ब्रिटेन के प्रिंस हैरी की पत्नी मेघन मार्कल के पिता अमेरिका में गिरफ़्तार, क्या हैं आरोप?

ब्रिटेन के प्रिंस हैरी की पत्नी मेघन मार्कल 2018 से अपने पिता थॉमस मार्कल से अलग रह रही हैं.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • delhi pollution
  • बेड बग्स
  • ततैया के झुंड से बचने के लिए जब सड़क पर दौड़े लोग
  • इतनी बड़ी पतंगें देखी हैं कभी
  • शाहरुख़ ख़ान ने ऐसे मनाया अपना 61वां जन्मदिन
  • नेपाल हेलिकॉप्टर क्रैश में एक भारतीय की मौत
  • '500 मीटर लंबे कपड़े पर डिलीटेड वोटर्स के नाम'

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े, तेजस्वी सिंह

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह को दीजिए इजाज़त. कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. ब्रिटेन के प्रिंस हैरी की पत्नी मेघन मार्कल के पिता अमेरिका में गिरफ़्तार, क्या हैं आरोप

    थॉमस मार्कल
    इमेज कैप्शन, थॉमस मार्कल को फ़्लोरिडा में गिरफ़्तार किया गया (फ़ाइल फ़ोटो)

    ब्रिटेन के प्रिंस हैरी की पत्नी मेघन मार्कल के पिता थॉमस मार्कल को अमेरिका के फ़्लोरिडा में गिरफ़्तार किया गया है.

    बीबीसी के अमेरिकी मीडिया पार्टनर सीबीएस न्यूज़ के सूत्रों के मुताबिक़, थॉमस मार्कल को बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री रखने के आरोप में गिरफ़्तार किया गया है.

    इस महीने की शुरुआत में ख़बर आई थी कि 82 साल के थॉमस मार्कल की फ़िलीपींस स्थित एक प्रॉपर्टी से बच्चों के यौन शोषण की सैकड़ों कथित तस्वीरें मिली थीं.

    थॉमस मार्कल पहले इन आरोपों से इनकार कर चुके हैं. उन्होंने इन्हें 'घटिया झूठ' बताया था.

    मेघन मार्कल 2018 से अपने पिता से अलग रह रही हैं. पिछले महीने एक बयान में उन्होंने कहा था, "मैं बहुत दुखी हूं... मेरी संवेदनाएं उन बच्चों के साथ हैं जिन्हें शायद नुकसान पहुंचा होगा."

    मेघन मार्कल ने यह भी कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि लोग समझेंगे कि उन्होंने अपने पिता से संपर्क लगभग क्यों ख़त्म कर दिया था.

  3. रोनाल्डो के रिटायरमेंट पर बोले पुर्तगाल के कोच- मुझे पहले से जानकारी नहीं थी, बेन कॉलिन्स, बीबीसी स्पोर्ट संवाददाता

    जॉर्ज जीसस और क्रिस्टियानो रोनाल्डो
    इमेज कैप्शन, जीसस ने कहा कि मुझे भी इसके बारे में उसी समय पता चला, जब बाकी सभी लोगों को पता चला. उससे पहले मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता था.

    पुर्तगाल के फ़ुटबॉल कोच जॉर्ज जीसस ने कहा कि उन्हें क्रिस्टियानो रोनाल्डो के अंतरराष्ट्रीय फ़ुटबॉल से रिटायरमेंट लेने के बारे में उसी समय पता चला, जब बाकी लोगों को इसकी जानकारी मिली.

    41 साल के रोनाल्डो ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर रिटायरमेंट लेने का एलान किया था.

    दरअसल, कोच जॉर्ज जीसस इस महीने होने वाले नेशंस लीग के मैचों के लिए टीम का एलान करने वाले थे, रोनाल्डो ने इससे एक दिन पहले ही रिटायरमेंट की घोषणा की.

    शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में जीसस ने कहा कि रोनाल्डो ने अपने फ़ैसले के बारे में उन्हें पहले से कुछ नहीं बताया था.

    जीसस ने कहा, "मुझे भी इसके बारे में उसी समय पता चला, जब बाकी सभी लोगों को पता चला. उससे पहले मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता था."

    उन्होंने कहा, "वह खेल रहे थे, गोल कर रहे थे और मेरी टीम की सूची में शामिल खिलाड़ियों में से एक थे."

    रोनाल्डो अंतरराष्ट्रीय फ़ुटबॉल से 30 दिनों का निलंबन पूरा करने के बाद फिर से टीम के लिए उपलब्ध थे. इस दौरान राष्ट्रीय टीम का कोई मैच नहीं हुआ था.

