ब्ज़े वाले शहर ओलेश्की से कई सौ लोगों को सुरक्षित निकाला गया था.

    मेलानिया ट्रंप के निमंत्रण पर रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को व्हाइट हाउस में मिलने वाले हैं.

    इन प्रतिनिधिमंडलों में वे सदस्य भी शामिल होंगे, जिन्होंने लोगों को सुरक्षित निकालने के अभियान में हिस्सा लिया था. इनके अलावा दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में शामिल होंगे.

    व्हाइट हाउस ने कहा कि मेलानिया ट्रंप ने "युद्ध में शामिल दोनों देशों के बीच बातचीत की पहल स्वतंत्र रूप से की और युद्धविराम कराने में सफलता हासिल की."

    व्हाइट हाउस ने आगे कहा, "यह उपलब्धि किसी अमेरिकी प्रथम महिला की ओर से की गई एक शानदार कूटनीतिक पहल है."

    रूस और यूक्रेन, दोनों पक्षों ने युद्धविराम कराने के लिए मेलानिया ट्रंप को कई बार धन्यवाद दिया है. हालांकि, दोनों में से किसी ने भी इसमें उनकी भूमिका की प्रकृति या दायरे के बारे में विस्तार से नहीं बताया.

  4. केदारताल में लापता ट्रैकर्स की तलाश में अब तक चार शव मिले, दो महिलाएं शामिल

    उत्तराखंड के उत्तरकाशी ज़िले में केदारताल ट्रैक पर लापता आठ लोगों की तलाश के दौरान अब तक चार शव बरामद किए गए हैं. इनमें दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं.

    बुधवार को तीन शव हेलीकॉप्टर से उत्तरकाशी के मातली हेलीपैड लाए गए. इनमें से दो महिलाओं की पहचान हो गई है, जबकि तीसरे शव की पहचान की प्रक्रिया जारी है.

    उत्तरकाशी ज़िला प्रशासन की रिपोर्ट के मुताबिक़, मंगलवार, 3 नवंबर को तलाशी अभियान के दौरान हिमस्खलन में दबे एक महिला और एक पुरुष के शव मिले थे. उस समय उनकी पहचान नहीं हो पाई थी.

    बुधवार को प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, तीन शव हेलीकॉप्टर से मातली पहुंचाए गए. इनमें दो महिलाओं की पहचान 28 वर्षीय वातिका वर्मा और 29 वर्षीय दीपिका वर्मा के रूप में हुई है

    दोनों उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित विकासनगर के गायत्रीपुरम की रहने वाली थीं.

    एसडीआरएफ़ की ओर से बाद में जारी प्रेस नोट के मुताबिक़, बुधवार को एक और शव बरामद किया गया. इसके साथ ही अब तक बरामद शवों की संख्या चार हो गई है. इनमें दो पुरुष और दो महिलाएं हैं.

    सात ट्रैकर्स और एक स्थानीय गाइड समेत 13 सदस्यीय दल 27 अक्तूबर को गंगोत्री से केदारताल के लिए रवाना हुआ था.

    दल के पांच सदस्य 29 अक्तूबर को सुरक्षित लौट आए थे, जबकि आठ लोग लापता हो गए थे. उनकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है.

  5. सिद्धू मूसेवाला का ज़िक्र कर राहुल गांधी ने कहा, 'पंजाब में प्रतिभाशाली लोगों को दी जाती है धमकी'

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को पंजाब के संगरूर में 'इंसाफ़ रैली' को संबोधित किया. इस दौरान सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह सिद्धू भी उनके साथ मंच पर मौजूद थे.

    राहुल गांधी ने इस दौरान सिद्धू मूसेवाला का भी ज़िक्र किया.

    उन्होंने कहा, "कुछ साल पहले मेरी उनसे (सिद्धू मूसेवाला से) मुलाक़ात हुई थी. उस समय मुझे नहीं पता था कि सिद्धू मूसेवाला कौन हैं. मुझे बस इतना बताया गया था कि वह एक अच्छे इंसान और संगीतकार हैं और कांग्रेस पार्टी में शामिल होना चाहते हैं."

