आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, विदेश मंत्री भी सवार
ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी और विदेश मंत्री हुसैन अमीर-अब्दुल्लाहियन को ले जा रहा हेलीकॉप्टर दुर्घटना का शिकार हुआ है.
ईरान के गृह मंत्री अहमद वाहिदी ने राष्ट्रपति रईसी और विदेश मंत्री के हेलीकॉप्टर में सवार होने की पुष्टि की है.
इस हेलीकॉप्टर में ईरान के पूर्वी अज़रबैजान प्रांत के गवर्नर मलिक रहमती समेत कई अन्य लोग भी सवार थे.
ईरान के सरकारी मीडिया के मुताबिक उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर को मुश्किल का सामना करना पड़ा और 'हार्ड लैंडिंग' करनी पड़ी. ये हेलीकॉप्टर काफ़िले में चल रहे तीन हेलीकॉप्टरों में से एक है.
दो अन्य हेलीकॉप्टर, जिनमें कई मंत्री और अधिकारी सवार थे, वे सुरक्षित पहुंच गए हैं.
ईरान के गृह मंत्री के मुताबिक बचाव दल घटनास्थल तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है, मौसम की वजह से यहां(घटनास्थल) हालात मुश्किल हैं.
घटना की सूचना के एक घंटे बाद भी बचाव दल, घटनास्थल पर नहीं पहुंच पाए हैं. इस क्षेत्र में कुल 40 बचाव टीमों को तैनात किया गया है. इस आपात ऑपरेशन में ड्रोन यूनिट भी मदद कर रही हैं.
खराब मौसम ने बढ़ाई मुश्किलें
ईरान की आपात सेवा के मुताबिक घटनास्थल के लिए आठ एंबुलेंसों को भेजा गया है, लेकिन ख़राब मौसम होने की वजह से राहत दल को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय मीडिया के अनुसार, राष्ट्रपति रईसी अजरबैजान में क़िज़ कलासी और खोदाफरिन बांध का उद्घाटन करने के बाद तबरेज शहर की तरफ जा रहे थे.
बचाव दल के साथ मौजूद फार्स न्यूज़ के एक रिपोर्टर के मुताबिक़ भारी कोहरे की वजह से बचाव अभियान में मुश्किल आ रही है.
रिपोर्टर के मुताबिक़ इस पहाड़ी और पेड़ों से भरे क्षेत्र में विज़िबिलिटी सिर्फ़ पांच मीटर तक की ही है.
जहां हेलीकॉप्टर ने हार्ड लैंडिंग की है वह इलाक़ा तबरेज़ शहर से पचास किलोमीटर दूर वर्ज़ेक़ान शहर के पास है.
तबरेज़ ईरान के पूर्वी अज़रबैजान प्रांत की राजधानी है.
हेलीकॉप्टर की आख़िरी तस्वीर
ईरान की सरकारी एजेंसी आईआरएनए ने दुर्घटना से पहले की एक तस्वीर प्रकाशित की है.
यह वो आख़िरी तस्वीर है, जिसमें एक हेलीकॉप्टर ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के साथ अन्य लोगों को ले जा रहा है.
एजेंसी के मुताबिक यह तस्वीर आज यानी रविवार की है.
इसे तब लिया गया जब वे अजरबैज़ान में बांध का उद्घाटन कर तबरेज शहर की तरफ़ जा रहे थे.
सर्वोच्च धर्मगुरू ने की आपात बैठक
ईरान के सर्वोच्च धर्मगुरू अयातोल्लाह ख़ामेनई ने ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद दिए पहले बयान में कहा है कि ईरान का प्रशासन इस हादसे से प्रभावित नहीं होगा.
देश के नाम संदेश में ख़ामेनई ने ईरान के लोगों से कहा है कि लोग चिंता ना करें, सरकार के काम प्रभावित नहीं होंगे.
ख़ामेनई ने हेलीकॉप्टर हादसे के बाद राष्ट्रपति रईसी के स्वास्थ्य के लिए दुआ भी की है.
हादसे के बाद ख़ामेनई ने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के साथ आपात बैठक भी की है.
वहीं, ईरान के सबसे बड़े धर्मस्थल इमाम रेज़ा के पवित्र स्थल पर आठवें शिया इमाम के जन्मदिन के मौके पर जुटे लोगों ने भी राष्ट्रपति रईसी के स्वास्थ्य के लिए दुआएं की हैं.
अमेरिका रख रहा है नज़र, पीएम मोदी का संदेश
ईरान में लोग राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के स्वास्थ्य के लिए दुआएं कर रहे हैं.
इसी बीच भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के लोगों के लिए संदेश दिया है.
सोशल प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट एक बयान में नरेंद्र मोदी ने कहा, “राष्ट्रपति रईसी की आज हेलीकॉप्टर उड़ान के बारे में आ रही ख़बरों से ग़हरी चिंता हुई है. हम संकट की इस घड़ी में ईरानी लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं और राष्ट्रपति और उनके दल की भलाई की कामना करते हैं.”
अमेरिका ने कहा है कि वह ईरान के राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की रिपोर्टों पर नज़र रखे हुए हैं.
विदेश विभाग के एक प्रवक्ता ने पत्रकारों से बात करते हुए ये कहा है.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने एक बयान में कहा है, “माननीय राष्ट्रपति सैयद इब्राहिम रईसी के हेलीकॉप्टर के बारे में ईरान से परेशान करने वाली ख़बर सुनी. बड़ी चिंता के साथ खुशख़बरी का इंतज़ार कर रहा हूं कि सब ठीक है. हमारी दुआएं और शुभकामनाएं माननीय राष्ट्रपति रईसी और पूरे ईरानी राष्ट्र के साथ हैं.”
वहीं अज़रबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलियेव ने इस हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वो हेलीकॉप्टर हादसे की ख़बर से बेहद परेशान है.
राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी ने उड़ान भरने से पहले अज़रबैजान के राष्ट्रपति के साथ ही दोनों देशों की सीमा पर बांध का उद्घाटन किया था.
राष्ट्रपति अलियेव ने कहा कि संकट की इस घड़ी में अज़रबैजान ईरान की हर मदद करने के लिए तैयार है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)