आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के बीच पराली जलाने को लेकर राजनीतिक बहस और विवाद
- Author, दिलनवाज़ पाशा
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता
- प्रकाशित
- पढ़ने का समय: 12 मिनट
दिवाली की अगली सुबह देश की राजधानी दिल्ली को कोहरे और धुंध की चादर ने ढक लिया था. सूर्योदय के बाद भी इंडिया गेट कई घंटों तक नज़रों से ओझल रहा था.
तब से दिल्ली में ख़राब एयर क्वालिटी का सिलसिला जारी है. दिल्ली सरकार के आंकड़ों के मुताबिक़ पिछले कुछ दिनों के दौरान एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई ) 300 से 400 और इससे ज़्यादा पर बरकरार है.
एक्यूआई का ये आंकड़ा गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की वजह बन सकता है. इस गंभीर वायु प्रदूषण से लोगों को सांस और फेफड़ों के अलावा अन्य बीमारियां हो सकती हैं. छोटे बच्चों की सेहत के लिए ये और भी नुक़सानदेह है.
पेशे से सिविल इंजीनियर और एक कंस्ट्रक्शन कंपनी चलाने वाले वैभव गुप्ता अपने परिवार को लेकर उत्तराखंड की तरफ़ निकले थे.
इंडिया गेट की तरफ़ इशारा करते हुए वो कहते हैं, "प्रदूषण बढ़ेगा ये आशंका तो थी, लेकिन इतना ज़्यादा हो जाएगा ये नहीं सोचा था. मैं अपने पिता और परिवार को लेकर उत्तराखंड जा रहा हूं, कुछ दिन में जब एक्यूआई ठीक होगा तो वापस लौटूंगा."
वैभव गुप्ता की कंस्ट्रक्शन साइट प्रदूषण से जुड़े नियम लागू होने की वजह से बंद है.
एक स्कूल के प्रशासन में कार्यरत उनकी पत्नी कहती हैं, "अभी स्कूल हाइब्रिड क्लासेज़ पर हैं, अगर प्रदूषण के हालात ऐसे ही रहे तो ऑनलाइन क्लासेज की जा सकती हैं."
वैभव गुप्ता के पिता मास्क लगाए हुए कार में ही बैठे रहे. वो कहते हैं, "प्रदूषण से किसी का कारोबार प्रभावित हो रहा है तो किसी की सेहत. एक समय ऐसा आएगा जब लोग इन हालात को झेल नहीं पाएंगे."
इंडिया गेट पर ही पिछले पंद्रह साल से फ़ोटो खींचने का काम कर रहे एक कैमरामैन कहते हैं, "धुंध बढ़ गई है, आंखों में जलन हो रही है. प्रदूषण की वजह से पर्यटकों की संख्या कम हो गई है, विदेशी तो दिखाई ही नहीं दे रहे हैं."
'अच्छा हुआ हवा चली, थोड़ी सांस आ गई!'
ये पहली बार नहीं है जब दिवाली के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण अचानक बढ़ा हो.
कई इलाक़ों में यह ख़तरनाक स्तर को भी पार कर गया. पिछले कई सालों से दिवाली के तुरंत बाद दिल्ली में प्रदूषण बढ़ता रहा है.
दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति ( डीपीसीसी) के 8 नवंबर की रात को दर्ज डेटा के मुताबिक़ कई इलाक़ों एक्यूआई ( एयर क्वालिटी इंडेक्स ) 1500 को पार कर गया.
हालांकि, स्विस मॉनिटरिंग ग्रुप आईक्यूएयर के मुताबिक़, सोमवार सुबह दस बजे दिल्ली का औसतन एक्यूआई 372 था.
पर्यावरण विशेषज्ञ एक्यूआई में इस बड़ी गिरावट की वजह दिवाली पर चले पटाखों को मानते हैं. हालांकि वे चेताते हैं कि सिर्फ़ पटाखे ही प्रदूषण का कारण नहीं हैं.
वरिष्ठ पत्रकार और पर्यावरण समूह वॉरियर मॉम्स की संस्थापक भवरीन कंधारी कहती हैं, "दिवाली पर चले पटाखे अचानक प्रदूषण का स्तर बढ़ा देते हैं. इस बार अच्छा ये रहा कि हवा चली नहीं तो हालात और भी मुश्किल हो सकते थे. यदि दिवाली जून-जुलाई में भी मनाई जाए, प्रदूषण तब भी होगा बस फर्क इतना होगा कि उन महीनों में हवा चलती है और प्रदूषक तत्व 24 से 48 घंटों में ही फैल जाएंगे, लेकिन सर्दियों में दिल्ली में ऐसे हालात बनते हैं कि प्रदूषक हवा में फंस जाते हैं."
