आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
नवीन उल हक़ और इन अफ़ग़ान क्रिकेटरों का इस बार आईपीएल खेलना क्यों है मुश्किल
अफ़ग़ानिस्तान के जाने-माने क्रिकेटर नवीन उल हक़ एक बार फिर चर्चा में हैं.
आईपीएल के दौरान विराट कोहली से बहस के कारण सुर्ख़ियाँ बटोरने वाले नवीन उल हक़ को अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने तगड़ा झटका दिया है.
अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने नवीन उल हक़, मुजीब उर रहमान और फ़ज़लहक़ फ़ारूक़ी पर किसी भी फ़्रेंचाइज़ी के लिए खेलने पर पाबंदी लगा दी है.
दरअसल इन तीनों क्रिकेटर्स ने अपने आपको सालाना सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट से अलग रखने की मांग की थी, ताकि वे आईपीएल जैसे फ़्रेंचाइज़ी क्रिकेट प्रतियोगिताओं में खेल सकें.
लेकिन इस पर कड़ी कार्रवाई करते हुए अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने न सिर्फ़ इन तीनों खिलाड़ियों के सालाना अनुबंध को रोक दिया है, बल्कि इनको अगले दो साल तक सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से अपने अलग करने के मामले में एनओसी (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) देने से भी इनकार कर दिया है.
'राष्ट्रीय ज़िम्मेदारी'
इसका मतलब ये है कि ये तीनों खिलाड़ी फ़िलहाल किसी विदेशी लीग में नहीं खेल पाएँगे.
अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने अपने बयान में कहा है कि इन तीनों खिलाड़ियों ने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट को स्वीकार न करके कमर्शियल लीग में खेलने को प्राथमिकता दी है और वे अफ़ग़ानिस्तान के लिए नहीं खेलना चाहते जबकि ये इनकी राष्ट्रीय ज़िम्मेदारी है.
बोर्ड ने इन तीनों खिलाड़ियों के ख़िलाफ़ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का भी फ़ैसला किया है.
बोर्ड ने इस मामले की गहराई से जाँच के लिए एक समिति का गठन भी किया था.
एसीबी ने इस समिति से कहा था कि वो ये भी बताए कि कैसे क्रिकेट बोर्ड के हितों को प्राथमिकता दी जाए.
सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट
इस समिति के एक सदस्य ने बताया, "इन तीनों खिलाड़ियों ने औपचारिक रूप से एसीबी से कहा था कि उन्हें सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से अलग कर दिया जाए."
इस समिति ने जो सिफ़ारिश की है, उसमें कहा गया है कि इन खिलाड़ियों को एक जनवरी 2024 से एक साल तक सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट न दिया जाए. एसीबी ज़रूरत के हिसाब से इस पर फ़ैसला कर सकता है.
साथ ही ये भी सिफ़ारिश की गई है कि इन तीनों खिलाड़ियों को अगले दो साल तक एनओसी न दिया जाए.
अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इन सिफ़ारिशों को स्वीकार करते हुए ये कहा है कि राष्ट्रीय टीम की ओर से खेलने को प्राथमिकता देना बोर्ड का प्रमुख उद्देश्य है. साथ ही सभी खिलाड़ियों को इसे मानना होगा और अपने निजी हित से ऊपर देशहित देखना होगा.
नवीन, मुजीब और फ़ारूक़ी
नवीन उल हक़ आईपीएल में लखनऊ सुपर जाएंट्स की ओर से खेलते हैं, जबकि फ़ारूक़ी सनराइज़र्स हैदराबाद की ओर से खेलते हैं. दोनों टीमों ने इन दोनों खिलाड़ियों को रीटेन करने का फ़ैसला किया था.
जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स ने पिछले दिनों हुए ऑक्शन के दौरान मुजीब को ख़रीदा था.
अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के इस फ़ैसले से इन तीनों के आईपीएल में खेलने पर सवाल खड़े हो गए हैं.
अगर एसीबी ने इन तीनों को समय रहते एनओसी नहीं दिया, तो इस बार उनका आईपीएल में खेलना मुश्किल हो जाएगा.
ये खिलाड़ी न सिर्फ़ आईपीएल बल्कि दुनिया की कई टी-20 लीग में खेलते हैं और ये उनकी कमाई का बड़ा ज़रिया है.
लखनऊ सुपर जाएंट्स
नवीन उल हक़ आईपीएल में लखनऊ सुपर जाएंट्स की ओर से खेलते हैं.
अपने देश की ओर से वे 15 वनडे और 27 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं. नवीन ने वनडे में 22 और टी-20 में 37 विकेट लिए हैं.
पिछले साल ही नवीन ने आईपीएल में डेब्यू किया था. आईपीएल में नवीन ने अभी तक आठ मैच खेले हैं और 11 विकेट लिए हैं.
इन तीनों खिलाड़ियों में सबसे ज़्यादा अनुभवी हैं मुजीब उर रहमान.