    पांच बार बैलन डी'ओर जीत चुके रोनाल्डो सितंबर में पुर्तगाल की टीम का कैंप छोड़कर चले गए थे. उन्हें बताया गया था कि चार दिन बाद डेनमार्क के ख़िलाफ़ होने वाले नेशंस लीग के मैच में उन्हें शुरुआती टीम में जगह नहीं मिलेगी.

  4. इंडोनेशिया: राष्ट्रपति का फ़ोन टैप करने के आरोप में तीन लोग गिरफ़्तार, कोह यू और फ़ैसल इरफ़ानी, बीबीसी इंडोनेशियन, जकार्ता

    प्रबोवो सुबियांतो
    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति के प्रवक्ता ने बुधवार को कहा कि यह मामला देशद्रोह का हो सकता है. इंडोनेशिया में देशद्रोह के लिए उम्रकैद या मौत की सज़ा का प्रावधान है.

    इंडोनेशिया में राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो की फ़ोन पर होने वाली बातचीत की कथित जासूसी का मामला सामने आया है.

    अधिकारी इसे 'देशद्रोह' से जोड़कर जांच कर रहे हैं.

    इस मामले में राष्ट्रपति के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ लिस्ट्यो सिगित प्रबोवो और दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मंगलवार को गिरफ़्तार किया गया.

    आरोप है कि उन्होंने राष्ट्रपति समेत कई लोगों के फ़ोन नंबर पुलिस की आधिकारिक इलेक्ट्रॉनिक निगरानी प्रणाली में दर्ज किए.

    इस सिस्टम के ज़रिए फ़ोन पर होने वाली बातचीत और दूसरे संचार पर नज़र रखी जा सकती है.

    आरोप है कि ऐसा करने के लिए ज़रूरी प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया. इसके लिए जांच का वारंट या केस रिपोर्ट भी हासिल नहीं की गई थी.

    अधिकारियों को पिछले हफ़्ते एक पुलिसकर्मी से मिली सूचना के बाद इस कथित जासूसी का पता चला. उनका मानना है कि यह सिलसिला 2025 से चल रहा था. उस समय लिस्त्यो राष्ट्रीय पुलिस प्रमुख थे.

    राष्ट्रपति के प्रवक्ता ने बुधवार को कहा कि यह मामला देशद्रोह का हो सकता है, क्योंकि इसमें ऐसी संवेदनशील जानकारी शामिल थी जो देश के हितों और संप्रभुता को ख़तरे में डाल सकती थी.

    इंडोनेशिया में देशद्रोह के लिए उम्रकैद या मौत की सज़ा का प्रावधान है.

  5. बेंगलुरु में पत्नी और ससुराल के छह लोगों की हत्या के आरोप में कैब ड्राइवर गिरफ़्तार, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    हत्या
    इमेज कैप्शन, आरोप है कि अभियुक्त ने सबसे पहले अपनी पत्नी सुनीता की हत्या की. इसके लिए उसने रसोई में रखे सिलबट्टे का इस्तेमाल किया. (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    53 साल के एक कैब ड्राइवर को बेंगलुरु पुलिस ने अपनी पत्नी और उसके परिवार के छह सदस्यों की कथित हत्या के आरोप में गिरफ़्तार किया है.

    पुलिस को शक़ है कि ये हत्याएं 15 से 20 दिनों के दौरान की गईं.

    अभियुक्त एस. इंदुशेखर पर आरोप है कि उसने सबसे पहले अपनी पत्नी सुनीता की हत्या की. इसके लिए उसने रसोई में रखे सिलबट्टे का इस्तेमाल किया.

    बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया, "दुर्भाग्य से, अब तक की जांच में अभियुक्त ने बताया है कि शवों को पैक करने और ठिकाने लगाने में उसने अपनी नाबालिग बेटी की मदद ली."

    सिंह ने कहा, "फ़िलहाल उसे उस जगह ले जाया गया है जहां से एक शव बरामद हुआ है. अगर अभियुक्त की बात सही है तो हमें अभी छह और शव बरामद करने हैं."

    आरोप है कि इंदुशेखर ने अपनी सास रूपावती को खाने पर बुलाया. उसने खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया और फिर सिलबट्टे से उनकी हत्या कर दी.

    इसके बाद उसने अपनी पत्नी के दो भाइयों शिवकुमार और शंकर को खाने पर बुलाया. बाद में उनकी पत्नियों नलिनी और दिव्या को भी बुलाया. आरोप है कि उसने इन सभी के खाने में नशीला पदार्थ मिलाया और फिर सिलबट्टे से उनकी हत्या कर दी.

