आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
एशिया कपः भारत-पाकिस्तान मैच में बारिश फिर विलेन, अब सोमवार को होगा आगे का खेल
- Author, अभिजीत श्रीवास्तव
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता
- प्रकाशित
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को खेला जा रहा मैच बारिश की वजह से स्थगित हो गया है अब यह मैच सोमवार को आगे खेला जाएगा.
बारिश की वजह से मैच रुकने से पहले तक भारत ने 24.1 ओवरों की बल्लेबाज़ी में दो विकेट पर 147 रन बनाए हैं.
बारिश शाम लगभग पांच बजे आई और क़रीब सात बजे यह रुक गई लेकिन अंपायरों ने मैदान का तीन बार निरीक्षण करने के बाद यह फ़ैसला लिया कि रविवार को यह मैच आगे नहीं हो सकेगा.
अब सोमवार को होगा आगे का मुक़ाबला
बारिश की वजह से दोनों टीमों के बीच एशिया कप कप का लीग मुक़ाबला भी पूरा नहीं हो सका था.
तब पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पूरी भारतीय टीम 48.5 ओवरों में आउट हो गई थी और उसने 266 रन बनाए थे.
उस मैच में भारतीय टॉप ऑर्डर पूरी तरह से फ़्लॉप रहा था. भारत की ओर से ईशान किशन (82 रन) और हार्दिक पंड्या (87 रन) ने शतकीय साझेदारी निभाई थी. लंच ब्रेक के दौरान बारिश आ गई थी और उसके बाद मैच आगे नहीं खेला जा सका था.
इसके बाद जब दोनों टीमें दूसरे दौर में फिर भिड़ने वाली थीं तो इसके लिए एक रिज़र्व दिन रखा गया.
लिहाजा रविवार का मैच अब सोमवार को पूरा खेला जाएगा. सोमवार को मैच ठीक वहीं से शुरू होगा जहां बारिश की वजह से रुकने से पहले अब तक खेला जा चुका है.
इस मैच में अब तक क्या हुआ?
रविवार को खेले जा रहे मैच में टॉस जीत कर पाकिस्तान ने भारत को पहले बल्लेबाज़ी के लिए उतारा.
इसी टूर्नामेंट के पहले मैच में जहां भारत का शीर्ष क्रम नाकाम रहा था वहीं इस मैच में कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने एक ठोस शुरुआत दी.
रोहित शर्मा और शुभमन गिल पूरी तरह लय में लग रहे थे. दोनों ने शाहीन शाह अफ़रीदी की गेंदों पर खूब रन बटोरे. पहले मैच में अफ़रीदी ने शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाज़ों को आउट किया था लेकिन रविवार को रोहित ने उनकी पहली ओवर में ही छक्का लगाकर अपना इरादा जता दिया था.
दूसरी छोर से शुभमन गिल भी आक्रामक बल्लेबाज़ी कर रहे थे. एक समय शुभमन क़रीब 200 के स्ट्राइक रेट से खेल रहे थे. उन्होंने अफ़रीदी के गेंदों पर जम कर चौके जमाए.
अफ़रीदी की गेंदों पर सात चौके और एक छक्के लगे. हालांकि उनके पांच ओवरों की 20 गेंदों पर भारतीय बल्लेबाज़ कोई रन नहीं बटोर सके.
बाबर आज़म ने मैच का 13वां ओवर शादाब ख़ान को दिया. इस ओवर की तीसरी गेंद पर गिल ने वनडे में अपना आठवां अर्धशतक पूरा किया.
अगली तीन गेंदों पर रोहित शर्मा ने 6, 6 और 4 जमाया. शादाब के अगले ओवर में रोहित फिर एक छक्का और एक चौका लगाए. इसके साथ ही रोहित ने वनडे में 50वां अर्धशतक बनाया.
रोहित शर्मा का 50वां अर्धशतक
रोहित शर्मा वनडे में पचास अर्धशतक जमाने वाले 30वें बल्लेबाज़ हैं.
वनडे में सबसे अधिक अर्धशतक का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है जिन्होंने 96 अर्धशतक जमाए हैं.
वहीं कुमार संगकारा (93), जैक कैलिस (86), इंजमाम उल-हक़ (83) और राहुल द्रविड़ (83) सबसे अधिक अर्धशतक जमाने वाले शीर्ष पांच बल्लेबाज़ हैं.
वहीं द्रविड़ के साथ महेंद्र सिंह धोनी (73), सौरव गांगुली (72), विराट कोहली (65), मोहम्मद अज़हरुद्दीन (58) और युवराज सिंह (52) इस लिस्ट मौजूद भारतीय बल्लेबाज़ हैं.
भारत के दो विकेट पर 147 रन, विराट-राहुल पिच पर
अर्धशतक बनाने के बाद शादाब ख़ान ने रोहित शर्मा को वाइड लॉन्ग ऑन पर फ़हीम अशरफ़ के हाथों कैच आउट करा दिया.
शादाब ख़ान की इस सफलता के तुरंत बाद बाबर आज़म ने शाहीन अफ़रीदी को दोबारा गेंद थमाई और उनकी यह रणनीति काम आ गई. अफ़रीदी ने शुभमन गिल को अपनी गुड लेंथ गेंद से चौंका दिया. गिल कवर पर आगा सलमान को कैच थमा बैठे. उन्होंने 52 गेंदों पर 58 रन बनाए.
रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 121 रन जोड़े.
इन दोनों के आउट होने पर पिच पर विराट कोहली और केएल राहुल ने मिलकर अभी 24 रन ही जोड़े थे कि शाम 4.52 बजे बारिश आ गई और खेल रोकना पड़ा तब तक भारत ने दो विकेट पर 147 रन बना लिए थे.
रात साढ़े नौ बजे पाकिस्तान क्रिकेट ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया जिसमें पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ शाहीन शाह अफ़रीदी ने भारतीय तेज़ गेंदबाज़ को पिता बनने पर बधाई देते हुए दिखे. अफ़रीदी ने बुमराह को एक गिफ़्ट भी दिया.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)