    राहुल गांधी ने कहा कि सिद्धू मूलेवाला एक ऊर्जावान और प्रतिभाशाली युवा थे, इसलिए मैंने उन्हें कांग्रेस में शामिल कराने में मदद की.

    उन्होंने कहा, "हमने बातचीत की और बाद में उन्हें धमकियां मिलने लगीं. फिर एक दिन मैंने यह देखा कि उनकी सुरक्षा हटा ली गई. पंजाब और पूरे देश के सामने, दिनदहाड़े पंजाब में उनकी हत्या कर दी गई."

    राहुल गांधी ने आगे कहा, "बलकौर सिंह के बेटे के साथ जो हुआ, वह अब पंजाब में एक ‘चलन’ बन गया है. जिस सोच की वजह से सिद्धू मूसेवाला को सरेआम, बिना किसी डर के गोली मार दी गई, वही सोच अब पंजाब के हर कोने में फैल रही है."

    राहुल गांधी ने कहा कि सिद्धू की तरह जो भी प्रतिभाशाली है और अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़ना चाहता है, जो पंजाब और देश की बेहतरी के लिए काम करना चाहता है, उसे धमकाया जाता है, डराया जाता है और आख़िरकार दिनदहाड़े गोली मार दी जाती है.

    29 मई 2022 को, पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला पर घात लगाकर हमला किया गया था. उनकी कार की विंडस्क्रीन से उन्हें गोली मारी गई थी.

  6. व्हाइट हाउस ने सोशल मीडिया पर लिखा- 'ट्रंप अब भी आपके राष्ट्रपति हैं'

    डेमोक्रेटिक पार्टी की बड़ी जीत के बाद व्हाइट हाउस की ओर से पहली प्रतिक्रिया सामने आई है.

    व्हाइट हाउस के आधिकारिक एक्स अकाउंट से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक तस्वीर पोस्ट की गई है, जिसमें वह अपने कार्यालय में मौजूद रेज़ॉल्यूट डेस्क पर दिख रहे हैं. तस्वीर पर लिखा है, "जनता के लिए सूचना: ट्रंप अब भी आपके राष्ट्रपति हैं."

    ट्रंप ने आज इससे पहले रिपब्लिकन पार्टी की हार पर प्रतिक्रिया देते हुए माना था कि डेमोक्रेट्स ने "अच्छा काम किया".

    हालांकि, उन्होंने दावा किया कि अगर वह भी चुनाव में उम्मीदवार होते तो रिपब्लिकन उम्मीदवारों का प्रदर्शन बेहतर रहता.

  7. अमेरिकी मिडटर्म चुनाव: नतीजों पर क्या बोले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नम?

    अमेरिका के मिडटर्म चुनाव के नतीजों के बारे में पूछे जाने पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नम ने कहा कि दुनिया के पास अब "जीवन-यापन की बढ़ती लागत के मुद्दे पर एकजुट होने का मौक़ा है."

    यह बयान ऐसे समय आया है जब एक बड़े सर्वेक्षण में संकेत मिला कि अमेरिकी मतदाताओं के लिए चुनाव में अर्थव्यवस्था सबसे अहम मुद्दा थी. इन चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की है.

    एंटीगुआ और बारबुडा में कॉमनवेल्थ शिखर सम्मेलन के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए बर्नम ने कहा कि उन्होंने अपने प्रधानमंत्री कार्यकाल में रोजमर्रा की ज़रूरत की चीजों की बढ़ती लागत के मुद्दे को "सबसे ज़्यादा प्राथमिकता" दी है.

    उन्होंने कहा कि जब तक मध्य पूर्व का संघर्ष ख़त्म नहीं होता, तब तक लोगों पर पड़ रहे आर्थिक दबाव को कम नहीं किया जा सकता.

    बर्नम ने ईरान युद्ध में तनाव कम करने और स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ को "एक बार फिर पूरी तरह खोलने" की अपील की.

    उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि अमेरिकी जनता का संदेश है, "आइए, जीवन-यापन की बढ़ती लागत से जुड़े मुद्दों पर ध्यान दें."

