अमेरिका में सभी उड़ानें ठप, 9/11 के बाद देश में हवाई सेवाओं पर सबसे बड़ा असर

पूर्वी बोस्टन के मेसाट्यूसेट्स एयरपोर्ट पर लगे बोर्ड में लिखा हुआ है कि कई फ़्लाइट्स लेट हैं या रद्द कर दी गई हैं
इमेज कैप्शन, पूर्वी बोस्टन के मेसाच्यूसेट्स एयरपोर्ट पर लगे बोर्ड में लिखा हुआ है कि कई फ़्लाइट्स लेट हैं या रद्द कर दी गई हैं
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 3 मिनट

अमेरिका में एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल के कम्युनिकेशन सिस्टम में आई समस्या के कारण देशभर में उड़ानों को रोक दिया गया है.

अमेरिका में राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड के पूर्व प्रमुख का कहना है कि 11 सितंबर, 2001 के हमलों के बाद से अमेरिका में उड़ानों का इतना व्यापक निलंबन कभी नहीं हुआ.

बीबीसी के अमेरिकी मीडिया पार्टनर सीबीएस न्यूज से बात करते हुए रॉबर्ट एल. सुमवाल्ट ने कहा, ''यह हैरान करने वाली बात है कि आज के दौर में भी ऐसा हो सकता है.''

अमेरिका की गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा है कि इस घटना के पीछे अमेरिका पर किसी हमले का संकेत नहीं है और सभी लोग सुरक्षित हैं.

एयर कनाडा ने कहा है कि कनाडा और अमेरिका के बीच सभी उड़ानें शुक्रवार शाम तक रद्द कर दी गई हैं.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ़ॉक्स न्यूज़ से कहा है कि ऐसा नहीं लगता कि यह समस्या किसी साइबर हमले या एआई के कारण हुई है.

मार्कवेन मुलिन ने लोगों को भरोसा दिलाते हुए बार-बार कहा कि यह 'एक और 9/11' जैसी घटना नहीं है.

इससे पहले अमेरिकी विमानन अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सभी उड़ानों को रोकने का आदेश दिया था. उन्होंने इसे 'असाधारण हालात' बताया.

व्हाइट हाउस की प्रेस ब्रीफिंग में मार्कवेन मुलिन ने उन दावों को खारिज किया कि यह आउटेज माइक्रोसॉफ्ट के उस आउटेज से जुड़ा है, जिसका सामना कई लोगों को एक दिन पहले करना पड़ा था.

मुलिन ने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए अभूतपूर्व तेजी से काम कर रहा है कि सभी सुरक्षित रहें और फंसे हुए यात्रियों की मदद की जा सके.

उन्होंने आगे कहा कि आम जनता कभी ख़तरे में नहीं थी. उनके शब्दों में, "किसी की जान को कभी कोई खतरा नहीं था."

क्या है कारण

फ़्लोरिडा का ऑर्लांडो इंटरनेशनल एयरपोर्ट
इमेज कैप्शन, फ़्लोरिडा के ऑर्लांडो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लोग इंतज़ार में बैठे नज़र आए

सीबीएस की रिपोर्ट में कहा गया है कि नेटवर्क अपडेट के कारण कम्युनिकेशन सिस्टम में यह समस्या आई है.

सीबीएस को कई सूत्रों ने बताया है कि देशभर में विमानों के उड़ान भरने पर रोक लगाने की जो तकनीकी ख़राबी वजह बनी है, वह अमेरिका के एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल सिस्टम को जोड़ने वाले प्राइवेट कम्युनिकेशन नेटवर्क के अपडेट के कारण हुई.

सीबीएस के मुताबिक़, एल3हैरिस इस नेटवर्क का संचालन करती है. अपडेट के बाद नेटवर्क रीबूट हुआ और इसके बाद क्रैश हो गया.

एल3हैरिस अपनी वेबसाइट पर खुद को दुनिया के सबसे आधुनिक एयरस्पेस, हथियार प्रणालियों और कमांड एंड कंट्रोल प्लेटफ़ॉर्म के लिए कम्युनिकेशन सिस्टम उपलब्ध कराने वाली प्रमुख कंपनी बताती है.

एल3हैरिस ने बीबीसी के कमेंट के अनुरोध पर तत्काल कोई जवाब नहीं दिया है.

इस बीच ऑस्ट्रेलिया से बीबीसी संवाददाता सिमोन एट्किंसन ने बताया है कि सिडनी में मौजूद देश के सबसे बड़े इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने कहा है कि अमेरिका से जुड़ी सभी उड़ानों को फ़िलहाल रोक दिया गया है.

2023 में भी हुआ था देशव्यापी असर

नाल्ड रीगन वाशिंगटन राष्ट्रीय हवाई अड्डे
इमेज कैप्शन, नाल्ड रीगन वाशिंगटन राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लाउंज में इंतज़ार करते यात्री
छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

बीबीसी वेरिफ़ाई के जैक होर्टन के मुताबिक़ अमेरिका में विमानों की उड़ानों पर लगी रोक की तुलना पिछली घटनाओं से की जा रही है.

अमेरिका में देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप को लेकर हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी मार्कवेन मुलिन ने बार-बार कहा कि यह घटना 9/11 जैसी नहीं है.

बीबीसी वेरिफ़ाई ने क्रैनफील्ड यूनिवर्सिटी में एविएशन एंड एनवायरनमेंट के एसोसिएट प्रोफ़ेसर डॉक्टर गाइ ग्रैटन से बात की.

उन्होंने कहा, "यह 9/11 के बाद की सबसे गंभीर घटना लग रही है, लेकिन स्पष्ट रूप से उस स्तर की नहीं है."

ऐसी ही घटनाओं के बारे में पूछे जाने पर डॉक्टर ग्रैटन ने साल 2023 में अमेरिका में हुई उस घटना का जिक्र किया, जब नोटिस टू एयर मिशन्स (NOTAM) सिस्टम में ख़राबी के कारण उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी थी.

उन्होंने कहा, "वह स्थिति 1 घंटे 52 मिनट तक रही थी. इस दौरान क़रीब 9,500 उड़ानों में देरी हुई और लगभग 1,300 उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं."

इस सिस्टम में ख़राबी के कारण हवाई यातायात से जुड़े सुरक्षा नोटिस जारी नहीं किए जा सके थे. सिस्टम के दोबारा चालू होने तक उड़ानों पर रोक लगी रही.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.