आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
सोशल: फ़ैज़ाबाद बना अयोध्या तो क्या बोले लोग...
जगहों के नाम बदलने की कड़ी में एक नाम और जुड़ गया है. अब उत्तर प्रदेश सरकार ने फ़ैज़ाबाद ज़िले का नाम अयोध्या रख दिया है.
इसकी घोषणा राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के राम कथा पार्क में चल रहे दीपोत्सव के मौक़े पर की.
इससे पहले यूपी सरकार ने इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज किया गया था.
दीपोत्सव में योगी आदित्यनाथ ने ये भी घोषणा की कि अयोध्या में राजा दशरथ के नाम पर एक मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा. वहीं, अयोध्या में भगवान श्रीराम एयरपोर्ट का निर्माण किया जाएगा.
हर बार की तरह इस बार भी नाम बदलने का मसला सोशल मीडिया पर छा गया है और लोग अपनी-अपनी राय दे रहे हैं. कुछ लोग चुटीले अंदाज़ में भी इस मसले पर लिख रहे हैं.
सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे किस तरह से लिया पढ़ें इन ट्वीट्स में.
यूजर रोशन राय ने ट्वीट किया है, ''नाम में क्या रखा है: विलियम शेक्सपीयर, नाम में बहुत कुछ रखा है: योगी आदित्यनाथ''
बेला जयसिंघानी ने लिखा है, ''उमराव जान का शहर फ़ैज़ाबाद, जिस पर उर्दू का पहला उपन्यास आधारित है, उसे आयोध्या कर दिया गया. ताक़त का नशा भारत की गंगा जमुना तहज़ीब ख़त्म कर रहा है.''
अहमद बिलाल चौधरी लिखते हैं, ''जब इंसान बैचलर हो और बच्चों के नाम रखने की चाह हो तो फिर वो सीएम बनकर शहरों के नाम बदलता है...''
मणिमुग्ध शर्मा ने ट्वीट किया है, ''क्या उत्तर प्रदेश में एक कामकाजी सरकार है या लोगों ने मनोरंजन के लिए एक कॉमेडी सरकस चुन लिया है?''
यूजर राम छापोलिया लिखते हैं, ''फ़ैज़ाबाद अयोध्या के नाम से जाना जाएगा. योगी आदित्यनाथ जी धन्यवाद.''
यूजर इंटॉलरेंट ने लिखा है, ''आरआईपी फ़ैज़ाबाद, वेल्कम डिस्ट्रिक्ट अयोध्या.''
उजैर हसन रिज़वी ने ट्वीट किया है, ''योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के रहने वाले हैं उसे बदलकर मुरखपुर कर देना चाहिए. उनके कामों और कोशिशों के लिए एक शहर का नाम उन पर भी होना चाहिए.''
अब तक अयोध्या फ़ैज़ाबाद ज़िले का हिस्सा हुआ करता था, लेकिन अब पूरे ज़िले को अयोध्या के नाम से जाना जाएगा.
हिंदू धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक इसी शहर में मर्यादा पुरुषोत्तम राम का जन्म हुआ था.
अयोध्या भारत का एक धार्मिक नगर रहा है और यह हिंदुओं का एक प्रसिद्ध तीर्थस्थल है. अब तक फ़ैज़ाबाद ज़िले का हिस्सा रहे अयोध्या की आबादी 2011 की जनगणना के मुताबिक 55 हज़ार से ज्यादा है.
ये भी पढ़ें:
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)