  8. ट्रंप की पार्टी की हार के बाद जश्न में डूबे डेमोक्रेटिक पार्टी के समर्थक, देखिए तस्वीरें

    अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी ने सीनेट और हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स, दोनों में जीत हासिल की है. इसके साथ ही डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति कार्यकाल के बाक़ी समय कांग्रेस पर डेमोक्रेट्स का नियंत्रण रहेगा.

    मिडटर्म चुनाव में हार के बाद, ट्रंप ने माना है कि ईरान युद्ध ने चुनाव में उनकी पार्टी की हार में भूमिका निभाई.

    अमेरिकी मिडटर्म चुनावों में जीत के बाद डेमोक्रेटिक पार्टी के समर्थक जश्न मना रहे हैं.

  9. सोनम वांगचुक ने क्यों कहा, 'वे हमारा स्कूल बंद करना चाहते हैं'

    सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने आरोप लगाया है कि लद्दाख के उपराज्यपाल (एलजी) उनका स्कूल बंद करना चाहते हैं.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर 4 नवंबर को किए गए एक पोस्ट में इसे एलजी का 'शाही फ़रमान' बताया है.

    वांगचुक ने लिखा कि उनके स्कूल को लेकर इंटरनेट और मीडिया में कई तरह की बातें फैलाई जा रही हैं.

    उन्होंने दावा किया कि शिक्षा पर भारत की संसदीय समिति ने एचआईएएल (हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ़ अल्टरनेटिव्स, लद्दाख) के मॉडल को पूरे भारत में लागू करने की सिफ़ारिश की है. उन्होंने यह भी लिखा कि लंदन के विक्टोरिया एंड अल्बर्ट म्यूज़ियम में इस मॉडल को स्थायी रूप से प्रदर्शित किया गया है.

    वांगचुक के मुताबिक़, टाइम मैगज़ीन ने एचआईएएल के प्रोजेक्ट्स को 'टाइम 100 क्लाइमेट सॉल्यूशंस' में शामिल किया है.

    उन्होंने लिखा, "और इसके बावजूद... वे इसे बंद करना चाहते हैं!"

  10. दुनिया के नेताओं ने राष्ट्रपति ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी की हार पर क्या कहा?, जैकब इवांस, बीबीसी वर्ल्ड सर्विस न्यूज़

    अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है. इसके बाद ट्रंप के निशाने पर रहे दुनिया के कुछ नेताओं ने डेमोक्रेटिक पार्टी की इस बड़ी जीत का स्वागत किया है.

    स्पेन के वामपंथी प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने कहा कि अमेरिकी मतदाताओं ने नफ़रत, जलवायु परिवर्तन को नकारने की सोच और विशेषाधिकार प्राप्त अभिजात वर्ग के ख़िलाफ़ वोट दिया है.

    वहीं, नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गार स्टोर ने कहा कि अमेरिका में ऐसी आवाज़ें उभर रही हैं, जिनके विचार ओस्लो के सिद्धांतों से ज़्यादा मेल खाते हैं.

    हाल के हफ़्तों में ट्रंप ने नोबेल शांति पुरस्कार न दिए जाने को लेकर नॉर्वे की आलोचना की थी.

    दक्षिण अफ़्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने कहा कि इन चुनावों से अंतरराष्ट्रीय संबंधों में एक नए दौर की शुरुआत होगी.

    ट्रंप ने दक्षिण अफ़्रीका पर श्वेत लोगों के ख़िलाफ़ नरसंहार करने का आरोप लगाया था.

    वहीं, यूरोपीय संसद की उपाध्यक्ष क्रिस्टल शाल्डेमोस ने कहा कि वह इस नतीजे को लेकर सतर्कता के साथ आशावादी हैं. उन्हें उम्मीद है कि इससे यूक्रेन को ज़्यादा समर्थन मिल सकता है.

  11. कार्टून: जंग के नुकसान

  12. अमेरिका मिडटर्म चुनाव में हार के बाद राष्ट्रपति ट्रंप की पार्टी के नेता क्या बोले?

