आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
सोशल: दीपिका-रणवीर की शादी के ऐलान पर क्या कह रहे हैं उनके फ़ैंस
बॉलीवुड सितारे रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण ने रविवार को ट्विटर पर अपनी शादी का ऐलान किया है.
दीपिका पादुकोण ने अंग्रेजी और हिंदी भाषा में छपे हुए अपने शादी के कार्ड को ट्विटर और इंस्टाग्राम पर जारी किया है.
इसके बाद से सोशल मीडिया पर दोनों फ़िल्मी सितारों के फैन्स ने अपने अपने अंदाज में शुभकामनाएं देनी शुरू कर दीं.
इस कार्ड के मुताबिक़, रणवीर और दीपिका अगले महीने की 14 और 15 तारीख को शादी करने जा रहे हैं.
सोशल मीडिया से मिली बधाई
@indiantweeter हैंडल से ट्वीट करते हुए अंकित जैन ..'उफ्फ प्यार' लिखते हुए एक वीडियो शेयर करते हैं जिसमें दोनों फ़िल्मी सितारे आपस में मज़ाक़ करते हुए दिख रहे हैं.
वहीं, कुछ सोशल मीडिया यूज़र्स ने बड़े ही चुटीले अंदाज़ में रणवीर सिंह को शादी की बधाइयां दी हैं.
@sagarmehta777 ट्विटर हैंडल से सागर लिखते हैं कि तो अब किस क़िले को शादी के लिए बुक किया जा रहा है.
वहीं, फ़ेसबुक पर कुछ फ़ैंस ने मज़ाक़-मज़ाक़ में दीपिका पादुकोण से शादी के कपड़ों के लिए पैसे की मांग भी कर दी है.
फेसबुक यूज़र बाली कुमार कहते हैं, "इंविटेशन तो भेज दिया, अब फ़्लाइट टिकट और शॉपिंग के लिए पैसे भेजो तभी तो आ पाउंगा."
लकी सिंह लिखते हैं, "मेरे बचपन का क्रश अब फ़ाइनली पराया धन हो गया."
वहीं, रणवीर सिंह के फ़ेसबुक पेज पर राहुल झा कहते हैं कि रणवीर, बहुत-बहुत शुभकामनाएं लेकिन मैं शादी में तो नहीं आ पाउंगा क्योंकि सेल डाउन है और प्रेशर बहुत है.
प्रीतिश्री हज़रा कहती हैं, "सचमुच मेरी आंखों में आंसू आ रहे हैं, मैं इस दिन का बहुत दिनों से इंतज़ार कर रही थी. अब आख़िरकार ये हो रहा है."
ठाकुर बलदेव सिंह ट्विटर पर लिखते हैं, "रणवीर सिंह सोचते हुए - ये मेरी शादी का दिन है, मुझे ठीक से बिहेव करना चाहिए लेकिन रणवीर के अंदर से आवाज़ आती है - तू रणवीर सिंह है, सोफ़िस्टिकेशन तुम्हें शोभा नहीं देता."
फ़िल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की मानें तो दोनों के बीच 'गोलियों की रास लीला - रामलीला' फ़िल्म के दौरान प्यार पनपा.
इसके बाद रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण कई फ़िल्मों में एक साथ आ चुके हैं जो कि बॉक्स ऑफ़िस पर भी काफ़ी हिट रही हैं.
इन फ़िल्मों में बाजीराव मस्तानी और पद्मावत शामिल हैं.
बाजीराव मस्तानी में दोनों के बीच की कैमिस्ट्री को फिल्म समीक्षकों की ओर से काफ़ी तारीफ़ मिली थी.
ये भी पढ़ें
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)