मुजीब ने अफ़ग़ानिस्तान की ओर से एक टेस्ट, 75 वनडे और 43 टी-20 मैच खेले हैं.
हैदराबाद टीम का हिस्सा
वनडे में वे अपने देश की ओर से 101 विकेट ले चुके हैं, जबकि टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उनके खाते में 56 विकेट हैं.
उन्होंने कई बार बल्लेबाज़ी में भी अपने देश की ओर से अहम पारियाँ खेली हैं.
मुजीब ने वर्ष 2018 में आईपीएल खेलना शुरू किया था. उस समय वे किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से खेलते थे.
वर्ष 2021 में हुए ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 1.5 करोड़ रुपए में ख़रीद लिया. तब से वे हैदराबाद टीम का हिस्सा हैं.
उन्होंने अपने आईपीएल करियर में कुल 19 विकेट लिए हैं.
अफ़ग़ानिस्तान की राष्ट्रीय टीम
फ़ज़ल हक़ फ़ारूक़ी भी अफ़ग़ानिस्तान की राष्ट्रीय टीम का अहम हिस्सा रहे हैं.
अभी तक वे 27 वनडे और 24 टी-20 मैच खेले चुके हैं. वनडे में उन्होंने 38 और टी-20 में भी 38 विकेट लिए हैं.
आईपीएल में वे सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हैं. उन्होंने वर्ष 2022 में आईपीएल में खेलना शुरू किया था.
साल 2022 में वे तीन मैच ही खेल पाए थे और दो विकेट लिए थे. जबकि 2023 में उन्हें चार मैचों में खेलने का मौक़ा मिला था और उन्होंने चार विकेट लिए थे.
ये तीनों खिलाड़ी आईपीएल के अलावा कई अन्य देशों की टी-20 लीग में भी खेलते हैं. लेकिन अब यही विवाद की जड़ बन चुका है.
विराट और नवीन-उल-हक़ की मैदान पर नोंक-झोंक
इस साल मई में आईपीएल मैच के दौरान विराट कोहली और नवीन उल हक़ के बीच कहासुनी की काफ़ी चर्चा हुई.
दरअसल एक मई को रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच मैच के दौरान विराट कोहली और नवीन उल हक़ के बीच मैदान पर कहासुनी हो गई थी.
दोनों खिलाड़ियों को टीवी पर गु़स्से में कुछ बोलते हुए देखा गया.
खेल के बाद खिलाड़ियों के एक दूसरे से हाथ मिलाने के दौरान कोहली की किसी बात पर, नवीन उल हक़ ने उनका हाथ झटक दिया था.
लेकिन ये विवाद यहीं नहीं रुका.
मैच फ़ीस का जुर्माना
इसके बाद विराट कोहली और लखनऊ की टीम के मेंटॉर गौतम गंभीर के बीच भी क्रिकेट प्रेमियों ने तीखी बहस देखी.
आईपीएल ने विराट कोहली और गौतम गंभीर पर मैच फ़ीस का सौ फ़ीसदी जुर्माना लगाया है, जबकि लखनऊ की तरफ़ से खेल रहे अफ़ग़ान खिलाड़ी नवीन-उल-हक़ पर 50 फ़ीसदी मैच फ़ीस का जुर्माना लगाया गया था.
इस साल आईपीएल में गौतम गंभीर लखनऊ टीम के मेंटॉर थे. हालाँकि अब वे कोलकाता की टीम से जुड़ चुके हैं.
गौतम गंभीर का कहना है कि इस पूरे मामले में नवीन सही थे. जबकि नवीन ने कहा था कि जब से उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया है वे मैदान पर किसी के ख़िलाफ़ कोई टिप्पणी नहीं करते लेकिन कोई अगर उनसे उलझता है तो वे जवाब देते हैं.
स्लेजिंग के आरोप
उस दौरान बीबीसी पश्तो सेवा के साथ बातचीत में नवीन ने कहा था, "इस विवाद की शुरुआत खेल के दौरान या उसके बाद मैंने नहीं की. खेल ख़त्म होने के बाद जब हमने हाथ मिलाए, उस समय उन्होंने इसकी शुरुआत की. खेल के रेफ़री भी थे उस समय. जो फ़ाइन लगे हैं उससे साफ़ होता है कि ये सब किसने शुरू किया."
उनके मुताबिक़, "मैं आम तौर पर स्लेजिंग नहीं करता. लेकिन अगर मैं करता भी हूं तो गेंदबाज़ी के दौरान करता हूं क्योंकि में गेंदबाज़ हूँ. लेकिन उस दिन मैंने कोहली को एक शब्द नहीं कहा."
हालाँकि इस साल भारत में हुए वनडे विश्व कप के दौरान दोनों खिलाड़ी गर्मजोशी से मिले और पुरानी बात भुलाने की बात की.
नवीन उल हक़ लंका प्रीमियर लीग में 2020 में एक मैच के दौरान नवीन पाकिस्तानी तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद आमिर से उलझ गए थे.
इस नोंक-झोंक के बाद पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद आफ़रीदी नवीन को समझाते हुए नज़र आए थे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)