    अमेरिका में डेमोक्रेट्स के कांग्रेस पर नियंत्रण हासिल करने के बाद रिपब्लिकन पार्टी के नेताओं ने माना है कि देशभर में उनकी पार्टी के लिए चुनावी रात मुश्किल रही.

    हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स के स्पीकर माइक जॉनसन ने नतीजों पर "निराशा" जताई, लेकिन कहा कि इससे उनका हौसला कम नहीं होगा.

    उन्होंने कहा, "हमें पता था कि प्रतिनिधि सभा में अपना बहुमत बनाए रखने के लिए हमें मिडटर्म चुनावों के 100 साल से भी पुराने इतिहास को बदलना होगा."

    रिपब्लिकन सीनेटर रॉन जॉनसन ने बीबीसी रेडियो 4 से कहा कि ईरान में युद्ध और ईंधन की बढ़ती क़ीमतें "लोगों के दिमाग़ पर भारी पड़ रही हैं". रॉन 2011 से विस्कॉन्सिन का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और इस बार उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा.

    टेक्सस में सीनेट की अहम सीट से चुनाव हारने वाले केन पैक्सटन ने माना कि देशभर में रिपब्लिकन पार्टी के लिए "आज की रात मुश्किल रही", लेकिन उन्होंने ज़ोर देकर कहा, "यह अभी ख़त्म नहीं हुआ है."

    इससे पहले, डोनाल्ड ट्रंप ने उम्मीद से काफ़ी कम प्रतिक्रिया देते हुए हार का ठीकरा उम्मीदवारों पर फोड़ा था. बीबीसी के मुताबिक़, इनमें से कुछ उम्मीदवारों का चयन ख़ुद राष्ट्रपति ने किया था.

    इससे पहले रिपब्लिकन पार्टी के एक कर्मचारी ने बीबीसी से कहा था, "यह मेरी सोच से भी बुरा रहा. यह एक तबाही है."

  13. मिडटर्म चुनाव के नतीजों का अमेरिका-रूस संबंधों पर क्या असर होगा?, स्टीव रोज़नबर्ग, बीबीसी संवाददाता

    रूसी राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने सोमवार को बीबीसी संवाददाता स्टीव रोज़नबर्ग से कहा कि डोनाल्ड ट्रंप अपने कार्यकाल के अंत तक राष्ट्रपति बने रहेंगे और अपनी विदेश नीति पर अमल करते रहेंगे.

    उनके इस बयान का संदेश साफ़ था- चुनाव के नतीजे चाहे जो भी हों, रूस को उम्मीद है कि सब कुछ पहले की तरह चलता रहेगा.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने रूस की हर मांग पूरी नहीं की है. मसलन, यूक्रेन युद्ध को लेकर रूस की शर्तों पर किसी शांति समझौते पर हस्ताक्षर नहीं हुए हैं. लेकिन उनकी विदेश नीति से रूस को कई फ़ायदे ज़रूर हुए हैं.

    हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति ने रूस पर लगे कुछ प्रतिबंधों पर रोक लगा दी थी, रूस से डीज़ल ख़रीदने पर सहमति जताई थी.

    वह यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की की आलोचना करने में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के मुक़ाबले कहीं ज़्यादा मुखर रहे हैं.

    हालांकि, इस हफ़्ते की शुरुआत में रूस के अख़बार 'नेज़ाविसिमाया गज़ेटा' ने अनुमान लगाया था कि अगर रिपब्लिकन पार्टी कांग्रेस पर अपना नियंत्रण खो देती है, तो डोनाल्ड ट्रंप "डेमोक्रेट्स की ओर से शुरू की गई कई जांचों में उलझ जाएंगे."

    अख़बार ने यह भी कहा था कि ऐसी स्थिति में ट्रंप के लिए अपनी पसंद की नीतियों पर अमल करना मुश्किल हो सकता है, जिनमें रूस से जुड़ी नीतियां भी शामिल हैं.

    अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी ने सीनेट और हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स, दोनों में जीत हासिल की है. राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यकाल के बाक़ी समय के लिए कांग्रेस पर अब डेमोक्रेटिक पार्टी का नियंत्रण होगा.

