आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
मेरी प्लास्टिक सर्जरी...बेतुकी बकवास: आयशा टाकिया
- Author, सुप्रिया सोगले
- पदनाम, मुंबई से, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
- प्रकाशित
'वॉन्टेड', 'टार्ज़न- द वंडर कार' और 'डोर' जैसी फ़िल्मों से अपनी पहचान बनाने वाली बॉलीवुड ऐक्ट्रेस आयशा टाकिया ने शायद कभी सोचा न हो कि उनके साथ ऐसा होगा.
पिछले दिनों आयशा की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई और कहा गया कि उन्होंने अपने चेहरे की प्लास्टिक सर्जरी कराई थी जो अब बिगड़ रही है.
आयशा ने उस तस्वीर से जुड़ी खबरों को सामने आकर खारिज किया है. आयशा ने उस बात को बेतुकी ख़बर कहा है.
2017 की शुरुआत में एक पब्लिक फ़ंक्शन से आई इस तस्वीर की वजह से आयशा टाकिया को ट्विटर पर ट्रोल्स का भी सामना करना पड़ा.
सोशल मीडिया
बीबीसी से रूबरू हुई आयाशा ने इन ख़बरों पर विराम लगाते हुए कहा, "जब ये ख़बरें आईं तब मैं परिवार के साथ गोआ में थी. हम सब इस ख़बर पर हँस रहे थे. यहां कोई बख्शा नहीं जाता. हर महीने हर दूसरा अभिनेता ट्रोल होता है. ये एकदम बेतुकी बात थी. जिन करीबी लोगो ने मुझे देखा था वो जानते थे कि ये बिलकुल बकवास बात है."
इस खबर ने जब सोशल मीडिया पर तूल पकड़ा तो आयशा ने अपने इंस्टाग्राम पर अपनी एक फोटो डालकर ट्रोल करने वालों को करारा जवाब दिया.
ट्रोल पर टिप्पणी करती हुई आयशा आगे कहती हैं, "जो अभिनेता देश-विदेश में इतना अच्छा काम कर रहे हैं, फिर भी उन्हें ट्रोल किया जा रहा है तो मुझे लगता है कि इन सब नकारात्मक चीज़ो पर ध्यान नहीं देना चाहिए."
प्लास्टिक सर्जरी
सोशल मीडिया के फ़ायदे पर आयशा ने माना कि अब अभिनेता अपने से जुड़ी अफ़वाह पर सफ़ाई दे सकते हैं जबकि पहले के अभिनेताओं को ऐसा मौका नहीं मिलता था.
आयशा से हमने पूछा गया कि क्या फ़िल्म इंडस्ट्री में सुंदर दिखने का दबाव इतना ज़्यादा है कि अभिनेत्रियां प्लास्टिक सर्जरी करवाती हैं और गोपनीयता रखती हैं?
इस पर जवाब देते हुए आयशा कहती हैं, "अब फ़िल्मों में मोहक दिखने से ज़्यादा परफॉरमेंस और कहानियाँ महत्वपूर्ण हैं."
समाजवादी पार्टी के नेता अबू आज़मी आयशा टाकिया के ससुर हैं, जो अक्सर महिलाओं के पहनावे और रूढ़िवादी टिप्पणियों के कारण विवादों में रहते हैं.
अबू आज़मी के सवाल पर
आयशा अपने ससुर अबू आज़मी के लिए कहती हैं, "वो मेरे ससुर हैं. मैं उनका आदर करती हूँ. हमारा परिवार बहुत बढ़िया है और हमेशा संपर्क में रहते हैं. लेकिन हर परिवार में हर सदस्य का अलग विचार होता है जो बिलकुल ठीक है. भले ही हमारी सोच नहीं मिलती पर हम एक दूसरे का सम्मान करते हैं और आपस में संपर्क रखते है और लोगो की बातों पर ध्यान नहीं देते."
माँ बनने के बाद आयशा टाकिया ने फ़िल्मों से गैप ले लिया था. अब उनका बेटा बड़ा हो गया है इसलिए अब वो फ़िल्मों में अभिनय के लिए वक़्त निकल पा रही हैं और जल्द ही बच्चों की फ़िल्म में नज़र आएंगी.
फिलहाल इस गैप में आयशा ने मानव तस्करी को लेकर जागरूकता बढ़ाने वाले "ज़िन्दगी ये ज़िन्दगी" म्यूजिक वीडियो में काम किया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)