भवरीन कहती हैं, "इस वक्त दिल्ली के स्थानीय प्रदूषण के स्रोत सबसे महत्वपूर्ण हैं. इन पर साल भर काम करने की ज़रूरत है. आप दो, तीन या चार हफ्ते के लिए प्रतिबंध लगाकर इस समस्या का समाधान नहीं कर सकते."
प्रदूषण पर राजनीति
दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के साथ ही लोगों की मुश्किलें भी बढ़ रही हैं.
किसी को गले में ख़राश की शिकायत है तो किसी की आंखों में जलन हो रही है. सड़कों पर धुंध की चादर है और हवा में सांस लेना मुश्किल हो रहा है.
लेकिन हर साल सर्दियों में दिल्ली की हवा ख़राब होने के साथ एक और सिलसिला शुरू हो जाता है. राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का.
इस बार भी दिल्ली में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और पड़ोसी राज्य पंजाब में सरकार चला रही आम आदमी पार्टी के बीच प्रदूषण को लेकर बयानबाज़ी हुई.
बीजेपी के नेता पंजाब में पराली जलाने को दिल्ली के प्रदूषण की एक बड़ी वजह बता रहे हैं, जबकि आम आदमी पार्टी का कहना है कि दिल्ली सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए पंजाब के किसानों को निशाना बना रही है.
इस राजनीतिक बहस के बीच सवाल यह है कि क्या दिल्ली के प्रदूषण के लिए पराली को अकेले ज़िम्मेदार ठहराया जा सकता है? पराली जलाने का दिल्ली की हवा पर कितना असर पड़ता है और क्या इस समस्या का समाधान कुछ हफ़्तों के प्रतिबंधों से संभव है?
दिल्ली के प्रदूषण और पराली से जुड़ा विवाद क्या है?
दिवाली के अगले दिन, सोमवार नौ नवंबर को दिल्ली के श्रम मंत्री और बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में अचानक बढ़ोतरी को लेकर सवाल उठाए.
उन्होंने दावा किया कि पांच से सात नवंबर के बीच पंजाब में पराली जलाने की घटनाएं रोज़ाना करीब 100 से 125 थीं, लेकिन आठ नवंबर यानी दिवाली के दिन इनकी संख्या बढ़कर लगभग 1,200 हो गई.
कपिल मिश्रा ने कहा कि उन्हें पंजाब के कुछ किसानों के फोन आए थे. इन किसानों का दावा था कि जब वे दिवाली मनाने के लिए अपने घरों में थे, तब कुछ लोग उनके खेतों में आग लगा रहे थे.
उन्होंने कहा, "सात नवंबर को लगभग 125 जगहों पर पराली जलाने की घटनाएं दर्ज हुई थीं. दिवाली के दिन यह संख्या अचानक 1,200 कैसे हो गई? यह आंकड़ा दस गुना से ज़्यादा कैसे बढ़ गया?"
कपिल मिश्रा ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से इन घटनाओं की जांच कराने और ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करने की मांग की.
कपिल मिश्रा ने संबंधित इलाक़ों के आम आदमी पार्टी के नेताओं के फ़ोन रिकॉर्ड की जांच करने की भी मांग की.
मिश्रा ने इसे किसानों, दिवाली, दिल्ली और पंजाब के ख़िलाफ़ साज़िश बताया.
हालांकि, खेतों में जानबूझकर आग लगाए जाने का उनका आरोप अभी सिर्फ़ एक दावा है, जिसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
बीजेपी के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने भी पंजाब में पराली जलाने को दिल्ली के प्रदूषण से जोड़ते हुए आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाए.
उन्होंने इसे एक सोची-समझी साज़िश बताया और कहा कि पंजाब की सरकार दिल्ली में प्रदूषण बढ़ाने के लिए पराली जलने दे रही है.
आम आदमी पार्टी ने इन आरोपों को सिरे से ख़ारिज किया है.
पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली सरकार पटाखों से होने वाले प्रदूषण की ज़िम्मेदारी से बचने के लिए किसानों को निशाना बना रही है.
उन्होंने केंद्र सरकार की सफर (एसएएफ़एआर) वेबसाइट के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि दिवाली से एक दिन पहले दिल्ली के प्रदूषण में पराली का योगदान पांच फ़ीसदी था और दिवाली के दिन यह शून्य था. हालांकि ये वेबसाइट ये लेख लिखे जाने के समय उपलब्ध नहीं थी.
