आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में शॉपिंग सेंटर हत्याकांड: 'मैंने हमलावर को चाकू लेकर दौड़ते हुए देखा...'
ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में एक भीड़-भाड़ भरे मॉल में एक व्यक्ति द्वारा अन्य लोगों पर चाकू से किए गए हमले में छह लोगों की मौत हो गई है और कई घायल हो गए हैं.
वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने इस घटना के बारे में मीडिया से बात की है. एक परेशान दिख रही महिला ने बताया, "वो पागलपन था."
उन्होंने फर्श पर गिरी हुई एक जख़्मी महिला को देखा था जिसके बारे में वो बता रही थीं.
बोंदी के वेस्टफील्ड शॉपिंग सेंटर पर घटना के वक़्त बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. दोपहर के तीन बजे का वक़्त हुआ था, तभी ये घटना हुई.
एक प्रत्यक्षदर्शी वहां पास के एक कैफे में अपने दो छोटे बच्चों के साथ मौजूद थे. उन्होंने देखा कि एक शख़्स अंधाधुंध तरीके से लोगों पर चाकू से हमला कर रहा है. ऑस्ट्रेलिया के एबीसी न्यूज़ को उन्होंने नाम न जाहिर करने की शर्त पर बताया, "वो एक हत्याकांड की तरह था."
पुलिस ने क्या कहा
असिस्टेंट कमिश्नर एंथनी कुकी ने बताया कि संदिग्ध हमलावर शॉपिंग मॉल में स्थानीय समयानुसार दोपहर तीन बजकर 10 मिनट पर घुसा. इसके बाद वह कुछ देर के लिए बाहर गया और फिर तीन बजकर 20 मिनट में दोबारा आकर लोगों पर हमला कर दिया.
अभी ये साफ़ नहीं है कि हमलावर ने शॉपिंग सेंटर में आम लोगों पर हमला क्यों किया लेकिन पुलिस का कहना है कि उसके मक़सद के रूप में चरमपंथ की संभावना को खारिज नहीं किया जा सकता है.
ये हमला उस वक़्त जाकर ख़त्म हुआ जब वहां पास में ड्यूटी पर तैनात एक महिला पुलिस अधिकारी ने हमलावर का सामना किया.
पुलिस ने बताया कि हमलावर ने महिला पुलिस अधिकारी की तरफ़ चाकू बढ़ाया जिसके बाद अधिकारी ने उसे गोली मार दी.
प्रेस कॉन्फ़्रेंस में पुलिस ने बताया कि हमलावर ने कम से कम नौ लोगों को चाकू से गोदा.
चश्मदीदों ने क्या बताया
बताया जा रहा है कि शॉपिंग मॉल में हमलावर ने जिन लोगों पर चाकू से हमला किया उनमें एक नौ महीने का बच्चा भी शामिल है.
33 साल के जॉनी ने खरीदारी करते समय हंगामा सुना. पलट कर देखने पर उन्होंने एक महिला और उनके बच्चे पर हमला होते देखा.
जॉनी कहते हैं, "उन्हें चाकू से गोदा जा रहा था. वहां खड़ा हर इंसान सकते में था और ये नहीं समझ आ रहा था कि क्या किया जाए."
उन्होंने बताया कि घायल महिला किसी भी तरह भागकर सामने एक स्टोर में घुस गईं और वहां मौजूद स्टाफ़ ने झट से दरवाज़ा लॉक कर दिया.
उन्होंने कहा कि कुछ अन्य खरीदारों ने वहां मौजूद कपड़ों या दूसरी चीज़ों से खून बहने से रोका.
वह कहते हैं कि बच्चे को कम चोट आई थी लेकिन महिला बुरी तरह ज़ख्मी थीं. बहुत सारा खून बह रहा था और वह घबराई हुई थी.
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री का बयान
जैसन डॉक्सन नाम के एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उन्होंने 'लोगों को चीख-पुकार मचाते और दौड़ते हुए' देखा. जैसन हमलावर को गोली मारने वाली पुलिस अधिकारी के पीछे ही थे.
उन्होंने बताया कि बड़ा सा चाकू लिए हमलावर ने हमारी तरफ़ हथियार लहराया. वे कहते हैं, "मैं इतना ही सुन पाया कि उसने कहा 'पुट इट डाउन' (हथियार नीचे रख दो) और उसके बाद महिला अधिकारी ने हमलावर को गोली मार दी."
"अगर वो हमलावर को गोली नहीं मारतीं तो उसका उपद्रव जारी रहता."
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने हमलावर को गोली मारने वाली पुलिस अधिकारी को 'हीरो' कहा है. उन्होंने कहा, "इस बात में कोई संदेह नहीं है कि उन्होंने अपने एक्शन से लोगों की जान बचाई है."
"आज की रात हम सब के लिए बोंदी जंक्शन में जो कुछ हुआ, वो शब्दों से परे था."
(बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित)
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)