    इंदुशेखर ने शिवकुमार के सात साल के बेटे की भी हत्या कर दी.उसे खाने पर नहीं बुलाया गया था, लेकिन वह अपने पिता के साथ आ गया था.

    पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक़, इंदुशेखर ने सबसे पहले सुनीता के फ़ोन से उसके मायके वालों को एक संदेश भेजा था. इसमें बताया गया था कि वह दक्षिण कन्नड़ ज़िले के कुक्के सुब्रह्मण्य मंदिर जा रही हैं.

    पुलिस को इन हत्याओं का पता तब चला जब नलिनी की मां थुंगम्मा ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई.

    सिंह ने कहा, "हत्या की वजह निजी दुश्मनी लगती है जो अभियुक्त की पत्नी और उसके परिवार के साथ थी. लेकिन इस हद तक चले जाना भी बेहद अजीब है. हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं."

    पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अभियुक्त कैब ड्राइवर है. उसके ख़िलाफ़ छह-सात साल पहले मडिवाला पुलिस स्टेशन में चेन छीनने का एक मामला दर्ज हुआ था.

    सिंह ने कहा, "उसके घर में एक पोस्टर भी है जिस पर लिखा है कि उसकी एक मासिक पत्रिका और अख़बार है. हम इसकी भी जांच कर रहे हैं."

  6. दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-3 की पाबंदियां लागू, जानिए क्या बदलेगा

    दिल्ली
    इमेज कैप्शन, आईआईटीएम-पुणे ने अपने रोज़ाना बुलेटिन में कहा कि छह नवंबर को एयर क्वालिटी 'बहुत ख़राब' रहने की आशंका है.

    वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने शुक्रवार को ग्रेडेड रेस्पॉन्स एक्शन प्लान (जीआरएपी) के तहत दिल्ली-एनसीआर में तीसरे चरण के उपाय लागू किए.

    आयोग के मुताबिक़, गुरुवार शाम चार बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 382 दर्ज किया गया था. यह 'बहुत ख़राब' श्रेणी में था.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, आईआईटीएम-पुणे ने अपने रोज़ाना बुलेटिन में कहा, "छह नवंबर को एयर क्वालिटी 'बहुत ख़राब' रहने की आशंका है."

    "सात से नौ नवंबर के बीच इसके 'गंभीर' श्रेणी में रहने का अनुमान है. इसके बाद के छह दिनों में एयर क्वालिटी 'गंभीर' से 'बहुत ख़राब' श्रेणी के बीच रह सकती है."

    ग्रैप प्रदूषण बढ़ने से रोकने के लिए लागू किए जाने वाले इमरजेंसी उपायों का एक सेट है. हवा की गुणवत्ता एक तय स्तर पर पहुंचने के बाद इसके तहत अलग-अलग पाबंदियां लगाई जाती हैं.

    ग्रैप के तीसरे चरण के तहत पूरे एनसीआर में धूल उड़ाने वाले और वायु प्रदूषण बढ़ाने वाले निर्माण और तोड़फोड़ के कामों पर सख़्त पाबंदियां लगाई गई हैं.

    इसके अलावा, एनसीआर के राज्यों और दिल्ली सरकार को यह फ़ैसला लेना होगा कि सरकारी, नगर निगम और निजी दफ़्तरों में 50 फ़ीसदी कर्मचारियों को काम करने की अनुमति दी जाए और बाक़ी कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा जाए.

    ग्रैप का पहला चरण तब लागू होता है जब एक्यूआई 201 से 300 के बीच होता है. दूसरा चरण 301 से 400 के बीच लागू किया जाता है.

    तीसरा चरण 401 से 500 के बीच और चौथा चरण 450 से ज़्यादा एक्यूआई होने पर लागू किया जाता है.

  7. ईरान-रूस दोस्ती का मध्य पूर्व पर कैसा असर | 06 नवंबर, 2026 | दिनभर (बीबीसी हिन्दी)

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  8. कार्टून: कन्फ्यूज़्ड लोकतंत्र

    कार्टून
    इमेज कैप्शन, लोकतंत्र बचाने के लिए पार्टियों के अभियान पर आज का कार्टून.
  9. सौरव गांगुली और फ़िल्म 'दूसरा' के बीच क्या है विवाद? दिल्ली हाई कोर्ट ने दिया निर्देश

    सौरव गांगुली

    दिल्ली हाई कोर्ट ने शुक्रवार को कहा कि फ़िल्म 'दूसरा' में पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली के व्यक्तित्व और उनसे जुड़े अधिकारों का उल्लंघन किया गया है.

