आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत, आख़िरी पलों में पायलट और एटीसी के बीच क्या बात हुई?
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार को ले जा रहा विमान बुधवार को उस समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया जब वह पुणे के पास बारामती हवाईअड्डे पर लैंड करने की कोशिश कर रहा था.
पुणे (ग्रामीण) के एसपी संदीप सिंह ने बताया कि 'विमान आज (बुधवार) सुबह 8.40 बजे लैंडिंग से पहले क्रैश हुआ, इसमें पांच लोग सवार थे.'
बीबीसी मराठी के अनुसार, अजित पवार के साथ जिन अन्य लोगों की मौत हुई उनके नाम हैं- सुमित कपूर, शांभवी पाठक, विदिप जाधव और पिंकी माली.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि 'लैंडिंग के समय कुछ दिक्कत दिखाई दे रही थी और ऐसा लग रहा था कि विमान दुर्घटना का शिकार हो सकता है.'
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
उड्डयन मंत्रालय ने विमान के बारामती एयरपोर्ट में लैंड करने से पहले पायलट और एटीसी के बीच हुई बातचीत का ब्योरा भी जारी किया.
अजित पवार के निधन पर प्रधानमंत्री, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है.
महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में तीन दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है.
शुरुआती जांच के बारे में उड्डयन मंत्रालय ने क्या बताया?
पीआईबी ने उड्डयन मंत्रालय का एक बयान जारी किया है जिसके अनुसार, बारामती एक अनकंट्रोल्ड एयरफ़ील्ड है और यहां ट्रैफ़िक की जानकारी बारामती स्थित फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गनाइजेशन के इंस्ट्रक्टर या पायलट देते हैं.
डीजीसीए (भारतीय नागरिक उड्डयन प्राधिकरण) ने भी एक्स पर एक विस्तृत बयान जारी किया है. इस बयान के मुताबिक -
एटीसी संभाल रहे व्यक्ति के बयान के अनुसार, 28 जनवरी 2026 को विमान VI-SSK ने सुबह 8:18 बजे बारामती से पहली बार संपर्क किया.
इसके बाद विमान ने बारामती से 30 नॉटिकल मील पहले कॉल किया. उस समय उसे पुणे अप्रोच से रिलीज किया गया.
पायलट को विवेक के अनुसार विजुअल मेट्रोलॉजिकल कंडीशन में उतरने की सलाह दी गई.
क्रू ने हवा और विजिबिलिटी के बारे में जानकारी मांगी. उन्हें बताया गया कि हवा शांत है और विजिबिलिटी करीब 3,000 मीटर है.
इसके बाद विमान ने रनवे इलेवन पर फ़ाइनल अप्रोच की सूचना दी, लेकिन क्रू को रनवे दिखाई नहीं दे रहा था. पहले अप्रोच में उन्होंने गो-अराउंड किया.
गो-अराउंड के बाद विमान से उसकी पोजिशन पूछी गई. क्रू ने फिर रनवे इलेवन के फ़ाइनल अप्रोच पर होने की जानकारी दी.
उन्हें रनवे दिखाई देने की सूचना देने को कहा गया. इस पर उन्होंने कहा, 'फिलहाल रनवे दिखाई नहीं दे रहा है, दिखाई देने पर कॉल करेंगे.'
कुछ सेकंड बाद उन्होंने बताया कि रनवे दिखाई दे रहा है.
सुबह 8:43 बजे विमान को रनवे इलेवन पर लैंड करने की क्लीयरेंस दी गई, लेकिन क्रू की ओर से लैंडिंग क्लीयरेंस का कोई रीडबैक नहीं दिया गया.
इसके बाद सुबह 8:44 बजे एटीसी ने रनवे इलेवन के थ्रेशहोल्ड के पास आग की लपटें देखीं. इसके बाद इमरजेंसी सेवाएं मौके पर पहुंचीं.
विमान का मलबा रनवे इलेवन के थ्रेशहोल्ड के पास बाईं ओर पाया गया.
मंत्रालय ने कहा है कि 'विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है. एएआईबी के डीजी जांच के लिए दुर्घटना स्थल पर पहुंच रहे हैं. इस मामले में आगे की जानकारी उपलब्ध होने पर साझा की जाएगी.'
विमान के बारे में क्या पता है
पीआईबी ने जो नागरिक उड्डयन मंत्रालय का एक बयान जारी किया है उसके अनुसार, VT-SSK, LJ45 चार्टर विमान मुंबई से बारामती जा रहा था.