  14. कोहली का कमाल, भारत ने न्यूज़ीलैंड को हराया

    भारत ने पहले वनडे मैच में डकवर्थ-लुईस नियम के तहत न्यूज़ीलैंड को पांच विकेट से हरा दिया. बारिश से प्रभावित इस मैच में भारत को जीत के लिए 143 रन का संशोधित लक्ष्य मिला था.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए न्यूज़ीलैंड की पूरी टीम 185 रन पर सिमट गई. उसकी ओर से टिम सिफ़र्ट ने सबसे ज़्यादा 38 रन बनाए. भारत की ओर से अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज़ रहे. उन्होंने 70 रन देकर चार विकेट लिए.

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए विराट कोहली ने 74 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने 37 रन बनाए. दोनों की पारियों ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई.

    रोहित शर्मा इस मैच में खाता भी नहीं खोल सके. न्यूज़ीलैंड की ओर से जैकब डफी ने तीन विकेट लिए. उन्होंने 49 रन दिए.

  15. अमेरिका के पहले मुस्लिम सीनेटर अब्दुल अल-सैयद ने अपनी पत्नी के बारे में क्या कहा?

    डॉ. अब्दुल अल-सैयद अमेरिका के पहले मुस्लिम सीनेटर बनने वाले हैं. उन्होंने मंगलवार रात को अपनी पत्नी सारा के बारे में एक्स पर लिखा, "अभियान की आख़िरी रैली के आख़िरी पलों में सारा ने बेहद ख़ूबसूरत भाषण दिया."

    उन्होंने पोस्ट के साथ एक वीडियो भी शेयर किया है. वीडियो में उनकी पत्नी भाषण देती दिख रही हैं.

    उनकी पत्नी सारा ने अपने भाषण में कहा, "मुझे हमेशा से पता था कि अब्दुल में कुछ ख़ास है. मैंने उन्हें देर रात तक लगातार मेहनत करते देखा है, जबकि दूसरे लोग कब के थककर हार मान चुके होते हैं."

    उन्होंने कहा, "मैंने उन्हें तब बिल्कुल सही बात कहते सुना है, जब कोई दोस्त दुखी था. मैंने उन्हें ऐसे लोगों के बचाव में मज़बूती से खड़े होते भी देखा है, जो कमज़ोर हैं और जिनका फ़ायदा उठाया जा रहा है. लेकिन मैंने उनके बेकार से पापा वाले चुटकुले भी सुने हैं."

    सारा ने कहा, "अब्दुल जैसे दिखते हैं, असल में वैसे ही हैं. यानी वे जो हैं, वही नज़र आते हैं."

    अब्दुल अल-सैयद का जन्म 1984 में डेट्रॉइट के सबअर्बन रोचेस्टर हिल्स में हुआ था. उनके माता-पिता का तलाक़ तब हो गया जब वे तीन साल के थे. उनका पालन-पोषण उनके पिता और सौतेली मां जैकलिन जॉनसन ने किया.

    अब्दुल अल-सैयद ने मिशिगन विश्वविद्यालय और कोलंबिया विश्वविद्यालय में मेडिकल का अध्ययन किया.

  16. सीडीएस ने अग्निवीरों की सेवा अवधि के बारे में दिया ये अहम अपडेट

    चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस स्टाफ़ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर अग्निवीर योजना पर नई जानकारी दी है.

    अग्निवीर योजना के तहत जिन युवाओं को चार साल के लिए सेना में नियुक्त किया गया था, अब उनकी सेवा अवधि दो साल और बढ़ाने की बात कही गई है.

    सीडीएस जनरल एनएस राजा ने कहा, "आज भारतीय रक्षा बलों और हमारे अग्निवीरों के लिए बेहद अहम दिन है. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सभी अग्निवीरों को भारतीय रक्षा बलों में शामिल होने का रास्ता दिया है."

    उन्होंने कहा, "जैसा कि आप जानते हैं, अग्निपथ योजना 14 जून 2022 को शुरू की गई थी. उस समय कहा गया था कि अग्निवीरों के प्रदर्शन का लगातार मूल्यांकन किया जाएगा और समय-समय पर इस योजना की समीक्षा होगी."