    क़ानूनी मामलों से जुड़ी ख़बरों और विश्लेषणों की वेबसाइट 'बार एंड बेंच' के मुताबिक़, जस्टिस तेजस करिया ने कहा कि गांगुली की पहचान और उनसे जुड़ी घटनाएं फ़िल्म की कहानी का अहम हिस्सा हैं. इसलिए फ़िल्म से इन हिस्सों को हटाना संभव नहीं है.

    कोर्ट ने फ़िल्म बनाने वाली कंपनी रमेश देव प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड को आदेश दिया कि वह फ़िल्म की शुरुआत और अंत में हिंदी और अंग्रेज़ी में एक डिस्क्लेमर दिखाए.

    अदालत ने कहा, ''इसमें साफ़ लिखा होना चाहिए कि गांगुली ने फ़िल्म में अपनी पहचान और व्यक्तित्व के इस्तेमाल की अनुमति नहीं दी है. साथ ही,यह भी बताया जाए कि फ़िल्म का मक़सद उनके अधिकारों का उल्लंघन करना नहीं है.''

    निर्माताओं को कोर्ट के आदेश के दो दिनों के भीतर यह डिस्क्लेमर देना होगा.

    इसके अलावा, कोर्ट ने फ़िल्म निर्माताओं को दो हफ़्ते के भीतर दो करोड़ रुपये की बिना शर्त बैंक गारंटी जमा करने का निर्देश दिया है.

    कोर्ट ने कहा कि अगर निर्माता इनमें से किसी भी शर्त का पालन नहीं करते हैं, तो उन्हें फ़िल्म या उसके किसी भी हिस्से का व्यावसायिक इस्तेमाल करने से रोक दिया जाएगा. यह रोक उनकी ओर से काम करने वाले लोगों पर भी लागू होगी.

    यह आदेश सौरव गांगुली और फ़िल्म निर्माण कंपनी लव फ़िल्म्स एलएलपी की याचिका पर दिया गया. दोनों ने फ़िल्म की रिलीज़ पर रोक लगाने की मांग की थी.

  10. फ़्रांस में बस हादसे में दो लोगों की मौत, अधिकारियों ने दी जानकारी, जेम्स ग्रेगरी

    फ्रांस
    इमेज कैप्शन, दुर्घटना स्थल पर फ़्रांसीसी पुलिसकर्मी और बचावकर्मी मौजूद हैं

    पूर्वी फ़्रांस में शुक्रवार सुबह एक बस हादसे में एक बच्चे और एक युवा की मौत हो गई. स्थानीय अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी है.

    यह बस लियोन शहर और बोर्ग-एन-ब्रेसे शहर के बीच जा रही थी. शुक्रवार सुबह स्थानीय समय के मुताबिक़ करीब सात बजे यह हादसा लेंट टाउन में हुआ. यह जगह स्विट्ज़रलैंड की सीमा से करीब 55 किलोमीटर दूर है.

    लेंट टाउन के मेयर यवेस क्रिस्टिन ने फ़्रांस के मीडिया को बताया कि बस सड़क से उतर गई और सड़क किनारे खाई में एक पेड़ से टकरा गई.

    बोर्ग-एन-ब्रेसे के सरकारी अभियोजन कार्यालय के मुताबिक़, बस में कुल 43 लोग सवार थे जिनमें 15 बच्चे शामिल थे. हादसे में तीन लोगों की हालत गंभीर है और 13 लोगों को मामूली चोटें आई हैं.

    अभियोजन कार्यालय ने बताया कि बस का ड्राइवर भी घायल हुआ है और उसे अस्पताल ले जाया गया है. पुलिस ने अभी तक उससे पूछताछ नहीं की है.

    फ़्रांस के मीडिया में सामने आई तस्वीरों में नीले और सफ़ेद रंग की बस सड़क किनारे खाई में झुकी हुई दिखाई दे रही है. बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त है और सड़क के किनारे पेड़ दिखाई दे रहे हैं.

    फ़्रांस के परिवहन मंत्री फ़िलिप टैबारोट ने बताया कि 100 से अधिक दमकलकर्मियों को भी घटनास्थल पर भेजा गया है.

  11. 'राइज एंड फॉल' के विजेता बने शहज़ाद पूनावाला, इनाम की रकम का क्या करेंगे?

    शहज़ाद पूनावाला
    इमेज कैप्शन, इस शो को पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने होस्ट किया था.

    शहज़ाद पूनावाला रियलिटी गेम शो 'राइज एंड फॉल' के दूसरे सीज़न के विजेता बन गए हैं.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में शहज़ाद ने अपनी जीत के लिए जनता का आभार जताया.