सौरभ भारद्वाज ने कहा, "पराली का धुआं हवाई जहाज़ से नहीं आता. वह हवा की गति से पहुंचता है. उसे दिल्ली पहुंचने में कम से कम दो-तीन दिन लगते हैं. अगर दिवाली वाले दिन पंजाब में पराली जली भी होगी तो उस दिन हवाएं पाकिस्तान की तरफ़ जा रही थीं."
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार पटाखों को बचाने के लिए किसानों को बलि का बकरा बना रही है.
आम आदमी पार्टी के पंजाब में मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने भी बीजेपी पर पंजाब के किसानों को बदनाम करने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा कि धान की कटाई शुरू होने से पहले ही बीजेपी के नेता दिल्ली के प्रदूषण के लिए पंजाब को ज़िम्मेदार ठहराने लगे थे.
क्या पराली से प्रदूषित होती है दिल्ली?
शोधकर्ताओं का दावा है कि पराली जलाने से निकलने वाला धुआं दिल्ली की हवा को ख़राब करने वाले प्रदूषकों में शामिल है.
लेकिन इसका योगदान हर दिन एक जैसा नहीं होता. यह इस बात पर निर्भर करता है कि कितनी पराली जलाई जा रही है, हवा किस दिशा में बह रही है और मौसम की परिस्थितियां कैसी हैं.
भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) और दूसरे संस्थानों के शोधकर्ताओं ने 2023 में हेलियोन जर्नल में एक अध्ययन प्रकाशित किया था.
इस अध्ययन में साल 2021 के दौरान पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने की घटनाओं और दिल्ली की हवा पर उनके असर का विश्लेषण किया गया.
अध्ययन के मुताबिक़, अक्तूबर और नवंबर 2021 के दौरान कुछ दिनों में दिल्ली के पीएम 2.5 प्रदूषण में पराली जलाने का योगदान 30 से 35 फ़ीसदी तक पहुंच गया था.
शोधकर्ताओं ने पाया कि पराली के धुएं का असर हवा की दिशा और गति पर निर्भर करता है. दिन के अलग-अलग समय में भी इसका योगदान बदल सकता है.
इस अध्ययन के मुताबिक़, पराली दिल्ली के प्रदूषण की एक अहम वजह हो सकती है, लेकिन हर दिन या हर प्रदूषण के स्तर के लिए इसे ज़िम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता.
केंद्र सरकार की संस्था वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की ओर से फरवरी 2026 में जारी विशेषज्ञों की रिपोर्ट भी प्रदूषण की बहुआयामी प्रकृति की ओर इशारा करती है.
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर 33 विशेषज्ञों के पैनल ने 2015 से 2025 के बीच हुए विभिन्न स्रोत-आकलन अध्ययनों का विश्लेषण किया था.
इस रिपोर्ट के मुताबिक़, सर्दियों में दिल्ली के पीएम 2.5 प्रदूषण में अलग-अलग स्रोतों का अनुमानित योगदान कुछ ऐसा था-
द्वितीयक कण (सेकेंडरी पार्टिकुलेट्स) 27 फ़ीसदी, परिवहन 23 फ़ीसदी, बायोमास जलाना 20 फ़ीसदी, धूल 15 फ़ीसदी, उद्योग और थर्मल पावर प्लांट 9 फ़ीसदी.
हालांकि, बायोमास जलाने में सिर्फ़ खेतों में पराली जलाना शामिल नहीं है. इसमें लकड़ी, कचरा और दूसरे जैविक पदार्थों का जलना भी शामिल हो सकता है.
इसी तरह द्वितीयक कण किसी एक स्रोत से सीधे नहीं निकलते, बल्कि परिवहन, उद्योग, बिजली संयंत्रों और बायोमास जलाने से निकलने वाली गैसों की रासायनिक प्रतिक्रिया से हवा में बनते हैं.
लेकिन इस बहस के बीच बड़ा सवाल ये है कि क्या पराली जलाने की घटनाएं हुई हैं और क्या इनका सीधा असर दिल्ली के प्रदूषण पर पड़ रहा है.
इंडियन एग्रीकल्चरल रिसर्च इंस्टीट्यूट के डेटा के मुताबिक़, 8 नवंबर को पंजाब में 1152 और हरियाणा में पराली जलाने 80 घटनाएं हुईं.
वहीं पत्रकार मनदीप पूनिया ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, "मैं मध्य हरियाणा में यात्रा कर रहा हूं, ये कृषि से जुड़ा इलाक़ा है, मुझे किसी भी खेत में आग लगी हुई दिखाई नहीं दे रही है, ये हैरान करने वाला है कि किसानों पर पराली जलाने के आरोप लगाए जा रहे हैं."
