आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
एपल ने कई नए फ़ीचर्स के साथ लॉन्च की वॉच सिरीज़ लेकिन नहीं लॉन्च हुआ नया आईफ़ोन
- Author, लिओ केलिऑन
- पदनाम, टेक्नॉलजी डेस्क एडिटर
- प्रकाशित
दुनिया भर के तकनीकी प्रेमियों के लिए और ख़ासतौर पर एपल गैजेट्स इस्तेमाल करने वालों के लिए बीती रात काफ़ी ख़ास रही.
कोरोना वायरस महामारी के इस दौर में जहां ज़िंदगी लगभग रुक सी गई है वहीं इस इवेंट ने लोगों को कई नई चीज़ें दी. ख़ासतौर पर सेहत को लेकर. भारतीय समयानुसार मंगलवार रात क़रीब 11 बजे एपल ने एक वर्चुअल इवेंट में कई नए प्रोडक्ट्स लॉन्च किए.
इसमें सबसे ख़ास रही वॉच सिरीज़. जिसे पर्सनलाइज़्ड वर्कआउट सब्सक्रिप्शन फ़िटनेस प्लस के साथ लॉन्च किया गया है.
यह सर्विस यूज़र को उन वीडियो लिस्ट से वर्कआउट चुनने की अनुमति देता है जो आईफ़ोन, आईपैड या एपल टीवी पर चलाए जा सकते हैं. कंपनी का कहना है कि यूज़र को हर हफ़्ते नए-नए वर्कआउट मिलेंगे. वर्कआउट के दौरान यूज़र अपना फ़िटनेस डेटा आईफ़ोन या आईपैड पर देख सकेंगे.
फ़िटनेस प्लस का सीधा मुक़ाबला iOS पर पहले से मौजूद फ़िटनेस एप्स जैसे पेलोटोन, लेस मिल्स और फ़िट के साथ होगा. आने वाले समय में हो सकता है कि यह फ़िटबिट के लिए भी चुनौती पेश करे. बहुत से लोगों ने पहले ही यह अंदेशा जताया था कि एपल मोबाइल की नई रेंज लॉन्च नहीं करेगा.
एपल ने इस मौक़े पर अगले iPhones को लेकर कोई भी जानकारी साझा नहीं की. आने वाले समय में किसी अन्य समारोह में इसे लॉन्च किया जाएगा.
योग और डांस
अपने कई प्रतिद्वंद्वियों की तरह फ़िटनेस प्लस उन लोगों के लिए काफी क़ारगर साबित हो सकता है जो प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ वर्कआउट करते हैं.
मार्केट इंफॉर्मेशन देने वाली कंपनी सीसीएस इनसाइट के लियो गैबी कहते हैं, "स्वास्थ्य पर नज़र रखना, एपल के लिए मुख्य फ़ोकस बना हुआ है. और इसकी नई सेवा फ़िटनेस प्लस इस क्षेत्र में इसके किसी भी दूसरे प्रोडक्ट की तुलना में ज़्यादा कामयाब होने के संकेत देती है."
फ़िटनेस प्लस को फिलहाल छह देशों में लॉन्च किया जाएगा. जिसमें ब्रिटेन और अमरीका में यह इस साल के अंत तक लॉन्च हो जाएगा. फ़िटनेस प्लस के लिए यूज़र्स को प्रति माह 10 पाउंड (क़रीब 950 भारतीय रुपये) देने होंगे.
वैकल्पिक तौर पर इसे अन्य एपल सेवाओं के साथ भी ख़रीदा जा सकता है. जैसे आईक्लाउड स्टोरेज, आर्केड वीडियो गेम और एपल म्यूज़िक. यह एक स्टैंडअलोन सर्विस है जिसे परिवार के दूसरे सदस्य भी इस्तेमाल कर सकेंगे.
सिलिकॉन वैली स्थित कंसलटेंसी कंपनी क्रिएटिव स्ट्रेटजीज़ की कैरोलीना मिलानेसी के अनुसार, "उपकरण के साथ या उपकरण के बिना भी यह दस वर्कआउट्स को सपोर्ट करते हैं और यह फ़ैमिली प्राइस पर उपलब्ध है, जो इसे आकर्षक बनाता है."
लेकिन एक निजी प्रशिक्षक का कहना है कि वह इस सर्विस को प्रतिस्पर्धा के तौर नहीं देखते हैं. उनका कहना है कि वो इसे ऑनलाइन कोच के वन-टू-वन सेशन के प्रतिस्पर्धा में कहीं भी नहीं पाते हैं.
सैम वेक ने बीबीसी से कहा, "कोई भी फ़िटनेस वर्कआउट तभी रिज़ल्ट देती है जब उसमें मानव व्यवहार शामिल हो, जवाबदेही हो और समझ हो."