    उन्होंने कहा कि भगवान और मां के आशीर्वाद से वह यह शो जीतने में कामयाब रहे. शहज़ाद ने यह भी कहा कि शो में उनकी रणनीति कामयाब रही.

    उन्होंने कहा, "मैंने पहले भी कहा था कि अगर मैं यह शो जीतता हूं, तो इनाम में मिलने वाली पूरी राशि बिहार और असम में बाढ़ राहत के लिए दान कर दूंगा."

    शहज़ाद ने बताया कि वह इनामी राशि महाराष्ट्र, बिहार और असम के मुख्यमंत्री राहत कोष में देंगे, ताकि ज़रूरतमंद लोगों की मदद की जा सके.

    इस शो को पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने होस्ट किया था. इसके दूसरे सीज़न में शहज़ाद के अलावा तेज प्रताप यादव, स्वरा भास्कर और गौतम गुलाटी समेत कई प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था.

  12. सुप्रीम कोर्ट का सोमनाथ मंदिर के पास मांसाहारी खाने की दुकानों पर लगी रोक हटाने से इनकार

    सुप्रीम कोर्ट
    इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट ने हल्के-फुल्के अंदाज़ में यह भी कहा कि रोशनी का त्योहार (दिवाली) मिठाइयां खाकर मनाएं. शाकाहारी या मांसाहारी खाने की बात छोड़ दें.

    सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को सोमनाथ मंदिर के आसपास मांसाहारी खाना बेचने वाली दुकानों पर लगी रोक हटाने से इनकार कर दिया.

    क़ानूनी मामलों से जुड़ी ख़बरों और विश्लेषणों की वेबसाइट 'बार एंड बेंच' के मुताबिक़, जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने गुजरात हाई कोर्ट के अंतरिम आदेश में दख़ल देने से इनकार कर दिया.

    दरअसल, इससे पहले हाई कोर्ट ने अपने आदेश में सोमनाथ मंदिर के आसपास मांसाहारी खाने को बनाने, बेचने और रखने पर लगी रोक बहाल कर दी थी.

    रेस्तरां मालिकों ने अदालत में दलील दी कि इस फ़ैसले से उनका कारोबार ख़त्म हो जाएगा और देश की 80 फ़ीसदी आबादी मांस खाती है.

    इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस मामले में संतुलन बनाए रखना ज़रूरी है और वह इस स्तर पर कोई टिप्पणी नहीं करेगा.

    पीठ ने कहा, "हमें संतुलन बनाए रखना होगा. हम अभी कुछ नहीं कहेंगे."

    हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट से इस मामले में जल्द से जल्द अंतिम फ़ैसला सुनाने को कहा.

    पीठ ने यह भी कहा, "रोशनी का त्योहार (दिवाली) मिठाइयां खाकर मनाएं. शाकाहारी या मांसाहारी खाने की बात छोड़ दें."

    यह मामला गुजरात के एक ज़िला मजिस्ट्रेट की ओर से 10 अगस्त को जारी अधिसूचना से जुड़ा है. इसमें कुछ तय इलाक़ों में दुकानों, रेस्तरां, होटलों और सड़क किनारे लगने वाले स्टॉल पर मांसाहारी खाना बनाने, बेचने और रखने पर रोक लगाई गई थी.

    इस रोक के दायरे में सात तय सड़क मार्ग और इलाक़े शामिल थे. इनमें सोमनाथ मंदिर के 500 मीटर के दायरे में आने वाले सभी इलाक़े भी शामिल हैं.

  13. फ़्रांस में बस हादसा, कई लोगों के हताहत होने की ख़बर

    बस
    इमेज कैप्शन, यह घटना शुक्रवार सुबह लियोन के उत्तर-पूर्व में स्थित लेंट टाउन में हुई. (फ़ाइल फ़ोटो)

    फ़्रांस के पूर्वी हिस्से में शुक्रवार को एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई. अधिकारियों के मुताबिक़, इस हादसे में कई लोग हताहत हुए हैं.

    यह घटना शुक्रवार सुबह लियोन के उत्तर-पूर्व में स्थित लेंट टाउन में हुई. यह जगह स्विट्ज़रलैंड की सीमा से क़रीब 55 किलोमीटर दूर है.

    टाउन के मेयर यवेस क्रिस्टिन ने फ़्रांसीसी मीडिया को बताया कि बस सड़क से उतरकर किनारे बने गड्ढे में एक पेड़ से टकरा गई.

