आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
अहमदाबाद टेस्ट: पहले दिन का खेल ख़त्म, भारत ने तीन विकेट खोकर 99 रन बनाए
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे डे-नाइट टेस्ट मैच में पहले दिन का खेल ख़त्म होने के बाद भारत ने तीन विकेट के नुक़सान पर 99 रन बना लिए हैं.
उप-कप्तान रोहित शर्मा 57 रन बनाकर क्रीज़ पर जमे हुए हैं. अजिंक्य रहाणे 1 रन बनाकर रोहित शर्मा का साथ दे रहे हैं.
भारत के दोनों सलामी बल्लेबाज़ शुबमन गिल और रोहित शर्मा ने संभल कर खेलना शुरू किया. दोनों ने पहले विकेट के लिए 33 रन जोड़े जब गिल आर्चर के शिकार हुए. उसके फ़ौरन बाद चेतेश्वर पुजारा बिना खाता खोले एलबीडब्ल्यू आउट हो गए.
उसके बाद कप्तान विराट कोहली और रोहित शर्मा ने संभल कर खेलना शुरू किया लेकिन दिन के आख़िरी ओवर में कोहली प्लेडऑन हो गए.
इससे पहले इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया. लेकिन उनका फ़ैसला सही नहीं साबित हुआ और पूरी टीम महज़ 112 रन पर सिमट गई.
उनकी शुरूआत अच्छी नहीं रही और मैच के तीसरे ओवर में दो रन के स्कोर पर इंग्लैंड का पहला विकेट गिरा जब डॉम सिबले बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए.
100वाँ टेस्ट खेल रहे ईशांत शर्मा की गेंद पर रोहित शर्मा ने सिबले का कैच पकड़ा. छठे ओवर में जॉनी बैरस्टो के रूप में इंग्लैंड ने अपना दूसरा विकेट खोया.
इसके बाद 74 रन के स्कोर पर जो रूट, 80 के स्कोर पर ज़ैक क्रॉले आउट हो गए. पहले सत्र तक इंग्लैंड का स्कोर था चार विकेट पर 81 रन.
अक्षर पटेल और रविचंद्रन अश्विन चमके
81 के स्कोर पर ही रविचंद्रन अश्विन की गेंद पर ओली पोप बोल्ड हो गए. इसके बाद 93 रन के स्कोर पर जोफ्रा आर्चर अक्षर पटेल की गेंद को नहीं समझ पाए और बोल्ड हो गए.
98 के स्कोर पर इंग्लैड का आठवाँ विकेट जैक लीक के रूप में गिरा.
बेन फ़ोक्स और स्टुअर्ट ब्रॉड ने पारी को संभालने की कोशिश की और इंग्लैंड के स्कोर को 100 रन के पार ले गए. लेकिन 47वें ओवर में स्टूअर्ट ब्रॉड 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. ब्रॉड पटेल का पाँचवां शिकार बने.
इंग्लैंड का आख़िरी विकेट भी अक्षर पटेल ने लिया. बेन फ़ोक्स 12 रन बना कर बोल्ड हो गए और इंग्लैंड की पारी 112 रन पर सिमट गई.
भारत की तरफ़ से अक्षर पटेल ने छह, रविचंद्रन अश्विन ने तीन और ईशांत शर्मा ने एक विकेट लिया.
इंग्लैंड की तरफ़ से सबसे ज़्यादा 53 रन ज़ैक क्रॉले ने बनाए. भारत की दूसरी पारी पर सबकी निगाहें होंगी क्योंकि उन्हें लाइट्स में बल्लेबाज़ी करनी है. अहमदाबाद टेस्ट भारत में खेला जा रहा पहला डे-नाइट टेस्ट है.
भारत की तरफ़ से पारी की शुरुआत रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने की है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)