    उन्होंने बताया कि अग्निवीरों का पहला बैच अब अपनी चार साल की सेवा अवधि पूरी करने के क़रीब है. इन चार वर्षों में उनके प्रदर्शन के मूल्यांकन के आधार पर उनकी कार्यक्षमता को लेकर काफ़ी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है.

    जनरल सुब्रमणि ने कहा, "जैसा कि आप जानते हैं, कि पहले के प्रावधान के मुताबिक़, 25 फ़ीसदी अग्निवीरों को योग्यता के आधार पर नियमित सैन्य बलों में शामिल किया जाना है. बाकी के 75 फ़ीसदी अग्निवीरों की अनुशासित और प्रेरित युवा के तौर पर समाज में लौटने की व्यवस्था थी."

    उन्होंने कहा, "लेकिन संशोधित योजना के तहत अब बाकी 75 फ़ीसदी अग्निवीरों को दो साल की अतिरिक्त सेवा का अवसर दिया जाएगा. इस दो साल की अवधि के पूरा होने के बाद, सशस्त्र बलों में शामिल होने के इच्छुक सभी अग्निवीरों को चयन मानदंडों के आधार पर सेना में भर्ती किया जाएगा."

  17. एलन मस्क ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों के प्रचार पर ख़र्च किए 4,300 करोड़ रुपये, लिली जमाली, बीबीसी संवाददाता

    अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन के नतीजों में एलन मस्क की भूमिका भी चर्चा में है.

    ओपनसीक्रेट्स की ओर से अमेरिकी चुनावी फंडिंग से जुड़े दस्तावेज़ों के विश्लेषण के मुताबिक़, मस्क ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों और रूढ़िवादी विचारधारा वाले संगठनों का समर्थन करने के लिए कम से कम 45.5 करोड़ डॉलर (क़रीब 4,300 करोड़ रुपए) ख़र्च किए. यह किसी एक व्यक्ति की ओर से चुनाव में किया गया अब तक का सबसे बड़ा ख़र्च है.

    टेक्सस में सीनेट चुनाव के दौरान मस्क ने रिपब्लिकन उम्मीदवार केन पैक्सटन के समर्थन में 20 करोड़ डॉलर से ज़्यादा ख़र्च किए. हालांकि, इसके बावजूद पैक्सटन डेमोक्रेटिक पार्टी के जेम्स तालारिको से हार गए.

    कुछ साल पहले मस्क ने अपना निवास और अपने कुछ कारोबारी हित टेक्सस में स्थानांतरित कर लिए थे.

    जीत के बाद अपने भाषण में तालारिको ने समर्थकों से कहा, "हमने इस राज्य और देश के हर अरबपति दानदाता, हर खरबपति दानदाता और इस ख़राब राजनीतिक व्यवस्था का बचाव करने वाले हर भ्रष्ट व्यक्ति को एक संदेश दिया है: सत्ता जनता के हाथ में है."

    इससे पहले, सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर कई घंटों तक चुप रहने के बाद मस्क ने पोस्ट किया, "लगता है कि इस बार चुनाव में दख़ल देने वाली मेरी स्पेस लेज़र काम नहीं आईं."

  18. अभी तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं-

  19. मध्य प्रदेश: अवैध शराब तस्करी के ट्रक से थाना प्रभारी की मौत के मामले में गिरफ़्तार ड्राइवर पुलिस मुठभेड़ में घायल, विष्णुकांत तिवारी

    मध्य प्रदेश के देवास ज़िले में थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत के मामले में गिरफ्तार ट्रक चालक गजेंद्र रावत उर्फ़ अक्कू कथित पुलिस एनकाउंटर में घायल हो गए हैं. गजेंद्र रावत को पैर में गोली लगी है.

    दिलीप पुरी 1 नवंबर को अवैध शराब ले जा रहे ट्रक को रोकने की कोशिश कर रहे थे जब उनकी इसी ट्रक से कुचल कर हत्या कर मौत हो गई.

    देवास के पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बताया, "फ़रार चल रहे ड्राइवर गजेंद्र रावत को अलीराजपुर ज़िले से हिरासत में लेकर देवास लाया जा रहा था. इसी दौरान बरोठा थाना क्षेत्र में उसने पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की."

