आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.

मुझे मुख्य वेबसाइट पर ले जाएं

लाइव , पाकिस्तान समेत 18 मुस्लिम देशों ने किस मामले पर की इसराइल की निंदा

बयान के मुताबिक, इसराइली हवाई हमले में मरीज़ों और मेडिकल स्टाफ़ के लोग हताहत हुए हैं. इन देशों ने इसे अंतरराष्ट्रीय मानवीय क़ानून का उल्लंघन बताया.

लाइव कवरेज

तेजस्वी सिंह, अरशद मिसाल

  1. अंडर-19 एशिया कप फ़ाइनल: पाकिस्तान ने जीता टॉस, भारत की पहले गेंदबाज़ी

    अंडर 19 एशिया कप के फ़ाइनल में पाकिस्तान ने भारत के ख़िलाफ़ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.

    क्रिकइनफ़ो के मुताबिक़, पाकिस्तान ने अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है. वहीं, भारत ने एक बदलाव किया है. ईशान सूद की जगह सी वेंकट को टीम में शामिल किया गया है.

    पाकिस्तान इस टूर्नामेंट का मौजूदा चैंपियन है. उसने फ़ाइनल तक का सफ़र तय करने के दौरान अपने सभी चार मैच जीते हैं. सेमीफ़ाइनल में उसने बांग्लादेश को नौ विकेट से हराया था.

    वहीं, भारत ने सेमीफ़ाइनल में अफ़ग़ानिस्तान को हराकर फ़ाइनल में जगह बनाई. इस टूर्नामेंट में भारत को अब तक सिर्फ़ पाकिस्तान के ख़िलाफ़ हार का सामना करना पड़ा है.

    पिछले साल भी दोनों टीमें अंडर 19 एशिया कप के फ़ाइनल में भिड़ी थीं, जहां पाकिस्तान ने जीत दर्ज की थी.

  2. बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती तूफ़ान बनने की आशंका, मौसम विभाग ने क्या बताया

    बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफ़ान बनने की आशंका है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक़, 16 नवंबर की शाम तक कम दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफ़ान में बदल सकता है.

    मौसम विभाग ने बताया कि 13 नवंबर की सुबह 5.30 बजे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना था. सुबह 8:30 बजे भी यह इसी जगह मौजूद था.

    यह कम दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है. 14 नवंबर तक इसके डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है.

    इसके बाद 15 नवंबर की सुबह यह दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है. 16 नवंबर की शाम तक इसके मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफ़ान बनने का अनुमान है.

    मौसम विभाग के मुताबिक़, मध्य अंडमान सागर और उससे सटे अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ऊपर बने वायुमंडलीय चक्रवात के कारण यह स्थिति बनी है.

  3. एलन मस्क की स्पेसएक्स को झटका, स्टारशिप रॉकेट से जुड़ी यह कोशिश रही नाकाम

    एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स को स्टारशिप रॉकेट के ताज़ा टेस्टिंग में झटका लगा है. कंपनी रॉकेट के निचले हिस्से को वापस लॉन्च टावर पर पकड़ नहीं पाई.

    स्पेसएक्स की योजना थी कि रॉकेट के निचले हिस्से को लॉन्च टावर पर लगे दो बड़े मशीनी हाथों से पकड़ा जाए. इन हाथों को 'चॉपस्टिक्स' कहा जाता है.

    लेकिन कंपनी ने रॉकेट के इस हिस्से को समुद्र की ओर भेज दिया. नीचे गिरते समय उसमें आग लग गई.

    रॉकेट का ऊपरी हिस्सा अब अंतरिक्ष की ओर अपनी यात्रा जारी रखे हुए है. स्पेसएक्स शनिवार को स्थानीय समय के मुताबिक़ दोपहर 3:15 बजे यह फ़ैसला करेगी कि क्या वह रॉकेट के इस हिस्से को भी वापस पकड़ने की कोशिश करेगी.

    यह कंपनी की अपने रॉकेट को पूरी तरह वापस हासिल करने की पहली कोशिश है. कंपनी चाहती है कि स्टारशिप का बार-बार इस्तेमाल किया जा सके. इससे हर बार रॉकेट लॉन्च करने का ख़र्च कम होगा.

