आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
#IPL2019 राजस्थान ने हैदराबाद को सात विकेट से हराकर उलझाई प्लेऑफ़ की पहेली
- Author, आदेश कुमार गुप्त
- पदनाम, खेल पत्रकार, बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
- प्रकाशित
आईपीएल-12 में शनिवार को एक ही मैच खेला गया जिसमें राजस्थान रॉयल्स ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हरा दिया.
राजस्थान के सामने जीत के लिए 161 रनों का लक्ष्य था जो उसने संजू सैमसन के नाबाद 48 रन और कप्तान स्टीव स्मिथ के 22 रनों की मदद से 19.1 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया.
इनके अलावा सलामी जोड़ी अजिंक्य रहाणे ने 30 और लियाम लिविंगस्टोन ने भी 44 रनों की शानदार पारी खेली.
इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 78 रनों की साझेदारी कर हैदराबाद के गेंदबाज़ों के हौसले भी तोड़ दिए.
इससे पहले, हैदराबाद ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 160 रन बनाए.
मनीष पांडेय का प्रहार
हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज़ डेविड वार्नर ने 37 और मनीष पांडेय ने 61 रन बनाए. इनके अलावा राशिद ख़ान ने नाबाद 17 और कप्तान केन विलियमसन ने 13 रन बनाए.
राजस्थान के वरुण एरोन, ओशाने थॉमस, श्रेयस गोपाल और जयदेव उनादकट ने दो-दो विकेट आपस में बांटे.
अब बात राजस्थान की जीत के हीरो संजू सैमसन की जिन्होंने 32 गेंदों पर चार चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 48 रन बनाए.
वैसे संजू सैमसन ने तब मोर्चा संभाला जब सलामी बल्लेबाज़ लियाम लिविंगस्टोन 44 रनों की शानदार पारी खेलकर राशिद ख़ान का शिकार बने.
शायद वह जाते-जाते सैमसन को यह भी बता गए कि घबराने की कोई बात नही है गेंदबाज़ी में दम नही है.
इससे पहले संजू सैमसन इस आईपीएल में तब चर्चा में आए थे जब उन्होंने दूसरे ही मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के ही ख़िलाफ़ उन्ही के घर में 102 रनों की शतकीय पारी खेली थी.
हालांकि इसके बाद भी राजस्थान रॉयल्स हैदराबाद से पांच विकेट से हार गई थी.
अब एक तरह से राजस्थान ने अपने ही घर में खेलते हुए उसका बदला लेते हुए हैदराबाद को मात दी.
राजस्थान भी प्लेऑफ़ की दौड़ में
इसके साथ ही कुछ किंतु-परंतु के साथ राजस्थान रॉयल्स भी प्लेऑफ की दौड़ में शामिल हो गई है.
अब राजस्थान के 12 मैचों में पांच जीत और सात हार के बाद अंक तालिका में 10 अंक है और वह छठे स्थान पर है.
आईपीएल के बचे मैचों में उसे अब बैंगलोर और दिल्ली का सामना करना है.
अगर वह दोनो मैच जीत जाती है तो उसके 14 अंक हो जाएगे.
दूसरी तरफ हैदराबाद कल की हार के बाद भी आईपीएल में अंक तालिका में 11 मैचों में पांच जीत और छह हार के बाद 10 अंको के साथ चौथे स्थान पर है.
अब अंक तालिका में तीन टीमों के 10-10 अंक है.
इनमें बेहतर औसत के साथ हैदराबाद चौथे, किंग्स इलेवन पंजाब पांचवें और राजस्थान रॉयल्स छठे स्थान पर है.
लेकिन हैदराबाद और पंजाब ने 11-11 जबकि राजस्थान ने 12 मैच खेले है.
दूसरी तरफ रोहित शर्मा की कप्तानी में खेल रही मुंबई इंडियंस 11 मैचों में सात जीत और चार हार के बाद 14 अंक और बेहतर रन औसत के साथ दूसरे पायदान पर है.
मुंबई से कम रन औसत के कारण दिल्ली कैपिटल्स 11 मैचों में सात जीत और चार हार के बाद 14 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है.
चेन्नई सुपर किंग्स 12 मैचों में आठ जीत के बाद 16 अंक के साथ पहले ही प्लेऑफ में पहुंचकर बेफ़िक्र है.
अब बचे हुए दो मैचों में उसे हार मिले या जीत उसकी सेहत पर कोई असर नही पड़ता.
उसके लिए बस इतना काफी है कि वह एक मैच और जीतकर अंक तालिका में टॉप पर रहते हुए प्लेऑफ में पहुंचे.
रविवार के मुक़ाबले अहम
तमाम समीकरण देखते हुए रविवार को होने वाले दोनों मुक़ाबले बेहद महत्वपूर्ण है.
रविवार को पहले मुक़ाबले में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेल रही दिल्ली कैपिटल्स का सामना बैंगलोर से और दूसरे मुक़ाबले में कोलकाता का सामना मुंबई से होगा.
अगर रविवार को दिल्ली और मुंबई अपने विरोधियों से पार पा गए तो वह भी प्लेऑफ में पहुंच जाएंगे, और अगर विरोधी टीम जीती तो फिर समीकरण और जटिल होंगे.
ऐसे में देखना है कि क्या दिल्ली और मुंबई अपनी जीत से संडे को सुपर संडे में बदल पाते है या नही.
ये भी पढ़ें:
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)