लियरजेट 45 श्रेणी के प्लेन, मध्यम आकार के बिज़नेस जेट विमान हैं, जिन्हें कनाडा की कंपनी बॉम्बारडियर ऐरोस्पेस ने बनाया है. दुनिया भर की कई चार्टर फ्लाइट कंपनियां इस प्रकार के विमानों का इस्तेमाल करती हैं. इस विमान में अधिकतम आठ यात्रियों के बैठने की जगह होती है.
इस विमान में दो Honeywell TFE731-20AR/BR टर्बोफैन इंजन होते हैं.
भारत में इसे उच्च गति वाली चार्टर यात्राओं के लिए प्राथमिकता दी जाती है. ये विमान छोटे रनवे वाले एयरपोर्ट्स पर भी आसानी से उतर सकता है.
मंत्रालय ने जो जानकारी दी है उसके अनुसार, यह विमान दिल्ली स्थित वीएसआर वेंचर्स एविएशन कंपनी का था और इसका मैन्यूफ़ैक्चरिंग ईयर 2010 था.
इस कंपनी के पास 17 विमान हैं. इनमें सात लियरजेट 45, पांच एम्ब्रेयर 135BJ विमान, चार किंग एयर बी200 और एक पालेटस पीसी-12 विमान हैं.
बयान के अनुसार, फ़्लीट का आख़िरी रेगुलेटरी ऑडिट डीजीसीए की ओर से फरवरी 2025 में किया गया था और इसमें कोई खामी दर्ज नहीं की गई थी.
बीबीसी मराठी के अनुसार, इससे पहले, इसी कंपनी का ऐसा ही एक समान विमान 2023 में मुंबई में लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था.
14 सितंबर 2023 को, वीएसआर के स्वामित्व वाला VT-DBL Learjet 45XR मुंबई में लैंडिंग के बाद रनवे से फिसल गया था और दो हिस्सों में टूट गया था. लेकिन विमान में सवार सभी आठ लोगों की जान बच गई थी.
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, इस दुर्घटना की जांच एएआईबी कर रहा है.
क्रू के बारे में क्या पता है?
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, विमान में चालक दल के दो सदस्य थे.
एक पायलट एयरलाइन ट्रांसपोर्ट पायलट लाइसेंस (एटीपीएल) होल्डर था. उसे 15,000 घंटे तक विमान उड़ाने का अनुभव था.
दूसरे पायलट के पास कमर्शियल पायलट लाइसेंस (सीपीएल) था.
उसे 1,500 घंटे विमान उड़ाने का अनुभव था.
प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया?
एक प्रत्यक्षदर्शी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, "मैंने यह अपनी आंखों से देखा. यह वाकई बहुत दर्दनाक है. जब विमान नीचे आ रहा था, तब ऐसा लग रहा था कि यह लैंड नहीं हो पाएगा, और वही हुआ. इसके बाद उसमें विस्फोट हो गया. धमाका बहुत जोरदार था. इसके बाद हम यहां पहुंचे और देखा कि विमान में आग लगी हुई थी."
"फिर विमान में 4-5 बार और विस्फोट हुए. इसके बाद और लोग भी यहां आए और उन्होंने विमान से लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की. लेकिन आग बहुत भीषण थी, इसलिए लोग मदद नहीं कर पाए. विमान में अजित पवार भी सवार थे और यह हमारे लिए बेहद दर्दनाक है. मैं इसे शब्दों में बयान नहीं कर सकता..."
एयरपोर्ट के पास रहने वाले एक अन्य व्यक्ति ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, "हम यहीं रहते हैं और हमारे पीछे एक हवाई पट्टी है. हमने देखा कि एक विमान आया, लेकिन वह लैंड नहीं हुआ. वह आगे निकल गया, फिर कुछ देर बाद वापस मुड़ा और लैंड करने लगा. लेकिन रनवे से ठीक पहले वह क्रैश लैंड हो गया."
"जैसे ही हमने यह देखा, हमने हवाई पट्टी के आसपास जिन लोगों को जानते थे, उन्हें सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और अन्य लोग तुरंत पहुंच गए. उन्होंने आग बुझाने की कोशिश की. करीब 15 मिनट बाद आग पर काबू पाया गया."
"जब हम पास गए तो देखा कि शव पूरी तरह जला हुआ था. हम उसकी पहचान नहीं कर पाए, लेकिन बाद में हाथ में मौजूद एक चीज की मदद से पता चला कि वह दादा यानी अजित पवार का शव था."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.