कुलगाम में सीआरपीएफ़ टीम पर हमले के बाद दूसरे दिन भी तलाशी अभियान जारी, अब तक क्या पता है

जम्मू-कश्मीर
इमेज कैप्शन, चश्मदीदों के मुताबिक़ हमले वाली जगह को घेर लिया गया है
    • Author, जहांगीर अली
    • पदनाम, बीबीसी न्यूज़ हिन्दी, श्रीनगर
  • प्रकाशित
  • पढ़ने का समय: 6 मिनट

दक्षिण कश्मीर के कुलगाम ज़िले में सीआरपीएफ़ की एक टीम पर हुए हमले के बाद शुरू किया गया घेराबंदी और तलाशी अभियान गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा.

कुलगाम के मीर बाज़ार इलाके के पास बुधवार दोपहर करीब सवा दो बजे हुए इस हमले में सीआरपीएफ़ के तीन जवान- हेड कॉन्स्टेबल सोनबीर सिंह और कॉन्स्टेबल संतनो चंद्रा और राकेश दास- घायल हो गए थे. अधिकारियों ने बताया कि तीनों अब ख़तरे से बाहर हैं.

चश्मदीदों ने बताया कि हमले वाली जगह को घेर लिया गया है. गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और अलग-अलग एजेंसियों के अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक टीमों को भी इलाके में देखा गया.

कुलगाम के एसएसपी अनायत अली चौधरी ने उन ख़बरों को ख़ारिज कर दिया, जिनमें दावा किया गया था कि हमला बाइक सवार हमलावरों ने किया था.

उन्होंने बीबीसी से कहा, "जो ख़बर चल रही है, वह ग़लत है."

फ़ायरिंग करने वाले हमलावरों की संख्या के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल सकी.

एक सूत्र ने बताया कि जांचकर्ताओं को शक है कि मुख्य हमलावर ने फिरन पहन रखा था. कश्मीर में सर्दियों के दौरान लोग ठंड से बचने के लिए सामान्य कपड़ों के ऊपर फिरन पहनते हैं.

हालांकि, एसएसपी चौधरी ने न तो इसकी पुष्टि की और न ही इससे इनकार किया.

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक़, भारी हथियारों से लैस दो चरमपंथी इलाके के पास पेड़ों के घने झुरमुट से बाहर आए और सीआरपीएफ़ के जवानों पर गोलीबारी की. इसके बाद वे जंगल की ओर भाग गए.

'गोलियों की आवाज़ से पूरा इलाका गूंज उठा'

जम्मू-कश्मीर
इमेज कैप्शन, हमले का एक वीडियो इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हुआ है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है
छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

हमले के बाद जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

यह हमला नेशनल हाईवे-44 पर हुआ. यह एक महत्वपूर्ण मार्ग है, जिसका इस्तेमाल सुरक्षाबल कश्मीर, लद्दाख और जम्मू के बीच आने-जाने के लिए करते हैं.

हमले वाली जगह के पास मीर बाज़ार इलाके के एक दुकानदार ने नाम न बताने की शर्त पर बीबीसी को बताया कि उसने पहले चीखने की आवाज़ें सुनीं और फिर कुछ लोगों को जान बचाने के लिए भागते देखा.

उसने कहा, "गोलियों की आवाज़ से पूरा इलाका गूंज उठा. मैंने अपनी दुकान बंद की और घबराकर भाग गया."

हमले का एक वीडियो इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हुआ, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.

इसके एक क्लिप में कम से कम दो वर्दीधारी लोगों को गोलियों की आवाज़ के बीच भागकर सुरक्षित जगह की ओर जाते देखा जा सकता है.

इस दौरान पीछे कुछ लोगों के चीखने की आवाज़ें भी सुनाई देती हैं.

अनंतनाग के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. बिलाल मुशर्रफ बांडे ने बताया कि सीआरपीएफ़ के तीन जवानों को अस्पताल लाया गया था.

उन्होंने बीबीसी से कहा, "तीनों की हालत स्थिर है. हालांकि, अधिकारियों के अनुरोध पर इनमें से एक जवान को श्रीनगर स्थित सेना के बेस अस्पताल भेजा गया है."

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने क्या कहा

मनोज सिन्हा
इमेज कैप्शन, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए बैठक की है (फ़ाइल फ़ोटो)

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने श्रीनगर के सेना अस्पताल का दौरा किया और कहा कि हमले के दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा.

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए लोक भवन में एक बैठक भी की.

सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मैं आतंक की इस कायराना हरकत की कड़ी निंदा करता हूं और लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि इसके ज़िम्मेदार लोगों का पता लगाकर उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा. सुरक्षाबलों को आतंकवादियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की पूरी छूट दी गई है."

हमले की सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ़्रेंस, विपक्षी भारतीय जनता पार्टी और अन्य नेताओं ने भी निंदा की है.

हमलावरों को पकड़ने के लिए सेना, सीआरपीएफ़ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की कई संयुक्त टीमों ने हमले वाली जगह से सटे इलाक़ों में तलाशी अभियान शुरू किया.

एक सूत्र ने बताया कि गुरुवार को लगातार दूसरे दिन घेराबंदी वाले इन इलाक़ों में सुरक्षाबलों ने दर्जनों लोगों से पूछताछ की.

कुलगाम में कुछ जगहों पर चेकपॉइंट बनाए गए हैं, जहां सुरक्षाबलों ने सार्वजनिक परिवहन की गाड़ियों और निजी कारों को रोककर यात्रियों की तलाशी ली.

हालांकि, इस बार कश्मीर में बड़े पैमाने पर लोगों को हिरासत में नहीं लिया गया है, जैसा कि अतीत में ऐसे हमलों के बाद होता रहा है.

एक नए संगठन ने ली हमले की ज़िम्मेदारी

जम्मू-कश्मीर
इमेज कैप्शन, हमले के बाद तलाशी अभियान जोर-शोर से चल रहा है

'पसदारान-ए-हुर्रियत' नाम के एक नए संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स समेत अन्य माध्यमों पर सर्कुलेट एक बयान में इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है.

हालांकि,अधिकारियों ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है.

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि ऐसे नए संगठन पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे संगठनों के लिए मुखौटा संगठनों के रूप में काम करते हैं, ताकि जम्मू-कश्मीर में उनकी चरमपंथी गतिविधियां जारी रह सकें और अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान भटकाया जा सके.

किश्तवाड़ में दो विशेष पुलिस अफ़सरों के शव मिले

जम्मू-कश्मीर
इमेज कैप्शन, किश्तवाड़ ज़िले के दच्छन इलाके में दो स्पेशल पुलिस अफ़सरों के शव बरामद किए गए हैं

इस बीच, जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी किश्तवाड़ ज़िले के दच्छन इलाके में दो स्पेशल पुलिस अफ़सर लापता हो गए थे. गुरुवार सुबह उनके गोलियों से छलनी शव बरामद किए गए.

कुलगाम हमले के कुछ घंटे बाद हुई इस घटना की ज़िम्मेदारी अभी तक किसी चरमपंथी संगठन ने नहीं ली है.

जम्मू क्षेत्र के पहाड़ी किश्तवाड़ ज़िले में हाल के दिनों में चरमपंथी गतिविधियों में बढ़ोतरी देखी गई है.

इस साल जनवरी में ज़िले में हुई एक मुठभेड़ के दौरान सेना का एक जवान मारा गया था और कई अन्य घायल हुए थे.

इसके बाद फरवरी में सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के एक शीर्ष कमांडर समेत तीन संदिग्ध चरमपंथियों को मार दिया गया था.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.