  4. ट्रंप, पुतिन और शी जिनपिंग के बीच अगले सप्ताह हो सकती है मुलाक़ात

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अगले हफ़्ते मुलाक़ात की योजना बना रहे हैं. यह जानकारी व्हाइट हाउस ने दी है.

    यह बैठक चीन में होने वाले एक शिखर सम्मेलन के दौरान हो सकती है. तीनों नेताओं की यह पहली संयुक्त बैठक होगी.

    व्हाइट हाउस की प्रवक्ता ओलिविया वेल्स ने बताया कि यह मुलाक़ात चीन के दक्षिणी शहर शेनझेन में होगी.

    यहां एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपीईसी) का शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है.

    ओलिविया वेल्स ने कहा कि ट्रंप इस बैठक में दुनिया में परमाणु हथियारों की संख्या कम करने पर चर्चा करेंगे. ट्रंप का मानना है कि परमाणु हथियारों का प्रसार बहुत ख़तरनाक है.

    माना जा रहा है कि बैठक में ईरान का मुद्दा भी उठ सकता है. हालांकि, यूक्रेन पर चर्चा होने की उम्मीद नहीं है. रूस और चीन ने अभी तक इस बैठक पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

    समाचार एजेंसियों एपी और रॉयटर्स के मुताबिक़, अमेरिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि इस बैठक के बाद किसी समझौते की उम्मीद नहीं है. अधिकारी ने अपनी पहचान ज़ाहिर नहीं की.

    गुरुवार को ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच अलग से द्विपक्षीय बैठक भी होगी. 2025 में दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद दोनों नेताओं की यह चौथी मुलाक़ात होगी.

  5. एयर इंडिया ने अमेरिका जाने वाले अपने यात्रियों को क्या सलाह दी?

    अमेरिका में एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल के संचार सिस्टम में आई ख़राबी के बाद एयर इंडिया ने भी अपने यात्रियों के लिए सलाह जारी की.

    एयरलाइन ने एक्स पोस्ट ने कहा कि इसका असर अमेरिका के अलग-अलग हवाई अड्डों से रवाना होने वाली उड़ानों पर पड़ रहा है.

    अमेरिका में एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल के कम्युनिकेशन सिस्टम में आई समस्या के कारण देशभर में उड़ानों को रोक दिया गया था.

    एयर इंडिया के मुताबिक़, इस वजह से अमेरिका आने-जाने वाली उसकी उड़ानों पर भी असर पड़ सकता है.

    एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान का करंट स्टेटस ज़रूर देख लें.

    एयर इंडिया ने कहा है कि उसकी टीमें स्थिति पर लगातार नज़र रख रही हैं और आगे की जानकारी मिलने पर यात्रियों को अपडेट दिया जाएगा.

  6. अमेरिका के न्यू ऑरलियन्स में बड़ा हादसा, टैंकर और मुसाफ़िरों से भरे क्रूज़ में टक्कर, एना फैगी

    अमेरिका के न्यू ऑरलियन्स में मिसिसिपी नदी में एक टैंकर ने क्रूज़ ज़हाज को टक्कर मार दी.

    इस हादसे के बाद ज़हाज पर सवार क़रीब 130 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

    टक्कर के बाद क्रूज़ ज़हाज 'अमेरिकन हेरिटेज' नदी में एक तरफ झुक गया. टैंकर का नाम 'अटलांटिक एस्फाल्ट' है.

    इस हादसे में 32 लोग घायल हुए हैं. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हालांकि, किसी को गंभीर चोट नहीं आई है और सभी यात्रियों को बचा लिया गया है.

    अधिकारियों ने इस बचाव अभियान को 'मिसिसिपी नदी पर चमत्कार' बताया है.

    अमेरिकी कोस्ट गार्ड की कैप्टन मेलानी बर्नहैम ने कहा कि अधिकारी हादसे की वजह का पता लगा रहे हैं. उनके मुताबिक़, ऐसा लगता है कि ज़हाज का स्टीयरिंग सिस्टम ख़राब हो गया था.

  7. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.