ऑक्सीजन मॉनिटर फ़ीचर
एपल ने इस मौक़े पर स्मार्टवॉच की दो नई रेंज भी लॉन्च की. वॉच सिरीज़ 6 और वॉच SE.
इसमें SE कम क़ीमत पर उपलब्ध या कहें अफ़ोर्डेबल क़ीमत पर उपलब्ध मॉडल है.
वॉच सिरीज 6 में ब्लड ऑक्सीजन सेंसर है जो उन परिस्थितियों को संभालने के लिए है जिनमें दिल या फेफड़े पर असर पड़ सकता है.
यह नेक्स्टजेन वॉच SpO2 को भी नाप सकने में सक्षम है, जो यह बताता है कि यूज़र के ख़ून में मौजूद रेड ब्लड सेल्स (लाल रूधिर कणिकाओं) में ऑक्सीजन की कितनी मात्रा है.
एपल का दावा है कि यह श्वसन समस्याओं से जुड़े शुरुआती लक्षणों की पहचान करने में सहायक साबित हो सकता है. हालांकि इस पर मुद्रित निर्देशों-सूचनाओं में साफ़ अक्षरों में लिखा है कि यह चिकित्सकीय इस्तेमाल के लिए नहीं है.
हालांकि यह सुविधा पहली नहीं है. सैमसंग, हुआवे और फ़िटबिट पहले से ही ऐसे स्मार्टवॉच बेच रहे हैं जो यह सुविधा मुहैया कराते हैं.
वहीं लॉन्च हुई और किफ़ायती बतायी जा रही SE में सेंसर नया नहीं है और प्रोसेसर भी धीमा है. बावजूद इसके इसमें वो ज़्यादातर फ़ीचर मौजूद हैं जो इससे कहीं ज़्यादा महंगे मॉडल में हैं.
इनमें स्लीप-ट्रैकिंग और बच्चों को ध्यान में रखकर तैयार की गई एक ख़ास सुविधा फ़ैमिली सेट-अप भी है.
वॉच सिरीज 6 की क़ीमत क़रीब 35 हज़ार रुपये से शुरू होती है वहीं SE की क़ीमत क़रीब 25 हज़ार है.
A14 चिप
एपल का नया आईपैड एयर इस कंपनी की पहला ऐसा प्रोडक्ट है जिसमें पहली बार चिप मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस का इस्तेमाल किया गया है. दावा किया जा रहा है कि इससे प्रोसेसिंग पावर बढ़कर मिलेगी.
कंपनी का कहना है कि इसके A14 प्रोसेसर से 4K वीडियोज़ को भी आसानी से एडिट किया जा सकता है. सबसे ख़ास आकर्षण है इसका टच आईडी फ़िंगरप्रिंट सेंसर है. इसमें USB-C पोर्ट है. इसमें 10.9 इंच की डिस्प्ले स्क्रीन दी गई है.
इसकी शुरुआती क़ीमत 54 हज़ार रुपये है.
इसके अलावा कंपनी ने एक कम क़ीमत वाला और बेसिक आईपैड भी लॉन्च किया जिसमें पुराने A12 चिप का इस्तेमाल किया गया है. जोकि 31 हज़ार रुपये की शुरुआती क़ीमत पर उपलब्ध है.
मार्केट सर्वे में पाया गया है कि कोरोना वायरस महामारी के शुरू होने के बाद से टेक इंडस्ट्री में टैबलेट की मांग तेज़ी से बढ़ी है. लोग मनोरंजन, ऑनलाइन क्लास और रीमोट-वर्किंग के लिए इनका ज़्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं.
रिसर्च फ़र्म आईडीसी के मुताबिक़, बीते साल की तुलना में इस साल अप्रैल से जुलाई महीने के आंकड़े देखें को टैबलेट की मांग 19 फ़ीसदी तक बढ़ी है. मांग बढ़ने का अंदाज़ा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि सैमसंग, अमेज़न और हुआवे जैसी कंपनियों को भी फ़ायदा मिला है.
आईडीसी के आंकड़ों के मुताबिक़, हालांकि एपल के आईपैड अब भी मार्केट में सबसे आगे हैं. हालांकि वार्षिक उछाल की बात करें तो यह सिर्फ़ 2 फ़ीसदी ही बढ़ा है.
रिसर्च फ़र्म आईडीसी के मार्टा पिंटो इसके पीछे एक बड़ी वजह क़ीमत को मानते हैं. कई दूसरी कंपनियां तुलनात्मक रूप से सस्ते उपकरण उपलब्ध कराती हैं.
इस इवेंट में एपल ने घोषणा की कि वे अपने लेटेस्ट मोबाइल ऑपरेटिंग सिस्टम iOS 14 को बुधवार को लॉन्च करेंगे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)