आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
यहां पेड़ों पर क्यों चढ़ते हैं जंगल के राजा?
तंज़ानिया में लेक मन्यारा के आसपास और युगांडा के इशाशा रिज़र्व में कुछ शेरों को पेड़ों की ऊंची शाखाओं पर आराम करने की आदत हो गई है.
दूर से देखने पर वे शांति से सोती हुई दो घरेलू बिल्लियों जैसे लगते हैं, लेकिन असल में वे बड़े और ताक़तवर शेर होते हैं.
ज़मीन से कई मीटर ऊपर बैठकर वे चुपचाप जंगल और झाड़ियों पर नज़र रखते हैं. यह नज़ारा उन पर्यटकों को हैरान कर देता है, जिन्हें उम्मीद होती है कि शेर ऊंची घास या झाड़ियों में छिपे मिलेंगे.
आमतौर पर शेरों को खुले मैदानों का राजा माना जाता है. उनका ताक़तवर शरीर ऊंची घास में शिकार का पीछा करने और ज़मीन पर उसका शिकार करने के लिए बना होता है.
शेर, तेंदुओं और बंदरों की तरह पेड़ों पर चढ़ने के लिए मशहूर नहीं हैं. इन जानवरों का शरीर हल्का होता है और इनमें एक डाल से दूसरी डाल पर जाने की ज़रूरी फुर्ती भी होती है. यही वजह है कि वे पेड़ों पर रहने के लिए ज़्यादा अनुकूल होते हैं.
हालांकि, पूर्वी अफ़्रीका के कुछ इलाक़ों में शेरों ने अपना यह स्वभाव बदल लिया है. यहां वे पेड़ों पर चढ़ने लगे हैं और लंबे समय तक ऊंची डालों पर बैठे रहते हैं.
उनका यह अनोखा व्यवहार कई सालों से शोधकर्ताओं, पर्यटकों और वन्यजीव प्रेमियों को हैरान और आकर्षित करता रहा है.
इन रिज़र्व में शेरों ने अपनी आदतें काफ़ी हद तक बदल ली हैं. यहां शेरों के झुंड पेड़ों की चौड़ी डालों पर आराम करते दिखाई देते हैं.
दिन के सबसे गर्म घंटों में वे कई-कई घंटे वहीं बिताते हैं. यह नज़ारा उन्हें तेंदुओं जैसा दिखाता है, जबकि वे वही शेर हैं जो अफ़्रीका के खुले मैदानों में अपना दबदबा रखते हैं.
ये शेर पेड़ों पर क्यों चढ़ते हैं?
वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि पेड़ों पर चढ़ना इन शेरों की अपने आसपास के माहौल के मुताबिक़ ढलने की एक रणनीति है.
रिफ़्ट वैली में बारिश का मौसम शुरू होते ही ऊंची घास कई तरह के कीड़ों का ठिकाना बन जाती है. इनमें खून चूसने वाली मक्खियां भी शामिल हैं. पेड़ों पर आराम करने से शेरों को ठंडी हवा मिलती है. इससे इन कीड़ों की वजह से होने वाली परेशानी कुछ कम हो जाती है.
इसके अलावा, दिन में तेज़ धूप से ज़मीन बहुत गर्म हो जाती है. पेड़ों पर छाया रहती है और वहां ठंडी हवा भी चलती रहती है. इसलिए पेड़ों पर तापमान काफ़ी कम रहता है.
इससे शेरों को आराम करने की बेहतर जगह मिलती है. उन्हें गर्मी से बचने के लिए अपनी अतिरिक्त ऊर्जा भी ख़र्च नहीं करनी पड़ती.
गर्मी और कीड़ों से बचने के अलावा, पेड़ों पर बैठने से शेरों को आसपास के इलाक़े का दूर तक नज़ारा देखने का मौक़ा भी मिलता है.
वहां से वे भैंसों, हिरणों और दूसरे जानवरों के झुंडों को आसानी से देख सकते हैं. ये झुंड अक्सर चरने या पानी पीने के लिए आसपास आते हैं. इससे शेरों को अपने शिकार पर नज़र रखने और उसका पीछा करने में मदद मिलती है.
पेड़ों की डालों पर बैठे जंगल के राजा
हालांकि शेर पेड़ों पर कुछ समय बिता सकते हैं, लेकिन वे तेंदुओं की तरह पेड़ों पर चढ़ने में माहिर नहीं होते. तेंदुओं का शरीर पतला होता है और उनकी पूंछ लंबी होती है. इससे उन्हें पेड़ों की डालों पर बैठे हुए संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है. इसके उलट, शेरों का शरीर काफ़ी बड़ा और भारी होता है. इसलिए उनके लिए पेड़ों पर चढ़ना मुश्किल होता है.
इसी वजह से कई बार युवा शेर गीली छाल पर फिसल जाते हैं या दिन में लंबी नींद के बाद जागने पर अपना संतुलन खो देते हैं. कभी-कभी वे डालों से नीचे भी गिर जाते हैं. यह नज़ारा उन खुशनसीब पर्यटकों को हैरान करने के साथ-साथ रोमांचित भी करता है, जिन्हें इसे देखने का मौक़ा मिलता है.
हालांकि, ऐसी घटनाओं से शेर हिम्मत नहीं हारते. वे काफ़ी मज़बूत होते हैं और आम तौर पर उठकर अपने शरीर से धूल झाड़ते हैं. इसके बाद वे फिर से अपनी आराम करने की जगह तक पहुंचने के लिए पेड़ पर चढ़ने लगते हैं, मानो कुछ हुआ ही न हो.
पीढ़ी-दर-पीढ़ी सिखाया जाने वाला हुनर
पेड़ों पर चढ़ने में कई मुश्किलें आती हैं, लेकिन शेरों की इन आबादियों में यह व्यवहार कई पीढ़ियों से उनकी ज़िंदगी का हिस्सा रहा है. शेरनियां अपने बच्चों को पेड़ों पर चढ़ना तब सिखाने लगती हैं, जब वे धीरे-धीरे ख़ुद से रहने और चलने-फिरने लायक होने लगते हैं. इस तरह यह हुनर एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचता रहता है.
बड़े होते-होते शेर के बच्चे न सिर्फ़ पेड़ों पर चढ़ना सीख जाते हैं, बल्कि यह भी समझने लगते हैं कि उन्हें ऐसा कब और क्यों करना है. इसलिए बाहर से देखने वालों को जो बात अजीब लग सकती है, वह इन शेरों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी का बिल्कुल सामान्य हिस्सा है.
जो लोग शेरों को मुख्य रूप से खुले मैदानों में राज करने वाले शिकारियों के तौर पर देखते हैं, उनके लिए उन्हें पेड़ों की डालों पर शांति से आराम करते देखना वन्यजीवों के बारे में उनकी सोच बदल सकता है. इससे पता चलता है कि जिन जानवरों का व्यवहार हमें बहुत पहले से तय और एक जैसा लगता है, वे भी नई चुनौतियों के सामने अपने माहौल के मुताबिक़ ख़ुद को ढाल सकते हैं.
इसलिए अगर आप इशाशा या लेक मन्यारा घूमने जाएं, तो सिर्फ़ ऊंची घास में शेरों को न खोजें. हो सकता है कि जिस शेर को आप तलाश रहे हैं, वह झाड़ियों में छिपा न हो, बल्कि किसी पेड़ की डाल पर आराम से बैठा हो और ऊंचाई से जंगल के नज़ारों पर नज़र रख रहा हो.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.