एक रिपोर्ट के मुताबिक़, पंजाब में खेतों में पराली जलाने की घटनाओं में 2020 के बाद से 95 फ़ीसदी तक की कमी आई है.
सर्दियों में दिल्ली की हवा में प्रदूषण क्यों फंस जाता है?
दिल्ली में सर्दियों के दौरान प्रदूषण बढ़ने की एक बड़ी वजह मौसम की परिस्थितियां भी हैं.
ठंड के मौसम में हवा की रफ्तार कम हो जाती है. वातावरण में तापमान के पलटने यानी टेम्परेचर इन्वर्जन की स्थिति बन सकती है. ऐसी स्थिति में प्रदूषक हवा में ऊपर फैलने के बजाय ज़मीन के नज़दीक जमा रहते हैं.
दिल्ली में गाड़ियों से निकलने वाला धुआं, निर्माण गतिविधियों से उड़ने वाली धूल, औद्योगिक उत्सर्जन और कचरा जलाने से होने वाला प्रदूषण इस दौरान हवा में जमा होता रहता है.
पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने से निकलने वाला धुआं भी अनुकूल हवा की दिशा और मौसम की परिस्थितियों में दिल्ली-एनसीआर तक पहुंच सकता है.
पर्यावरण कार्यकर्ता और क्लाइमेट जर्नलिस्ट भवरीन कंधारी का कहना है कि प्रदूषण को किसी एक स्रोत से जोड़कर देखना सही नहीं है.
वे कहती हैं, "यह कम ज़हर और ज़्यादा ज़हर की बहस नहीं है. यह पूरी तरह राजनीतिक ब्लेम गेम है. पराली हो, पटाखे हों या कोई और उत्सर्जन, प्रतिकूल मौसम में ये सभी प्रदूषक हवा में फंस जाते हैं."
उनके मुताबिक़, सर्दियों में मौसम की परिस्थितियां ऐसी हो जाती हैं कि प्रदूषण को फैलने का पर्याप्त मौका नहीं मिलता. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि दूसरे महीनों में दिल्ली की हवा साफ़ रहती है.
वह कहती हैं, "हम पूरे साल प्रदूषण से जूझ रहे हैं. फर्क सिर्फ़ इतना है कि जून-जुलाई में हवा चलती है और प्रदूषक 24 से 48 घंटे में फैल जाते हैं. सर्दियों में आप कोई गलती करने की स्थिति में नहीं हैं."
भवरीन कंधारी का कहना है कि प्रदूषण के सभी स्रोतों पर साल भर काम करने की ज़रूरत है, न कि केवल सर्दियों में कुछ हफ्तों के लिए प्रतिबंध लगाने की.
पटाखे और पराली, दोनों पर कार्रवाई क्यों ज़रूरी?
दिल्ली में दिवाली के बाद प्रदूषण बढ़ने की एक वजह बड़े पैमाने पर पटाखे जलाना भी रही.
सुप्रीम कोर्ट ने दिवाली के दौरान कुछ निर्धारित समय के लिए प्रमाणित कम प्रदूषण वाले पटाखे जलाने की अनुमति दी थी. इसके बावजूद दिल्ली के कई इलाक़ों में देर रात तक पटाखे जलाए जाने की ख़बरें आईं.
भवरीन कंधारी कहती हैं कि पटाखों से निकलने वाले प्रदूषकों को भी कम करके नहीं देखा जा सकता.
उनके मुताबिक़, "ग्रीन पटाखों को भी पूरी तरह ग्रीन नहीं कहा जा सकता. वे पारंपरिक पटाखों के मुक़ाबले उत्सर्जन में कुछ कमी करते हैं, लेकिन उनसे भी जहरीले प्रदूषक निकलते हैं."
वह सवाल उठाती हैं कि जब सरकार निर्माण कार्यों पर प्रतिबंध लगाकर मज़दूरों की आजीविका प्रभावित कर सकती है, तो प्रदूषण फैलाने वाले दूसरे स्रोतों पर साल भर कार्रवाई क्यों नहीं होती?
भवरीन कंधारी के मुताबिक़, सरकारें प्रदूषण के स्रोतों को रोकने के बजाय स्मॉग टावर, स्मॉग गन, स्प्रिंकलर और क्लाउड सीडिंग जैसे उपायों पर ज़्यादा ध्यान देती हैं.
वह कहती हैं, "आप पहले प्रदूषण पैदा होने देते हैं और फिर उसे साफ़ करने की कोशिश करते हैं. लेकिन प्रदूषण के स्रोतों पर काम करना सबसे ज़रूरी है. यह ऐसा काम है जो दिखाई नहीं देता, इसलिए सरकारों को इसमें उतनी दिलचस्पी नहीं होती."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.