    "इसके बाद निर्धारित मानक प्रक्रिया के तहत कारवाई की गई, जिसमें आरोपी को पैर में गोली लगी है. उसे घायल अवस्था में तत्काल देवास ज़िला अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है."

    पुलिस के मुताबिक़, एसआईटी की टीम अभियुक्त को लेकर खातेगांव जा रही थी. इसी दौरान राजोदा और बरोठा के बीच पुलिस की गाड़ी का टायर पंचर हो गया. जब पुलिसकर्मी टायर बदल रहे थे, तब गजेंद्र ने कस्टडी में तैनात एक पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर भागने की कोशिश की.

    पुलिस के मुताबिक, गजेंद्र ने पुलिस कर्मियों पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कारवाई में उसके पैर में गोली लगी. घायल गजेंद्र रावत को बुधवार रात करीब 10:30 बजे देवास ज़िलाअस्पताल पहुंचाया गया.

    क्या है पूरा मामला?

    देवास ज़िले के खातेगांव थाने के प्रभारी दिलीप पुरी की 1 नवंबर की देर रात अवैध शराब ले जा रहे एक ट्रक को रोकने की कोशिश के दौरान मौत हो गई थी.

    देवास के पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी को बताया था कि अवैध शराब के परिवहन की सूचना मिलने के बाद पुलिस की कई टीमें कारवाई के लिए भेजी गई थीं. इनमें से एक टीम का नेतृत्व दिलीप पुरी कर रहे थे.

    पुलिस के मुताबिक, इंदौर-बैतूल हाईवे पर ट्रक को रोकने की कोशिश के दौरान चालक ने भागने की मंशा से ट्रक को तेज़ी से आगे बढ़ा दिया और उसका पिछला पहिया दिलीप पुरी के ऊपर चढ़ गया. गंभीर रूप से घायल पुरी को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

    दिलीप पुरी मूल रूप से धार ज़िले के बरमंडल गांव के रहने वाले थे. उनके परिवार में पत्नी कविता और एक बेटा और बेटी हैं. वह 2007 में सब इंस्पेक्टर के तौर पर पुलिस में भर्ती हुए थे.

    गौरतलब है कि देवास ज़िले के चंदाना और बिंजाना गांवों में हाल ही में संदिग्ध ज़हरीली शराब पीने से 13 से अधिक लोगों की मौत का मामला सामने आया था.

    ग्रामीणों ने दावा किया था कि क़रीब 20 दिनों के भीतर दोनों गांवों में इतनी मौतें हुईं. इसके अलावा कई लोगों की आंखों की रोशनी भी प्रभावित होने की बात कही गई थी.

  20. इसराइल के विपक्षी नेता ने कहा- अमेरिकी मिडटर्म नतीजों से नेतन्याहू की उम्मीद ख़त्म

    अमेरिकी मिडटर्म चुनावों के रुझानों में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को मिले झटके के बाद इसराइल के पूर्व प्रधानमंत्री और विपक्ष के नेता याएर लापिड ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "सुबह आए अमेरिकी चुनाव नतीजों का एक अप्रत्याशित असर हुआ है. इससे नेतन्याहू के नेतृत्व में राष्ट्रीय एकता सरकार बनने की सारी संभावनाएं खत्म हो गई हैं."

    "इसराइल नेतन्याहू को प्रधानमंत्री पद पर बनाए रखने का जोखिम नहीं उठा सकता. इससे देश की सुरक्षा और लोकतंत्र ख़तरे में पड़ेंगे और दुनिया में हमारी छवि को नुकसान पहुंचेगा."

    ग़ौरतलब है कि बीते दिनों इसराइल में प्रधानमंत्री के लिए हुए चुनावों में बिन्यामिन नेतन्याहू की पार्टी के अगुवाई वाले गठबंधन को बहुमत नहीं मिला.वहां अरब पार्टियों के अबतक के ज़बरदस्त प्रदर्शन के बाद विपक्ष को गठबंधन सरकार बनाने की उम्मीद है.