    वहीं, ऐन प्रांत के प्रशासन और शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस हादसे में कई लोग प्रभावित हुए हैं.

    फ़्रांस के शिक्षा मंत्री एडुआर गफ़्रे ने बताया कि हादसे में छात्र शामिल थे.

    वहीं, परिवहन मंत्री फ़िलिप तबारो ने कहा कि वह घटनास्थल की ओर जा रहे हैं.

    गफ़्रे ने पत्रकारों से कहा कि उनकी संवेदनाएं हादसे में शामिल छात्रों के साथ हैं.

    उन्होंने कहा, ''जब हमारे बच्चे इस तरह के हादसों का शिकार होते हैं, तो यह हमेशा मुश्किल होता है.''

    फ़्रांसीसी मीडिया में सामने आई तस्वीरों में नीले और सफ़ेद रंग की एक बस सड़क किनारे गड्ढे में झुकी हुई दिखाई दे रही है. सड़क के किनारे पेड़ भी नज़र आ रहे हैं.

    बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है. घटनास्थल पर आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौजूद हैं.

    गंभीर रूप से घायल लोगों को विशेष अस्पताल पहुंचाने के लिए एक हेलिकॉप्टर भी तैनात किया गया है.

    क्रिस्टिन ने फ़्रांसीसी मीडिया को बताया कि दो लोगों को कार्डियक अरेस्ट हुआ था. यह हादसा स्थानीय समय के मुताबिक़ सुबह क़रीब सात बजे (भारतीय समय के मुताबिक़ सुबह करीब 11:30 बजे) हुआ.

  14. बगैर पटाखों वाली दिवाली लोगों का आंदोलन बने, हमारी पहल नहीं: सुप्रीम कोर्ट

    सुप्रीम कोर्ट
    इमेज कैप्शन, मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि अदालत जितने ज़्यादा आदेश देती है, उनके उल्लंघन की आशंका भी उतनी ही बढ़ जाती है.

    सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कहा कि दिवाली और दूसरे त्योहारों के दौरान स्वच्छ हवा के लिए की जाने वाली पहल को 'लोगों का आंदोलन' बनना चाहिए.

    त्योहारों के दौरान प्रदूषण पर रोक सिर्फ़ अदालत के आदेशों और पुलिस की तैनाती से नहीं लगाई जा सकती.

    क़ानूनी मामलों से जुड़ी ख़बरों और विश्लेषणों की वेबसाइट 'बार एंड बेंच' के मुताबिक़, सर्वोच्च अदालत ने दिल्ली सरकार और दूसरी संबंधित एजेंसियों से अपील की कि वे स्थानीय नगर पार्षदों को सक्रिय रूप से इस काम में शामिल करें.

    पार्षदों के ज़रिए लोगों से अपील की जाए कि वे आने वाली दिवाली पर प्रदूषण फैलाने वाले पटाखे न जलाएं.

    भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची और वी. मोहना की पीठ ने कहा कि अदालतों के ज़रूरत से ज़्यादा दख़ल से अक्सर आदेशों का पालन न करने की घटनाएं बढ़ जाती हैं.

    मुख्य न्यायाधीश ने कहा, "अदालत जितने ज़्यादा आदेश देती है, उनके उल्लंघन की आशंका भी उतनी ही बढ़ जाती है. ऐसा ही होता है. स्थानीय पार्षदों को शामिल करें. उनसे लोगों से अपील करने को कहें कि वे दिवाली का जश्न इस तरह मनाएं कि प्रदूषण न फैले. इसे लोगों का आंदोलन बनना चाहिए."

  15. फ़ारुक़ अब्दुल्लाह की नाराज़ विधायकों के साथ बैठक, कहा- पार्टी तोड़ने की कोशिश करने वाले नाकाम होंगे, श्रीनगर से बीबीसी संवाददाता जहांगीर अली

    फ़ारूक़ अब्दुल्ला
    इमेज कैप्शन, फ़ारूक़ अब्दुल्लाह और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने नेशनल कॉन्फ़्रेंस के नाराज़ विधायकों के एक दल से मुलाक़ात की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    नेशनल कॉन्फ़्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने शुक्रवार को श्रीनगर स्थित अपने आवास पर पार्टी के नाराज़ विधायकों के एक समूह से मुलाक़ात की.

    इस मुलाक़ात के जरिए उन्होंने पार्टी में टूट की आशंकाओं को दूर करने की कोशिश की.

    इस बैठक में उनके बेटे और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह भी शामिल हुए.

    फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने अपने आवास के बाहर पत्रकारों से कहा, "बेबुनियाद ख़बरें फैलाई जा रही हैं कि नेशनल कॉन्फ़्रेंस अलग-अलग गुटों में बंट गई है. हमारी पार्टी एकजुट है और जो लोग इसे तोड़ने की सोच रहे हैं, वे कामयाब नहीं होंगे."

    पिता-पुत्र की इस जोड़ी ने पार्टी के नाराज़ विधायकों के एक समूह से मुलाक़ात की.

    ये विधायक 27 अक्तूबर को उमर अब्दुल्लाह मंत्रिमंडल में चार विधायकों- शमीमा फ़िरदौस, अली मोहम्मद सागर, मीर सैफ़ुल्लाह और अल्ताफ़ कल्लू को शामिल किए जाने के बाद नाराज हो गए थे.

  16. अभी तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं-

  17. पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच दशकों पुराना बिजली विवाद सुलझा

    सुप्रीम कोर्ट

    सुप्रीम कोर्ट ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के बीच दशकों पुराने बिजली विवाद का निपटारा कर दिया है.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि पंजाब और हरियाणा 20 साल में हिमाचल को 1197 करोड़ यूनिट बिजली देंगे.

    कोर्ट ने भाखड़ा-नांगल और ब्यास परियोजनाओं से हिमाचल प्रदेश को मिलने वाली 7.19% बिजली की हिस्सेदारी लागू करने का तरीका तय किया है.

    बार एंड बेंच के मुताबिक़ चीफ़ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ ने अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी की अगुवाई में हुई बातचीत के बाद तैयार नकद भुगतान रहित समझौते को मंजूरी दी.

    इस बातचीत में हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा शामिल थे.

    समझौते के तहत पंजाब और हरियाणा अगले 20 साल में हिमाचल प्रदेश को 1197.3 करोड़ यूनिट बिजली देंगे.

    सेंट्रल इलेक्ट्रिसिटी अथॉरिटी (सीईए) ने हिमाचल प्रदेश की मूल हिस्सेदारी 1306 करोड़ यूनिट तय की थी. बांधों के निर्माण पर हुए पुराने पूंजीगत खर्च के मद्देनजर समझौते में 420 करोड़ रुपये की कटौती भी शामिल की गई है.

    हिमाचल प्रदेश ने इस बिजली की आपूर्ति 10 साल में करने की मांग की थी, जबकि पंजाब ने 30 साल का समय मांगा था. अटॉर्नी जनरल ने 15 साल का सुझाव दिया था. जबकि सुप्रीम कोर्ट ने 20 साल की अवधि तय की.

  18. राहुल गांधी ने आधार कार्ड को लेकर ललन सिंह के बयान पर कहा, 'साज़िश बहुत गहरी है'

    राहुल गांधी और ललन सिंह

    केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के एक बयान को शेयर करते हुए कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर एक लंबी पोस्ट में केंद्र सरकार पर निशाना साधा है.

    राहुल गांधी ने लिखा, "मोदी सरकार के मंत्री का ऐलान- योजनाओं का लाभ अब आधार कार्ड से नहीं, वोटर आईडी से तय होगा. साजिश बहुत गहरी है, इत्मीनान से समझिए."

    उन्होंने लिखा, "एसआईआर के नाम पर करोड़ों नाम वोटर लिस्ट से काटे जा रहे हैं. रोका नहीं गया तो और भी काटे जाएंगे. ज़्यादातर नाम उनके हैं जो बीजेपी के ख़िलाफ़ आक्रोश में हैं."

    "वोटर लिस्ट एक निष्पक्ष चुनाव आयोग के हाथ में होनी चाहिए. मगर अब वो मोदी सरकार के कर्मचारी, ज्ञानेश कुमार के हाथ में है, जिनकी बीजेपी के साथ मिलीभगत में वोट चोरी हमने सबूत के साथ पकड़ी है. तैयारी है ऐसी लिस्ट बनाने की जिसमें बहुमत हमेशा बीजेपी का हो - और अब वही लिस्ट तय करेगी कि आपको योजना का लाभ मिलेगा या नहीं."

    राहुल गांधी ने आरोप लगाया, "जिसने भी ठाना कि बीजेपी को हटाना है, तो चुन-चुन कर सबका नाम काटा जाएगा. नाम कटा - वोट गया. वोट गया - हक़ गया. देखते ही देखते आप एक हाइजैक्ड लोकतंत्र के अदृश्य नागरिक बन जाएंगे - जहां जनता सरकार नहीं चुनेगी, सरकार अपनी जनता चुनेगी."

    "आज पंचायती राज की योजनाएं. कल राशन? पेंशन? मनरेगा? आवास? छात्रवृत्ति? आरक्षण? यह चुनाव जीतने की राजनीति नहीं, चुनाव चोरी का इंतज़ाम और सत्ता में बने रहने का स्थायी बंदोबस्त है."

    राहुल गांधी ने लिखा, “वोट देना आपका अधिकार है, शर्त नहीं. किसी ग़रीब की पेंशन उसके वोटर कार्ड की ग़ुलाम नहीं हो सकती. ये सिर्फ़ वोट चोरी नहीं - ये हक़ चोरी है. हम ये होने नहीं देंगे.”

    पंचायती राज, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) ने कहा है कि लाभार्थियों को उनके आधार नंबर के आधार पर लाभ का भुगतान करने की मौजूदा व्यवस्था की जगह जल्द ही एक ऐसी प्रणाली लाई जाएगी, जिसमें बायोमेट्रिक्स और वोटर आईडी नंबर का इस्तेमाल करके भुगतान किया जाएगा.

  19. पटना पुलिस का दावा- मुठभेड़ में तीन अपराधियों की मौत

    बिहार एसटीएफ़ और पटना पुलिस अपराध को रोकने के लिए विशेष अभियान चला रही है
    इमेज कैप्शन, बिहार एसटीएफ़ और पटना पुलिस अपराध को रोकने के लिए विशेष अभियान चला रही है

    पटना पुलिस ने बताया है कि बिहार एसटीएफ़ (स्पेशल टास्क फ़ोर्स) और पटना पुलिस की एक संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मनेर थाना इलाक़े में ऑपरेशन किया, इस दौरान पुलिस टीम और अपराधियों के बीच कथित तौर पर मुठभेड़ हुई.

    पुलिस के मुताबिक़ सूचना मिली थी आपराधिक रिकॉर्ड वाले कुछ लोग किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं.

    पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा, “ख़बर मिली थी कि ये लोग शेरपुर में कोई बड़ी घटना करने जा रहे हैं.”

    उन्होंने दावा किया, "पुलिस टीम के मौक़े पर पहुँचते ही अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. उनकी एक गोली मनेर थानाध्यक्ष की वर्दी को छूते हुए निकल गई. पुलिस टीम के अन्य सदस्यों को भी निशाना बनाकर फायरिंग की गई."

    उनका कहना है, "आत्मरक्षा के लिए की गई जवाबी कार्रवाई में तीन अपराधी घायल हो गए. उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया."

    कार्तिकेय शर्मा ने बताया है कि घटनास्थल से तीनों अपराधियों के पास से हथियार बरामद किए गए.

    "तीनों मृतकों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और इनके विरुद्ध दानापुर, शाहपुर, मनेर और आसपास के थाना क्षेत्रों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं."

    उन्होंने कहा, "हाल ही में दुर्गा पूजा के दौरान अष्टमी के दिन मनेर थाना क्षेत्र में हुई हत्या के एक मामले में भी इनके शामिल होने की बात सामने आई थी. उस मामले में तीनों की तलाश की जी रही थी."

  20. सड़क दुर्घटना देखने जुटी भीड़ को तेज़ रफ़्तार ट्रक ने कुचला, 7 लोगों की मौत

    हादसे वाली जगह पर लोग एक स्कूटर एक्सीडेंट देखने के लिए इकट्ठा थे
    इमेज कैप्शन, हादसे वाली जगह पर लोग एक स्कूटर एक्सीडेंट देखने के लिए इकट्ठा थे

    झारखंड के खूंटी ज़िले में एक भीषण सड़क दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई.

    पहले से हुई एक दुर्घटना को लेकर लोगों की भीड़ जमा थी, तभी एक 18 पहियों वाला ट्रक तेज़ रफ़्तार से गुजरा.

    मरने वालों में तीन बच्चे भी शामिल हैं. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.

    यह घटना उस वक़्त हुई जब अंधेरे में यह ट्रक मोड़ पर मुड़ रहा था.

    झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस घटना पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि गुरुवार रात कुछ लोग कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर गड्ढे में गिरे एक स्कूटर सवार को बचाने के लिए पहुंचे थे. इस दौरान कई महिलाएं और बच्चे भी घटनास्थल पर जमा हो गए और हादसा देखने लगे.

    अधिकारी ने कहा, "इसी बीच तोरपा की ओर से आ रहे 18 पहियों वाले ट्रक ने तेज़ मोड़ लेते समय उन्हें कुचल दिया. अंधेरा होने के कारण संभव है कि ड्राइवर को सड़क पर जमा भीड़ दिखाई नहीं दी हो."